अध्यात्म

Margashirsha Vrat Katha 2026 : इस कथा बिना अधूरा है अगहन महीने का महालक्ष्मी व्रत, यहां पढ़ें मार्गशीर्ष महीने की पूरी व्रत कथा

Margashirsha Vrat Katha 2026 : 25 नवंबर से मार्गशीर्ष महीने का आरंभ हो गय है। यह महीना बेहद ही खास माना जाता है। आइए जानते हैं कि इस महीने की कथा क्या है।

Image

मार्गशीर्ष माह की व्रत कथा

Margashirsha Vrat Katha 2026 : 25 नवंबर से मार्गशीर्ष माह का आरंभ हो गया है। यह महीना 23 दिसंबर तक रहने वाला है। मान्यता है कि मार्गशीर्ष यानी अगहन महीने में भगवान श्रीकृष्ण और भगवान विष्णु की पूजा के साथ माता लक्ष्मी की आराधना करना व्यक्ति को धनवान बनाता है। इस महीने में प्रत्येक गुरुवार को महालक्ष्मी व्रत और पूजा की जाती है। मान्यता है कि इस व्रत को करने से माता लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है और घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है। मार्गशीर्ष महीने में महालक्ष्मी व्रत बिना राजा भद्रश्रवा और उनकी पुत्री श्यामबाला की कथा को पढ़े या सुने अधूरा माना जाता है। आइए जानते हैं कि मार्गशीर्ष माह की कथा क्या है।

राजा भद्रश्रवा और रानी सुरतचंद्रिका की कथा

पौराणिक कथा के अनुसार, द्वापर युग में सौराष्ट्र देश में भद्रश्रवा नाम के एक पराक्रमी राजा शासन करते थे। उनकी पत्नी का नाम सुरतचंद्रिका था। रानी सुंदर और गुणवान थीं। राजा और रानी के सात पुत्र थे। इसके बाद उनके घर एक कन्या का जन्म हुआ, जिसका नाम श्यामबाला रखा गया।

एक बार माता महालक्ष्मी ने सोचा कि राजा भद्रश्रवा के महल में निवास किया जाए। उनके मन में विचार आया कि यदि वह राजमहल में रहेंगी तो राजा को और अधिक धन-संपत्ति मिलेगी। राजा उस संपत्ति से अपनी प्रजा को भी सुख-सुविधाएं दे सकेंगे। इसी विचार के साथ माता लक्ष्मी ने एक वृद्ध ब्राह्मण स्त्री का रूप धारण किया। हाथ में लाठी लेकर वह रानी सुरतचंद्रिका के महल पहुंचीं।

महल के द्वार पर एक दासी ने वृद्ध महिला को देखा और उनसे उनका परिचय पूछा। माता लक्ष्मी ने अपना नाम कमला और पति का नाम भुवनेश बताया। उन्होंने कहा कि वह द्वारिका से आई हैं और रानी को उनके पिछले जन्म की एक महत्वपूर्ण बात बताना चाहती हैं।

माता लक्ष्मी ने बताया रानी के पिछले जन्म का रहस्य

वृद्ध महिला के रूप में माता लक्ष्मी ने दासी को बताया कि रानी सुरतचंद्रिका पिछले जन्म में एक वैश्य की पत्नी थीं। उनका पति गरीब था और गरीबी के कारण घर में रोज झगड़े होते थे। पति उन्हें मारता-पीटता भी था। इन परिस्थितियों से परेशान होकर वह घर छोड़कर जंगल में चली गई थीं। वहां वह भूखी-प्यासी भटक रही थीं।

माता लक्ष्मी ने बताया कि उस समय उन्होंने उस स्त्री की परेशानी देखकर उसे महालक्ष्मी व्रत की कथा सुनाई थी। कथा सुनने के बाद उस स्त्री ने माता लक्ष्मी का व्रत किया। इससे प्रसन्न होकर देवी ने उसकी गरीबी दूर की और उसके घर में धन, संपत्ति तथा संतान का सुख आया। बाद में पति-पत्नी दोनों की मृत्यु हुई और महालक्ष्मी व्रत के प्रभाव से उन्हें लक्ष्मी लोक में स्थान मिला।

