दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा करने का आपके पास सुनहरा मौका है। आईआरसीटीसी (irctc package 2026) ने नया टूर पैकेज लॉन्च कर दिया है। इस टूर पैकेज का नाम- 'कर्नाटक भारत गौरव दक्षिण यात्रा' है। 6 दिन का ये टूर पैकेज है जिसमें कन्याकुमारी, तिरुवनंतपुरम, रामेश्वरम और मदुरै जैसे प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों के दर्शन आपको कराए जाएंगे। 7 जुलाई 2026 को यात्रा की शुरुआत सुबह बेलगावी रेलवे स्टेशन से होगी। यात्री अपने-अपने निर्धारित बोर्डिंग स्टेशन से ट्रेन में सवार होंगे। पूरे दिन ट्रेन में सफर रहेगा। यात्रियों को ट्रेन में ही दोपहर का भोजन, शाम की चाय और रात का खाना दिया जाएगा। रात ट्रेन में ही बिताई जाएगी।
दूसरा दिन: कन्याकुमारी में मां भगवती और विवेकानंद रॉक मेमोरियल के दर्शन
सुबह ट्रेन में चाय और नाश्ता मिलेगा। इसके बाद ट्रेन कन्याकुमारी पहुंचेगी। होटल में फ्रेश होने के बाद भगवती अम्मन मंदिर और विवेकानंद रॉक मेमोरियल के दर्शन कराए जाएंगे। शाम को पर्यटक अपनी सुविधा अनुसार समुद्र के किनारे खूबसूरत सूर्यास्त का नजारा भी देख सकते हैं। रात का खाना खाने के बाद होटल में ठहरने की व्यवस्था होगी।
तीसरा दिन: तिरुवनंतपुरम में श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर के दर्शन
सुबह जल्दी उठकर पर्यटक अपनी इच्छा से कन्याकुमारी का प्रसिद्ध सूर्योदय देख सकते हैं। नाश्ते के बाद ट्रेन से तिरुवनंतपुरम (कोचुवेली) के लिए रवाना होंगे। दोपहर का भोजन ट्रेन में मिलेगा। वहां पहुंचने के बाद विश्व प्रसिद्ध श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। रात का खाना ट्रेन में दिया जाएगा और उसी रात ट्रेन अगले पड़ाव के लिए रवाना हो जाएगी।
चौथा दिन: रामेश्वरम में भगवान शिव के पवित्र धाम के दर्शन
सुबह चाय और नाश्ते के बाद ट्रेन रामेश्वरम पहुंचेगी। होटल में फ्रेश होने और दोपहर के भोजन के बाद श्रद्धालु श्री रामनाथस्वामी मंदिर के दर्शन करेंगे। यह मंदिर भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक माना जाता है और हिंदुओं के सबसे पवित्र तीर्थों में शामिल है। रात का भोजन और ठहरने की व्यवस्था रामेश्वरम में होगी।
पांचवां दिन: मदुरै के प्रसिद्ध मीनाक्षी अम्मन मंदिर की यात्रा
सुबह नाश्ते के बाद ट्रेन मदुरै के लिए रवाना होगी। दोपहर का भोजन ट्रेन में मिलेगा। मदुरै पहुंचने के बाद श्रद्धालु दक्षिण भारत के सबसे प्रसिद्ध मंदिरों में से एक मीनाक्षी अम्मन मंदिर के दर्शन करेंगे। रात का भोजन ट्रेन में दिया जाएगा और इसके बाद ट्रेन वापसी यात्रा के लिए रवाना हो जाएगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: भारत में बढ़ रहा है Second City Tourism का ट्रेंड, जानें क्यों बदल रही है घूमने की सोच
छठा दिन: बेलगावी वापसी के साथ यात्रा का समापन
आखिरी दिन यात्रियों को ट्रेन में सुबह की चाय, नाश्ता और दोपहर का भोजन मिलेगा। इसके बाद सभी यात्री अपने-अपने निर्धारित रेलवे स्टेशन पर उतरेंगे। इसी के साथ यह आध्यात्मिक और यादगार दक्षिण भारत की यात्रा सुखद यादों के साथ समाप्त होगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: ऊटी या दार्जिलिंग-2026 की गर्मी में कहां जाएं घूमने, कौन सी जगह है असली पहाड़ों की रानी
पैकेज से जुड़ी अन्य जानकारी
खर्चे की बात करें तो प्रति व्यक्ति ₹15,000 रुपए खर्च करने होंगे। आईआरसीटीसी की वेबसाइट या फिर मोबाइल एप्प के माध्यम से आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। इस पैकेज का कोड SZKBG57 है। ज्यादा जानकारी के लिए आप आईआरसीटीसी की ऑफिशियल वेबसाइट पर या इन नंबरों पर- 9003140710,8595931290 संपर्क कर सकते हैं।
