यात्रा

फेमस टूरिस्ट स्पॉट्स के पास मौजूद अनजानी और खास जगहें, ट्रिप बनाएं और खास

Offbeat Travel Destinations: अगर आप बड़े पर्यटन स्थलों की हलचल से थोड़ा दूर शांति, प्रकृति और संस्कृति का मजा लेना चाहते हैं, तो इन हिडेन जेम्स को अपनी यात्रा में जरूर शामिल करें। यहां आपको भीड़ नहीं, बल्कि असली भारत की खूबसूरती और सुकून मिलेगा। परिवार के साथ या फिर सोलो ट्रिप पर जाने का आप प्लान कर सकते हैं।

Image

फेमस टूरिस्ट स्पॉट्स के पास मौजूद अनजानी और खास जगहें

Unexplored Travel Gems: भारत में घूमने की जगहों की कोई कमी नहीं है, लेकिन कभी-कभी हम चाहते हैं कि भीड़-भाड़ से दूर, थोड़ा सुकून और अलग अनुभव मिले। अगर आप भी ऐसा सोच रहे हैं, तो अकेले नहीं हैं। बड़े शहरों की हलचल से दूर, कुछ शांत और खूबसूरत जगहें आपको ताजगी, संस्कृति और नए अनुभव देती हैं। यहां जानते हैं कुछ ऐसे छिपे हुए रत्नों के बारे में, जो बड़े पर्यटन स्थलों के पास ही हैं।

जयपुर-मंडावा, राजस्थान: जयपुर के महलों और किलों की हलचल से दूर, मंडावा आपको इतिहास और कला के बीच शांति का अनुभव देता है। यहां की रंग-बिरंगी हवेलियाँ और मंडावा किला आपको ऐसा महसूस कराते हैं जैसे आप किसी जीवित संग्रहालय में घूम रहे हों। गलियों में घूमते हुए हर कोने में राजस्थानी संस्कृति की झलक मिलती है।

ऋषिकेश-चोपटा, उत्तराखंड: ऋषिकेश की हलचल से दूर, चोपटा एक शांत पहाड़ी गांव है। ठंडी और ताजगी भरी हवा, बर्फ से ढकी चोटियां, और प्राकृतिक सुंदरता आपको सुकून देती है। ये जगह ट्रैकिंग के लिए भी मशहूर है, क्योंकि यहीं से शुरू होती है तुंगनाथ की यात्रा, जो दुनिया के सबसे ऊंचे शिव मंदिर तक जाती है। रहने के लिए यहां आपको आसानी से होमस्टे मिल जाएंगे। मार्च से जून के बीच यहां जाने का आप प्लान कर सकते हैं।

मदुरै-कनाडुकाथन, तमिलनाडु: मदुरै के मंदिरों की हलचल से दूर, कनाडुकाथन एक शांत और ऐतिहासिक गाँव है। यहां की भव्य चेट्टियार हवेलियां और पारंपरिक भोजन आपको दक्षिण भारत के व्यापारिक इतिहास में घुमा देते हैं। अगर आप एतिहासिक कला और संस्कृति का अनुभव करना चाहते हैं, तो यह जगह परफेक्ट है।

गोवा-तर्करली, महाराष्ट्र: गोवा की भीड़ से दूर, तर्करली एक शांतिपूर्ण समुद्र तट वाला स्थल है। यहां की सफेद रेत और साफ पानी आपको सुकून देते हैं। यह जगह स्नॉर्कलिंग, डाइविंग और लंबी समुद्र तट की सैर के लिए आदर्श है। भीड़-भाड़ से दूर समुद्र का मजा लेना हो तो तर्करली बेस्ट ऑप्शन है। दोस्तों के साथ अगर आप सुकून के दो पल बिताना चाहते हैं तो ये जगह हर हाल में आपको अपनी लिस्ट में शामिल करना ही चाहिए।

ईटानगर-जीरो वैली, अरुणाचल प्रदेश: ईटानगर से थोड़ी दूर, ज़ीरो वैली हरे-भरे खेतों और पहाड़ियों से घिरी जगह है। यहां की अपातानी जनजाति की संस्कृति और उनके त्योहार आपको बिल्कुल अलग अनुभव देंगे। प्रकृति और लोकजीवन का सही संगम देखना हो तो यह जगह मिस ना करें।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article