माता लक्ष्मी ने दासी को बताया कि उसी स्त्री का जन्म अब राजा भद्रश्रवा के घर रानी सुरतचंद्रिका के रूप में हुआ है, लेकिन वह पिछले जन्म में किए गए महालक्ष्मी व्रत को भूल चुकी हैं। उन्हें यही याद दिलाने के लिए माता लक्ष्मी वृद्ध महिला का रूप लेकर महल पहुंची हैं।

रानी ने माता लक्ष्मी का किया अपमान

दासी ने वृद्ध महिला से महालक्ष्मी व्रत की पूजा विधि पूछी। माता लक्ष्मी ने उसे व्रत का पूरा तरीका बताया। इसके बाद दासी रानी को जानकारी देने के लिए महल के भीतर गई। उसने रानी को वृद्ध महिला की बातें बताईं।

लेकिन राजमहल के वैभव और धन-संपत्ति के कारण रानी को अपने ऐश्वर्य का बहुत घमंड हो गया था। दासी की बात सुनकर वह क्रोधित हो गईं और महल के द्वार पर पहुंचकर वृद्ध महिला से कठोर शब्दों में बात करने लगीं। रानी को पता नहीं था कि उनके सामने स्वयं माता लक्ष्मी वृद्ध महिला का रूप धारण करके आई हैं।

रानी के इस व्यवहार से माता लक्ष्मी वहां से चली गईं। रास्ते में उन्हें राजकुमारी श्यामबाला मिलीं। माता लक्ष्मी ने उन्हें सारी बात बताई। श्यामबाला ने अपनी माता की ओर से क्षमा मांगी। उसकी विनम्रता देखकर माता लक्ष्मी प्रसन्न हुईं और उसे महालक्ष्मी व्रत की पूजा विधि समझाई।

श्यामबाला ने किया महालक्ष्मी व्रत, मिला सुख-समृद्धि का आशीर्वाद

कथा के अनुसार, उस दिन अगहन महीने का पहला गुरुवार था। श्यामबाला ने श्रद्धा के साथ माता लक्ष्मी का व्रत रखा और उनकी पूजा की। इसके बाद उसका विवाह राजा सिद्धेश्वर के पुत्र मालाधर से हुआ। विवाह के बाद श्यामबाला अपने ससुराल में सुख और संपन्नता के साथ रहने लगीं। उनके पास धन-दौलत और ऐश्वर्य की कमी नहीं रही।

दूसरी ओर माता लक्ष्मी के जाने के बाद राजा भद्रश्रवा के राज्य में परेशानियां बढ़ने लगीं। धीरे-धीरे उनका राजपाट और कारोबार नष्ट हो गया। राजा और रानी को खाने तक की परेशानी होने लगी। एक दिन रानी सुरतचंद्रिका ने राजा से कहा कि उनकी पुत्री श्यामबाला का विवाह एक संपन्न राजपरिवार में हुआ है। ऐसे में उन्हें बेटी के पास जाकर मदद मांगनी चाहिए।

राजा भद्रश्रवा अपनी पुत्री के नगर पहुंचे। वहां एक तालाब के पास आराम करने के लिए रुके। तालाब पर पानी लेने आई दासियों ने उन्हें पहचान लिया और राजकुमारी श्यामबाला को उनके आने की सूचना दी। श्यामबाला ने पिता के स्वागत के लिए राजसी वस्त्र और जरूरी सामान भिजवाया। उनका आदर-सत्कार किया और भोजन कराया।

जब राजा वापस जाने लगे तो श्यामबाला ने उन्हें सोने की मोहरों से भरा एक घड़ा दिया। राजा वह घड़ा लेकर अपने महल पहुंचे। रानी सुरतचंद्रिका ने खुशी-खुशी घड़े को खोला, लेकिन उसमें सोने की मोहरों की जगह कोयले भरे हुए थे। यह देखकर दोनों हैरान रह गए।

