भारत सरकार देश करोड़ों किसानों को सशक्त बनाने और उन्हें आर्थिक मदद पहुंचाने के लिए पीएम किसान सम्मान निधि योजना चला रही है। इस योजना के तहत किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है। किसानों को यह आर्थिक मदद हर साल 2,000-2,000 रुपये की तीन किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजा जाता है। सरकार की तरफ से इस योजना के तहत 24 किस्त जारी की जा चुकी हैं और किसानों को अब 25वीं किस्त का इंतजार है। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि किस्त जारी होने के बाद भी कुछ किसानों के खाते में पैसा नहीं पहुंचता।
अगर आप भी उत्तर प्रदेश के किसान हैं और आपके खाते में किसान सम्मान निधि की 2,000 रुपये की किस्त नहीं आई है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। हो सकता है कि आपके दस्तावेजों में कोई कमी हो या फिर बैंक खाते से जुड़ी कोई समस्या हो। अच्छी बात यह है कि आप घर बैठे अपने मोबाइल से किसान सम्मान निधि का स्टेटस चेक कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसका पूरा आसान तरीका।
क्यों अटक जाती है पीएम किसान योजना की किस्त?
किसान सम्मान निधि का पैसा नहीं आने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। कई किसानों की ई-केवाईसी पूरी नहीं होती, तो कुछ किसानों के बैंक खाते में आधार लिंक नहीं होता। इसके अलावा जमीन से जुड़े रिकॉर्ड में गड़बड़ी होने पर भी किस्त रुक सकती है।
कई बार बैंक खाता बंद होने, निष्क्रिय होने या आधार का NPCI मैपर से लिंक नहीं होने की वजह से भी पैसा ट्रांसफर नहीं हो पाता। इसलिए सबसे पहले यह जानना जरूरी है कि आपकी किस्त आखिर किस वजह से रुकी है।
मोबाइल से ऐसे चेक करें किसान सम्मान निधि का स्टेटस
अगर आपके खाते में अभी तक 2,000 रुपये नहीं आए हैं, तो आप घर बैठे कुछ आसान स्टेप्स में अपना स्टेटस देख सकते हैं। इसके लिए आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है। बस आपके पास मोबाइल और इंटरनेट होना चाहिए।
- सबसे पहले पीएम किसान सम्मान निधि की आधिकारिक वेबसाइट https://pmkisan.gov.in/ पर जाएं।
- वेबसाइट खुलने के बाद Farmers Corner सेक्शन में जाएं।
- यहां आपको Know Your Status का विकल्प दिखाई देगा।
- इस विकल्प पर क्लिक करें।
- अब आपको अपना रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें।
- स्क्रीन पर दिया गया कैप्चा कोड भरें।
- इसके बाद जरूरी होने पर ओटीपी के जरिए वेरिफिकेशन पूरा करें।
- अब आपके सामने किसान सम्मान निधि से जुड़ी जानकारी आ जाएगी।
इसमें आप अपनी किस्त का स्टेटस, भुगतान से जुड़ी जानकारी और दूसरी जरूरी डिटेल देख सकते हैं। इससे पता चल जाएगा कि आपकी किस्त भेजी गई है या अभी किसी वजह से रुकी हुई है।
लाभार्थी लिस्ट में अपना नाम भी जरूर चेक करें
कई बार किसानों को पता ही नहीं चलता कि उनका नाम लाभार्थी सूची में है या नहीं। ऐसे में किसान सम्मान निधि की वेबसाइट पर जाकर गांव की लाभार्थी सूची भी देख सकते हैं। इसके लिए ये आसान स्टेप्स अपनाएं:
- सबसे पहले https://pmkisan.gov.in/ वेबसाइट खोलें।
- Farmers Corner में Beneficiary List के विकल्प पर क्लिक करें।
- अब अपना राज्य Uttar Pradesh चुनें।
- इसके बाद अपना जिला चुनें।
- फिर तहसील या सब-डिस्ट्रिक्ट और ब्लॉक का चयन करें।
- अब अपने गांव का नाम चुनें।
- Get Report पर क्लिक करें।
इसके बाद आपके गांव के लाभार्थियों की सूची खुल जाएगी। इसमें आप अपना नाम चेक कर सकते हैं। अगर आपका नाम सूची में नहीं है, तो अपनी पात्रता और रजिस्ट्रेशन की जानकारी संबंधित कृषि विभाग से जरूर पता करें।
किस्त अटकने पर कहां करें शिकायत?
अगर आपने ई-केवाईसी पूरी कर ली है, बैंक खाते में आधार भी लिंक है और जमीन का रिकॉर्ड भी सही है, फिर भी पैसा नहीं आया है, तो आप इसकी शिकायत कर सकते हैं। सके लिए पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर मौजूद Helpdesk - Query Form का इस्तेमाल कर सकते हैं। यहां अपनी समस्या दर्ज करके शिकायत भेज सकते हैं।
इसके अलावा आप अपने जिले के कृषि विभाग कार्यालय या नजदीकी CSC सेंटर पर भी संपर्क कर सकते हैं। किसान चाहें तो पीएम किसान पोर्टल पर उपलब्ध Kisan e-Mitra चैटबॉट की मदद से भी अपनी समस्या की जानकारी ले सकते हैं।
