यात्रा

Kasauni Hill Station: भारत का स्विटजरलैंड है ‘कौसानी’, प्रकृति की गोद में बसा है ये शानदार हिल स्टेशन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 31, 2023, 02:54 PM IST

Kasauni Tourism Guide: यदि आप अपना वीकेंड किसी शानदार जगह पर बिताना चाहते हैं तो हम आपको आज देवभूमि उत्तराखंड के ‘कौसानी’ के बारे में बताने जा रहे हैं। प्रकृति की गोद में बसा कौसानी की खूबसूरती आपको रोमांचित कर देगी।

Image

Kasauni Hill Station

Best Places to visit in Kasauni : गर्मी की छुट्टियां शुरू हो चुकी हैं। ऐसे में यदि आप कुछ दिन किसी शानदार, खूबसूरत और शांत जगह पर बिताना चाहते हैं तो उत्तराखंड का कौसानी आपके लिए एक परफेक्ट डेस्टिनेशन हो सकता है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने कौसानी को भारत का स्विट्जरलैंड कहा था। हिमालय की तलहटी में बसा कौसानी उत्तराखंड के कुमांयु क्षेत्र के बाघेश्वर जिले का हिस्सा है। कौसानी शहरी शोर-शराबे से दूर एक बेहद शांत जगह है। कौसानी में हिमालय की कुछ सबसे ऊंची चोटियां जैसे नंदा देवी और पंचचूली स्थित हैं, जहां से 300किमी. दूर तक का शानदार नजारा देखा जा सकता है। नवंबर से जनवरी तक कौसानी में भारी बर्फबारी होती है, जिससे कौसानी एक वंडरलैंड में बदल जाता है। सर्दी के मौसम में यहां आने वाले सैलानियों को कौसानी स्विटजरलैंड की याद दिलाता है। बर्फ से ढकी पहाड़ियां और यहां का सर्द मौसम आपको मंत्रमुग्ध कर देगा। यदि आप अपना वीकेंड घूमने के लिए प्लान कर रहे हैं तो कौसानी जाने के आपके पास एक नहीं बल्कि कई कारण हो सकते हैं।

दिल्ली से करीब

दिल्ली और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए कौसानी सबसे करीब और खूबसूरत डेस्टिनेशन्स में से एक है। उत्तराखंड के बाघेश्वर जिले में कौसानी की दिल्ली से दूरी मात्र 410किमी है। चीड़ के पेड़ों से घिरे कौसानी के जंगलों में घूमने पर आपको एक परम शांति का अनुभव होगा।

ट्रैकिंग के लिए स्वर्ग है ‘कौसानी’

प्रकृति प्रेमियों के लिए कौसानी एक स्वर्ग है। यहां पर आप झरनों और गुफाओं की सुंदरता का आनंद ले सकते हैं। कौसानी में ट्रेकिंग के शौकीन लोगों के लिए पिंडारी तक बेहद शानदार ट्रेक बनाया गया है जिस पर आप हिम तेंदुए, कस्तूरी हिरण और नीली भेड़ जैसे जानवरों को देख सकते हैं। कौसानी में आप कफनी ग्लेशियर, बैजनाथ मंदिर, पिन्नाथ, पिंडारी और सुंदरधुंगा ग्लेशियर जैसी जगहों पर एडवेंचरस ट्रेकिंग कर सकते हैं।

तारों के नीचे कैम्पेनिंग

यदि आप कैम्पेनिंग का शौक रखते हैं तो कौसानी आपके लिए परफेक्ट कैम्पेनिंग स्पॉट हो सकता है। जहां आप सभी बुनियादी सुविधाओं के साथ प्रकृति के बेहद करीब कैम्पेनिंग का मजा ले सकते हैं। यदि आप नेचर लवर हैं और तारों के नीचे खुले आसमान में बैठना, आकाश में उड़ते पक्षियों को देखना पसंद है तो कौसानी में कैम्पेनिंग कर आपका दिल खुश हो जाएगा। यहां पर ईको एडवेंचर, पदमपुरी और कलसी सबसे फेमस कैंप हैं।

चाय के बागान

यहां पर कौसानी टी एस्टेट करीब 208 एकड़ में फैला हुआ है। चाय का शौक रखने वाले लोगों के लिए कौसानी एक स्वर्ग के समान है। यहां से आप दार्जिलिंग की चाय को भी सस्ते दाम में खरीद सकते हैं। इसके साथ ही आप यहां पर चाय के कई अलग-अलग तरह के जायके को भी चख सकते हैं।

मंदिरों का करें दर्शन

कौसानी आने वाले लोगों को यहां के प्रसिद्ध और प्राचीन मंदिर अपनी ओर जरूर आकर्षित करते हैं। यहां के मुख्य मंदिरों में बैजनाथ मंदिर, कटारमल मंदिर और बागेश्वर मंदिर मुख्य रूप से शामिल हैं। गोमती नदी के तट पर बना बैजनाथ धाम मंदिर 12वीं शताब्दी का एक शानदार और बेहद प्राचीन मंदिर है। वहीं बागेश्वर मंदिर पर हर साल जनवरी में उत्तरायणी का मेला लगता है।

यात्रा का सबसे अच्छा समय

कौसानी की यात्रा करने के लिए गर्मी का समय सबसे अच्छा है, जब यहां मौसम सुहावना रहता है। जिससे आपको चिलचिलाती गर्मी से राहत मिल जाती है। लेकिन यदि आपको बर्फ देखनी है तो आपको यहां नवंबर से जनवरी के बीच यात्रा करनी होगी। कौसानी यात्रा का सबसे अच्छा समय अप्रैल से जून तक माना जाता है, जब यहां आपको 10 से 25डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान देखने को मिलेगा।

कैसे पहुंचें

दिल्ली से कौसानी के लिए सीधी बस सेवा उपलब्ध नहीं है। दिल्ली सो हल्द्वानी और फिर हल्द्वानी से कौसानी तक के लिए बस लेनी होती है। लगभग 10घंटे में आप दिल्ली से कौसानी बस द्वारा पहुंच सकते हैं। यदि आप ट्रेन से कौसानी जाना चाहते हैं तो आपको दिल्ली से हल्द्वानी के लिए ट्रेन फिर हल्द्वानी से कौसानी के लिए बस या टैक्सी लेनी होगी। ट्रेन से कौसानी पहुंचने में आपको लगभग 12 घंटे का समय लगेगा। कौसानी से सबसे निकट हवाई अड्डा पंतनगर है, जो कौसानी से 178किमी. दूर स्थित है। ये घरेलू हवाई अड्डा है जो दिल्ली से सीधे जुड़ा हुआ है। पंतनगर से कौसानी के लिए बस या टैक्सी का विकल्प चुना जा सकता है। दिल्ली से कौसानी पहुंचे के लिए लगभग 1घंटे का समय लगता है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article