रानी ने भी किया महालक्ष्मी व्रत, वापस मिला खोया राजपाट

राजा और रानी की परेशानियां जारी रहीं। कुछ समय बाद रानी सुरतचंद्रिका स्वयं अपनी पुत्री श्यामबाला से मिलने पहुंचीं। उस दिन अगहन महीने का अंतिम गुरुवार था। श्यामबाला ने उस दिन माता लक्ष्मी का व्रत और पूजन किया। उसने अपनी मां से भी महालक्ष्मी व्रत कराया और उन्हें पूजा की विधि समझाई।

व्रत करने के बाद रानी सुरतचंद्रिका अपने महल लौट आईं। कथा के अनुसार, माता लक्ष्मी की पूजा करने के बाद उनके जीवन में फिर से सुख-समृद्धि लौट आई। राजा भद्रश्रवा को उनका राजपाट और खोया हुआ वैभव वापस मिल गया। उनका परिवार फिर से सुखपूर्वक जीवन बिताने लगा।

कुछ समय बाद राजकुमारी श्यामबाला अपने मायके पहुंचीं। इस बार रानी सुरतचंद्रिका को पुरानी घटना याद आ गई, जब उनकी बेटी ने पिता को सोने के बदले कोयले से भरा घड़ा दिया था। इसी बात से नाराज होकर उन्होंने बेटी का उचित स्वागत नहीं किया। श्यामबाला ने मां के व्यवहार का बुरा नहीं माना। जब वह अपने ससुराल लौटने लगीं तो मायके से थोड़ा-सा नमक अपने साथ ले लिया।

श्यामबाला ने पति को समझाया नमक का महत्व

जब श्यामबाला अपने घर पहुंचीं तो उनके पति ने पूछा कि वह मायके से क्या लेकर आई हैं। श्यामबाला ने जवाब दिया कि वह वहां से घर का सार लेकर आई हैं। पति ने पूछा कि इसका क्या अर्थ है। श्यामबाला ने उन्हें थोड़ा धैर्य रखने के लिए कहा।

उस दिन श्यामबाला ने घर में बिना नमक का भोजन बनाया और पति को परोसा। भोजन का स्वाद फीका था। इसके बाद उन्होंने उसी भोजन में मायके से लाया हुआ नमक मिलाया। नमक मिलते ही भोजन का स्वाद बदल गया। तब श्यामबाला ने अपने पति से कहा कि यही उनके मायके से लाया हुआ सार है। उनके पति ने श्यामबाला की बात समझ ली और दोनों हंसी-खुशी भोजन करने लगे।

इस कथा के अंत में बताया जाता है कि माता लक्ष्मी की पूजा और व्रत करने वाले भक्तों को देवी की कृपा प्राप्त होती है। धन, संपत्ति और सुख-समृद्धि की प्राप्ति के लिए महालक्ष्मी व्रत किया जाता है।

मार्गशीर्ष महालक्ष्मी व्रत की दूसरी कथा

एक अन्य कथा के अनुसार, एक गांव में गरीब ब्राह्मण रहता था। वह भगवान विष्णु का नियमित पूजन करता था। उसकी भक्ति से प्रसन्न होकर एक दिन भगवान विष्णु ने उसे दर्शन दिए और वरदान मांगने को कहा। ब्राह्मण ने उनसे अपने घर में माता लक्ष्मी का निवास होने का वरदान मांगा।

तब भगवान विष्णु ने उसे बताया कि मंदिर के सामने प्रतिदिन एक स्त्री आती है और वहां गोबर से उपले बनाती है। वही माता लक्ष्मी हैं। भगवान ने ब्राह्मण से कहा कि वह उस स्त्री को अपने घर आने का निमंत्रण दे। उनके घर आने से धन और धान्य की कमी दूर हो जाएगी।

अगले दिन ब्राह्मण सुबह ही मंदिर के बाहर जाकर बैठ गया। थोड़ी देर बाद वहां एक स्त्री उपले बनाने पहुंची। ब्राह्मण ने उनसे अपने घर आने का अनुरोध किया। माता लक्ष्मी समझ गईं कि भगवान विष्णु ने ही ब्राह्मण को उनके बारे में बताया है।

