Chorao Island In Goa: गोवा की राजधानी पंजिम से सिर्फ 11 किलोमीटर की दूरी पर स्थित Chorao Island खूबसूरती और आश्चर्य से भरी हुई एक अनोखी जगह है। शहर की भागम-भाग से दूर ये जगह सुकून देने वाली है जो इसके आकर्षण का मुख्य केंद्र है। भले ही यह द्वीप चहल-पहल वाले पंजिम के बहुत करीब हो बावजूद इसके चोराओ ने अपने आसपास के शांत माहौल को बनाए रखा है।
अगर आप सैर-सपाटे के बिना नहीं रह सकते तो आपके लिए चोराओ द्वीप सबसे बढ़िया जगह है। प्राकृतिक सुंदरता, जीवंत वन्यजीवन, पारंपरिक गोवा की जड़ें और जीवन की धीमी गति का शानदार मिश्रण चोराओ द्वीप को अद्वितीय और लोकप्रिय बनाने वाली अहम बातें हैं।
यहां पहुंचने का कोई सीधा रास्ता नहीं है। रीबंदर से फेरी लेकर चोराओ द्वीप पहुंचा जाता है। फेरी की सवारी बहुत सरल लेकिन, रोमांच से भरी हुई होती है। अगर आपके पास चार पहिया वाहन है, तो आपको केवल वाहन के लिए 10 रुपये का भुगतान करना होगा। लोगों और दोपहिया वाहनों के लिए फेरी की सवारी फ्री है।
मंजिल से ज्यादा आप सफर का मजा ले सकते हैं। मंडोवी नदी पर 10 मिनट की फेरी की सवारी आपको हरे-भरे मैंग्रोव से होकर ले जाती है जो अपने आप में मंत्रमुग्ध करने वाला नजारा होता है। हालांकि, फिर भी असली मजा तब शुरू होता है जब आप फेरी प्वाइंट के मुहाने पर ही बहुत प्रसिद्ध सलीम अली पक्षी अभयारण्य का प्रवेश द्वार तक पहुंचते हैं। कुल मिलाकर चोराओ द्वीप की यात्रा आपके लिए रोमांच से भरी हुई रहने वाली है जिसे लाइफ में कम से कम एक बार आपको जरूर अनुभव करना चाहिए।
