यात्रा

मेघालय का रहस्यमयी नेशनल पार्क, जिसे कहते हैं Land of Spirits, जानें क्यों है इतना खास?

Meghalaya Tourist Places: मेघालय में स्थित बालपक्रम नेशनल पार्क आपकी ट्रैवल बकेटलिस्ट में शामिल हो सकता है। इसे 'आत्माओं की भूमि' कहा जाता है। जानिए इस रहस्यमयी जगह की पूरी कहानी।

Image

मेघालय का रहस्यमयी नेशनल पार्क (फोटो: AI)

Meghalaya Tourist Places: आज हम आपको ऐसी यूनीक ट्रैवल डेस्टिनेशन के बारे में बताने जा रहे हैं जहां प्रकृति के साथ रहस्य और लोककथाओं का भी अनोखा मेल आपको देखने को मिल जाएगा। हम बात कर रहे हैं मेघालय में स्थित बालपक्रम नेशनल पार्क (Balpakram National Park) की जो आपकी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल होना चाहिए। साउथ गारो हिल्स में बाघमारा से करीब 45 किलोमीटर दूर और बांग्लादेश सीमा के पास यह नेशनल पार्क स्थित है। 'लैंड ऑफ स्पिरिट्स' यानी 'आत्माओं की भूमि' नाम से मशहूर बालपक्रम नेशनल पार्क अपनी शानदार वादियों, गहरी घाटियों, दुर्लभ वन्यजीवों और गारो जनजाति की मान्यताओं के लिए दुनियाभर में फेमस है।

क्यों कहा जाता है 'आत्माओं की भूमि'?

यह नेशनल पार्क गारो जनजाति के लिए बेहद पवित्र स्थान है। स्थानीय लोगों का मानना है कि अच्छे लोगों की आत्माएं मृत्यु के बाद इसी जगह आती हैं। यही वजह है कि इस पार्क को 'आत्माओं की भूमि' कहा जाता है। यहां की कई पहाड़ियां, चट्टानें और घाटियां लोककथाओं और पौराणिक कहानियों से जुड़ी हुई हैं। लोकविश्वासों में दिलचस्पी रखने वाले पर्यटकों के लिए ये जगह किसी जन्नत से कम नहीं है।

प्रकृति ने खुलकर लुटाया है अपना खजाना

बालपक्रम नेशनल पार्क का नजारा किसी फिल्मी लोकेशन से कम नहीं है। यहां गहरी घाटियां, ऊंचे-ऊंचे पठार, चट्टानें, झरने और चूना पत्थर की प्राकृतिक गुफाएं आपका मन मोह लेंगी। इसकी खूबसूरती के चलते कई लोग इसकी तुलना भारत के ग्रैंड कैन्यन से भी करते हैं। सिमसांग और महादेव जैसी नदियां इस इलाके को और भी खूबसूरत बनाती हैं।

वन्यजीव प्रेमियों के लिए जन्नत

यहां हॉर्नबिल समेत कई खूबसूरत पक्षियों की आवाजें पूरे जंगल को जीवंत बना देती हैं। यह पार्क कई लुप्तप्राय वन्यजीवों का सुरक्षित घर भी है। इस नेशनल पार्क में घने जंगल, घास के मैदान और कई दुर्लभ औषधीय पौधे पाए जाते हैं। अगर किस्मत साथ दे तो यहां आपको एशियाई हाथी, बंगाल टाइगर, क्लाउडेड लेपर्ड, गोल्डन कैट, गौर (भारतीय बाइसन), हुलॉक गिब्बन, स्लो लोरिस और पिग-टेल्ड मकाक जैसे दुर्लभ जानवरों की झलक मिल सकती है।

क्यों करें इस जगह की सैर?

बालपक्रम उन जगहों में से है, जहां पहुंचकर सिर्फ खूबसूरत नजारे ही नहीं, बल्कि स्थानीय संस्कृति, रहस्यमयी कहानियां और प्रकृति की अनछुई दुनिया भी करीब से देखने का मौका मिलता है। अगर आप प्रकृति की गोद में कुछ शांत पल बिताना चाहते हैं, फोटोग्राफी का शौक रखते हैं या ऑफबीट डेस्टिनेशन एक्सप्लोर करना पसंद करते हैं, तो बालपक्रम नेशनल पार्क आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प है।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article