माता लक्ष्मी ने ब्राह्मण से कहा कि वह उसके घर जरूर आएंगी, लेकिन इसके लिए पहले उसे महालक्ष्मी व्रत करना होगा। उन्होंने बताया कि 16 दिनों तक व्रत और पूजा करनी होगी। सोलहवें दिन रात में चंद्रमा को अर्घ्य देना होगा। ब्राह्मण ने माता लक्ष्मी की बताई विधि के अनुसार व्रत किया और पूजा संपन्न की।

इसके बाद उसने उत्तर दिशा की ओर मुख करके माता लक्ष्मी को पुकारा। उसकी पूजा और व्रत से प्रसन्न होकर माता लक्ष्मी उसके घर पहुंचीं। इस कथा में 16 दिन के महालक्ष्मी व्रत और सोलहवें दिन चंद्रमा को अर्घ्य देने का विधान बताया गया है।

मार्गशीर्ष महालक्ष्मी व्रत कब और कैसे करें

मार्गशीर्ष महीने के पहले गुरुवार से महालक्ष्मी व्रत शुरू किया जा सकता है। इस व्रत को स्त्री और पुरुष दोनों कर सकते हैं। पूजा के लिए घर के मंदिर में माता लक्ष्मी की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें। सुबह स्नान के बाद स्वच्छ वस्त्र पहनकर पूजा स्थल पर बैठें और माता का स्मरण करते हुए व्रत का संकल्प लें।

माता लक्ष्मी को फूल, हल्दी, कुमकुम, अक्षत और फल अर्पित करें। घी का दीपक जलाएं और महालक्ष्मी मंत्र का जाप करें। इसके बाद मार्गशीर्ष महालक्ष्मी व्रत की कथा पढ़ें। रात में माता को भोग लगाकर परिवार के साथ भोजन करें। व्रत रखने वाले लोग दिन में दूध और फलाहार ले सकते हैं।

इस व्रत के एक विधान में लगातार आठ गुरुवार तक पूजा करने और आठवें गुरुवार को उद्यापन कर सकते हैं। उद्यापन के दिन आठ विवाहित महिलाओं या अविवाहित कन्याओं को आमंत्रित करके उन्हें आसन पर बैठाएं।

उनके माथे पर हल्दी-कुमकुम लगाएं और फल तथा प्रसाद दें। उन्हें महालक्ष्मी व्रत कथा की प्रति देकर प्रणाम करें। पुरुष भी इस व्रत को कर सकते हैं और पूजा में महिलाओं तथा कन्याओं को आमंत्रित कर सकते हैं। मार्गशीर्ष महीने के पहले गुरुवार से अंतिम गुरुवार तक व्रत करने का विधान भी बताया गया है। साल 2026 में मार्गशीर्ष महीने के गुरुवार 26 नवंबर, 3 दिसंबर, 10 दिसंबर और 17 दिसंबर को पड़ेंगे। इस अवधि में व्रत शुरू करने वाले लोग पहले गुरुवार से अंतिम गुरुवार तक पूजा कर सकते हैं। आठ गुरुवार वाला व्रत करने वाले लोग इसे आठ लगातार गुरुवार तक जारी रख सकते हैं।

महालक्ष्मी व्रत में इन बातों का रखें ध्यान

महालक्ष्मी व्रत के दिन पूजा और कथा को श्रद्धा के साथ पूरा करें। पूजा के दौरान माता लक्ष्मी को फल और प्रसाद अर्पित करें। व्रत करने वाले अपनी सामर्थ्य के अनुसार फलाहार और भोजन का नियम रखें। आठ गुरुवार का व्रत करने वाले आठवें गुरुवार को उद्यापन की पूजा करें। यदि किसी गुरुवार को किसी कारण पूजा में बाधा आ जाए तो दिए गए व्रत-विधान के अनुसार उस गुरुवार को व्रत की गिनती में शामिल न करें।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article