यात्रा

अंडमान घूमने के लिए बेस्ट है यह डील, 5 दिन के है ट्रिप, जानें खर्चा

IRCTC Package: गर्मी की छुट्टियों में घूमने का प्लान कर रहे हैं तो इस बार कम बजट में अंडमान घूमने जा सकते हैं। आईआरसीटीसी ने शानदार टूर पैकेज लॉन्च किया है। 5 दिन का ये टूर पैकेज रहने वाला है।

Image

अंडमान घूमने के लिए बेस्ट डील

IRCTC Package: भारतीय रेलवे की सहायक कंपनी आईआरसीटीसी ने 'मैजिकल अंडमान हॉलिडे गोल्ड' नाम से 5 दिन का शानदार टूर पैकेज लॉन्च कर दिया है। इस पैकेज के तहत कम बजट में आपको अंडमान (Andaman package) घूमने का मौका मिल रहा है। 5 दिन की ये ट्रिप रहने वाली है। 21 मई 2026 को पोर्ट ब्लेयर एयरपोर्ट पहुंचने पर आईआरसीटीसी की टीम आपका स्वागत करेगी और होटल तक छोड़ देगी। थोड़ा फ्रेश होने के बाद आप जाएंगे खूबसूरत कॉर्बिन्स कोव बीच, जो नारियल के पेड़ों और शांत माहौल के लिए काफी मशहूर है। इसके बाद आपको ले जाया जाएगा ऐतिहासिक सेल्युलर जेल, जहां आजादी की लड़ाई से जुड़ी कई यादें देखने को मिलेंगी। शाम को यहां होने वाला लाइट एंड साउंड शो आपके दिल को छू जाएगा। रात में पोर्ट ब्लेयर के होटल में आराम करें।

दिन 2: हैवलॉक द्वीप और राधानगर बीच का मजा

सुबह जल्दी पैक्ड ब्रेकफास्ट के साथ फेरी से हैवलॉक द्वीप के लिए रवाना होंगे। समुद्र के रास्ते करीब 2 घंटे का सफर बेहद शानदार रहेगा। पहुंचने के बाद सबसे पहले काला पत्थर बीच घुमाया जाएगा, फिर होटल में चेक-इन करेंगे। दोपहर में दुनिया के सबसे खूबसूरत बीचों में शामिल राधानगर बीच का आनंद लें। यहां का साफ नीला पानी और सफेद रेत आपका दिल जीत लेगी। रात को हैवलॉक के होटल या रिजॉर्ट में ठहरेंगे।

दिन 3: नील आइलैंड की खूबसूरती

नाश्ते के बाद क्रूज से नील आइलैंड के लिए निकलेंगे। होटल में चेक-इन करने के बाद यहां के मशहूर भारतपुर बीच, प्राकृतिक रूप से बना शानदार नेचुरल ब्रिज और खूबसूरत सनसेट पॉइंट लक्ष्मणपुर बीच घूमने जाएंगे। शाम का सूर्यास्त यहां बेहद यादगार लगता है। रात को रिजॉर्ट में डिनर और आराम।

दिन 4: सीतापुर बीच और वापसी

सुबह नाश्ते के बाद होटल से चेक-आउट करेंगे और खूबसूरत सीतापुर बीच घूमने जाएंगे, जो अपनी शांति और सूर्योदय के लिए जाना जाता है। इसके बाद दोपहर में फेरी से वापस पोर्ट ब्लेयर लौटेंगे। रात में पोर्ट ब्लेयर के होटल में ठहरेंगे।

दिन 5: अंडमान को अलविदा

सुबह का समय पैकिंग और अपनी मर्जी से बिताने के लिए फ्री रहेगा। इसके बाद आपको एयरपोर्ट छोड़ा जाएगा, जहां से आप अपनी खूबसूरत एंडमान ट्रिप की यादों के साथ घर लौटेंगे।

पैकेज से जुड़ी अन्य डिटेल और खर्चा

अगर आप सिंगल शेयरिंग में ये ट्रिप करते हैं तो इसके लिए आपको 43160 रुपए खर्च करने होंगे। डबल शेयरिंग में प्रति व्यक्ति किराया 26250 वहीं ट्रिपल शेयरिंग में प्रति व्यक्ति किराया 23760 रुपए रखा गया है। 5 से 11 साल तक के बच्चे के लिए किराया 15850 रुपए तय किया गया है। इस पैकेज का कोड EHH140 है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट या फिर मोबाइल एप्प के माध्यम से आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। ज्यादा जानकारी के लिए आप इन नंबरों- 6290861577, 85959 04074 पर संपर्क कर सकते हैं।

prabhat sharma
प्रभात शर्मा author

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–... और देखें

End of Article