Luxury Train Travel: अगर आपको घूमने-फिरने के साथ ही नई जगहें देखने का शौक है, तो यह खबर आपके लिए काफी दिलचस्प है। दुनिया का मशहूर सिल्क रोड अब सिर्फ इतिहास की किताबों में नहीं रहा, बल्कि अब आप उस पर एकदम आरामदायक और लग्जरी ट्रेन में बैठकर सफर कर सकते हैं। यह कोई आम ट्रेन यात्रा नहीं है, बल्कि एक ऐसा अनुभव है जिसमें सफर भी मजा देता है और हर स्टेशन पर कुछ नया देखने को मिलता है।
क्यों खास है ये यात्रा
सिल्क रोड दरअसल एक पुराना व्यापार मार्ग था, जो चीन से लेकर मध्य एशिया और यूरोप तक जाता था। पहले के समय में इसी रास्ते से रेशम, मसाले, कपड़े और कई कीमती चीजें एक देश से दूसरे देश भेजी जाती थीं। लेकिन सिर्फ सामान ही नहीं, इस रास्ते से संस्कृति, कला और विचार भी एक जगह से दूसरी जगह फैलते थे। अब इसी ऐतिहासिक रास्ते को एक नए अंदाज में पेश किया गया है। 'द ग्रैंड सिल्क रोड बाय ट्रेन' नाम की यह लग्जरी ट्रेन यात्रा आपको पुराने इतिहास को करीब से देखने का मौका देती है, वो भी आराम और लग्जरी के साथ।
कहां से होती है यात्रा की शुरुआत
इस यात्रा की शुरुआत चीन की राजधानी बीजिंग से होती है। यहां से ट्रेन पहले शियान पहुंचती है, जो अपने मशहूर टेराकोटा वॉरियर्स (मिट्टी की सेना) के लिए जाना जाता है। यह जगह अपने आप में एक बहुत बड़ा ऐतिहासिक आकर्षण है। इसके बाद ट्रेन हॉटन की तरफ बढ़ती है, जहां आपको पुराने जमाने की रेशम और कालीन बनाने की कला देखने को मिलती है। यहां के लोग आज भी पारंपरिक तरीके से काम करते हैं, जिसे देखकर आपको पुराने समय का एहसास होगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: भारत में बढ़ रहा है Second City Tourism का ट्रेंड, जानें क्यों बदल रही है घूमने की सोच
रेगिस्तान, गुफाएं और खूबसूरत झीलों का सफर
आगे की यात्रा और भी दिलचस्प हो जाती है। डुन्हुआंग नाम की जगह पर प्राचीन गुफाएं हैं, जहां दीवारों पर बनी पेंटिंग्स हजारों साल पुरानी हैं। यहां का गोबी रेगिस्तान और ऊंट की सवारी इस सफर को और भी रोमांचक बना देती है। इसके बाद ट्रेन किर्गिस्तान की खूबसूरत लेक इस्सिक-कुल के पास रुकती है, जो पहाड़ों के बीच एक नीली झील की तरह दिखती है। यहां का नजारा इतना शांत और सुंदर होता है कि मन वहीं रुक जाने का करता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: ऊटी या दार्जिलिंग-2026 की गर्मी में कहां जाएं घूमने, कौन सी जगह है असली पहाड़ों की रानी
ट्रेन के अंदर का लग्जरी अनुभव
यह सिर्फ बाहर की यात्रा नहीं है, बल्कि ट्रेन के अंदर का अनुभव भी उतना ही शानदार है। गोल्डन ईगल जैसी लग्जरी ट्रेनों में बड़े और आरामदायक केबिन होते हैं, जहां आप आराम से बैठकर सफर का मजा ले सकते हैं। इसके साथ ही ट्रेन में एक शानदार बार लाउंज, स्वादिष्ट खाना और बेहतरीन सर्विस मिलती है। मतलब सफर के दौरान आपको किसी तरह की परेशानी नहीं होती, बल्कि हर पल एक प्रीमियम अनुभव मिलता है।
