यात्रा

ऋषिकेश में राफ्टिंग का रोमांच फिर शुरू, घूमने का परफेक्ट मौका, आ गया बैग पैक करने का टाइम

Rishikesh Rafting: ट्रैवलर्स और एडवेंचर लवर्स की चाह रखने वाले पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। ऋषिकेश में फिर से गंगा की लहरों से खेलने और प्राकृतिक रोमांच का अनुभव अब आप ले सकेंगे। ऋषिकेश रिवर राफ्टिंग फिर से शुरू हो चुकी है ऐसे में आप वहां जाने का प्लान कर सकते हैं। रिवर राफ्टिंग से जुड़ी छोटी से छोटी जानकारी को यहां डिटेल में बताया गया है।

Image

Rishikesh Rafting (photo: pinterest)

Rishikesh Tourism: ऋषिकेश ट्रिप प्लान कर रहे पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। स्थानीय प्रशासन से हरी झंडी मिलने के बाद 27 सितंबर यानी आज से गंगा में रिवर राफ्टिंग की फिर से शुरुआत हो चुकी है। ऐसे में आप भी रोमांच और एडवेंचर की तलाश में ऋषिकेश का रुख कर सकते हैं। मालूम हो कि भारी बारिश के चलते यहां राफ्टिंग करीब ढाई महीने से बंद थी। गंगा का जलस्तर काफी बढ़ गया था जिसके चलते सुरक्षा कारणों से यह फैसला लिया गया था।

अब जब बरसात थम गई है और गंगा का जलस्तर सामान्य हो गया है, तो यह फैसला लिया गया। पर्यटन विभाग की एक तकनीकी टीम ने अनुभवी राफ्टिंग गाइड्स के साथ मरीन ड्राइव से मुनिकीरेती तक एक परीक्षण राफ्टिंग करने के बाद प्रशासन को रिपोर्ट सौंपी जिसमें यह पुष्टि की गई कि अब राफ्टिंग पूरी तरह सुरक्षित है।

सभी सुरक्षा मानकों की सफल जांच और प्रशासन की अनुमति के बाद ही ये फैसला लिया गया है। बता दें कि हर मौसम में, लाखों पर्यटक राफ्टिंग के लिए ऋषिकेश आते हैं, जिससे राज्य सरकार को करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। ऋषिकेश और उसके आसपास के कई परिवारों के लिए राफ्टिंग आजीविका का एक प्रमुख स्रोत भी है, जिनका जीवनयापन काफी हद तक इसी पर निर्भर है।

अगर आप ऋषिकेश जाकर राफ्टिंग का मजा लेना चाहते हैं तो जान लें कि गंगा नदी पर राफ्टिंग का रोमांच चार प्रमुख स्थानों- कोडियाला, मरीन ड्राइव, शिवपुरी और ब्रह्मपुरी से शुरू होता है। कोडियाला से लगभग 36 किलोमीटर (शुल्क ₹2000 प्रति व्यक्ति) की लंबी राफ्टिंग होती है। मरीन ड्राइव से 22 किलोमीटर (शुल्क ₹1500 प्रति व्यक्ति) की दूरी तय की जाती है। शिवपुरी से 18 किलोमीटर की राफ्टिंग के लिए 800रु से 1000रु तक का खर्चा आता है वहीं ब्रह्मपुरी से 9 किलोमीटर (शुल्क ₹600-750 प्रति व्यक्ति) की राफ्टिंग होती है।

ऋषिकेश के पास घूमने की जगह: ऋषिकेश की यात्रा के दौरान हिमालय की खूबसूरत पहाड़ियों के बीच बसे ऑफबीट ट्रैवल डेस्टिनेशन न्यू टेहरी को भी आपको जरूर एक्सप्लोर करना चाहिए। न्यू टेहरी को पुराने शहर के डूबने के बाद बसाया गया है जिसे टिहरी भी कहा जाता है। उत्तराखंड राज्य के टिहरी गढ़वाल में पड़ने वाली ये जगह प्राकृतिक सुंदरता, झीलें और पहाड़ी दृश्य के लिए जानी जाती है। ऋषिकेश से न्यू टेहरी की दूरी 72.4 किलोमीटर है। सड़क मार्ग से यात्रा कर रहे हैं तो NH34 मार्ग से यहां आसानी से पहुंचा जा सकता है।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article