UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले विपक्षी 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन के भीतर खींचतान और तनाव चरम पर पहुंच गया है। समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग (सीटों के बंटवारे) को लेकर आधिकारिक सहमति नहीं बन पाई थी, लेकिन इसी बीच सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 5 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। सपा द्वारा घोषित सीटों में पश्चिम यूपी की सहारनपुर जिले की बेहट और सहारनपुर ग्रामीण सीटें शामिल हैं, जिन पर कांग्रेस अपना मजबूत दावा ठोक रही थी। सपा के इस कदम से सहारनपुर से कांग्रेस के लोकसभा सांसद इमरान मसूद बेहद नाराज बताए जा रहे हैं और उन्होंने सीधे तौर पर सपा की नीयत पर सवाल उठाए हैं।
इमरान मसूद का तीखा हमला: "आप हमसे लड़ना चाहते हैं या बीजेपी से?"
सपा की पहली सूची आने के तुरंत बाद कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने पीटीआई से बातचीत में अखिलेश यादव की रणनीति और गंभीरता पर सवाल खड़े किए।
उन्होंने कहा कि यहां जो कुछ भी हो रहा है, उससे लगता है कि इस मामले में गंभीरता की कमी है। गंभीरता की कमी इसलिए है क्योंकि एक तरफ आप (समाजवादी पार्टी) बातचीत कर रहे हैं और दूसरी तरफ ऐलान कर रहे हैं, जो दर्शाता है कि इसे गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। बातें गंभीर माहौल में हो रही थीं, लोग साथ बैठकर गंभीर चर्चा कर रहे थे, लेकिन अचानक यह सब हो गया। अब हम अपनी पार्टी के भीतर चर्चा करेंगे कि हमें क्या करना चाहिए, क्या हमें बातचीत के लिए बैठना चाहिए या नहीं, क्योंकि इस स्थिति में क्या करना है इसका फैसला पार्टी करेगी। जब आपने मेरे खिलाफ ही यह घोषणा कर दी है, तो मुझे समझ नहीं आ रहा कि आप मुझसे, कांग्रेस से लड़ना चाहते हैं या बीजेपी से? यह तय करना ही पड़ेगा न कि आप बीजेपी से लड़ना चाहते हैं या हमसे? तो इस पर मैं और क्या कह सकता हूं?
सपा की पहली सूची के 5 उम्मीदवार
समाजवादी पार्टी ने जिन 5 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं, उनमें 4 मौजूदा विधायक शामिल हैं। सूची में बेहट (सहारनपुर) से उमर अली खान, सहारनपुर ग्रामीण (सहारनपुर) से आशु मलिक, कैराना (शामली) से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी को टिकट मिला है।
अखिलेश यादव की चिट्ठी: 'सीट नहीं, जीत के समीकरण पर विचार हो'
उम्मीदवारों के ऐलान से ठीक पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक खुला पत्र साझा किया था, जिसमें उन्होंने कांग्रेस को जीत के आधार पर सीट बंटवारे का फॉर्मूला समझाया था। अखिलेश ने लिखा कि उनकी कोशिश है कि जब 'इंडिया' गठबंधन के बड़े नेता बैठें तो सभी सीटों पर 'पीडीए प्रत्याशी' के रूप में बात हो। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां जितनी सीटों पर चुनाव लड़ें, उनमें जीतने वाली सीटों की संख्या हारने वाली सीटों से ज्यादा होनी चाहिए, क्योंकि जीती हुई सीट ही सम्मान दिलाती है। सपा ने कांग्रेस को 26 संभावित सीटों का प्रस्ताव दिया है और बाकी संभावित सीटों की सूची मांगी है ताकि दोनों दल मिलकर तय कर सकें कि किस सीट पर कौन सा उम्मीदवार जीतने की मजबूत स्थिति में है।
