WhatsApp अपने कॉलिंग फीचर को और ज्यादा आसान बनाने की तैयारी कर रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी एक नए Guest Calling Feature पर काम कर रही है। इसकी मदद से ऐसे लोग भी WhatsApp कॉल में शामिल हो सकेंगे, जिनके पास WhatsApp अकाउंट नहीं है। खास बात यह है कि इसके लिए उन्हें WhatsApp ऐप डाउनलोड करने या अकाउंट बनाने की जरूरत नहीं होगी।
बिना WhatsApp अकाउंट के भी कर सकेंगे कॉल ज्वाइन
फिलहाल WhatsApp कॉल में शामिल होने के लिए यूजर के पास WhatsApp अकाउंट और ऐप होना जरूरी है। नए Guest Call फीचर के आने के बाद यह नियम बदल सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, बिना अकाउंट वाले यूजर्स को एक सिक्योर कॉल लिंक भेजा जाएगा। वे इस लिंक को अपने वेब ब्राउजर में खोलकर सीधे कॉल में शामिल हो सकेंगे।
Calls टैब से बनाया जा सकेगा लिंक
WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp इस फीचर को अपने मौजूदा Guest Chat सिस्टम के आधार पर तैयार कर रहा है। नए फीचर में कॉल शुरू करने वाला होस्ट WhatsApp के Calls Tab से कॉल लिंक बना सकेगा। होस्ट को कॉल का प्रकार चुनने, लिंक जनरेट करने और उसे दूसरे लोगों के साथ शेयर करने का विकल्प मिलेगा। लिंक मिलने के बाद जिन लोगों के पास WhatsApp अकाउंट नहीं है, वे इसे वेब ब्राउजर में खोल सकेंगे। इसके बाद WhatsApp Web पर कॉल इंटरफेस खुल सकता है और यूजर गेस्ट के तौर पर बातचीत में शामिल हो सकेगा।
हर गेस्ट को होस्ट की मंजूरी जरूरी
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कॉल होस्ट के पास गेस्ट यूजर्स को नियंत्रित करने का विकल्प होगा। रिपोर्ट के मुताबिक, किसी भी गेस्ट को कॉल में शामिल होने से पहले होस्ट की मैनुअल मंजूरी जरूरी हो सकती है। होस्ट जरूरत के मुताबिक किसी प्रतिभागी को जोड़ या हटा सकेगा और पूरी कॉल को सभी लोगों के लिए समाप्त भी कर सकेगा।
End-to-End Encryption का मिलेगा सपोर्ट
आने वाले Guest Call फीचर में End-to-End Encryption का सपोर्ट भी मिलने की उम्मीद है। इससे बातचीत की प्राइवेसी और सुरक्षा को बनाए रखने में मदद मिलेगी। हालांकि, अभी यह फीचर डेवलपमेंट स्टेज में है और टेस्टिंग के लिए उपलब्ध नहीं कराया गया है। WhatsApp भविष्य के किसी अपडेट के जरिए इस फीचर को रोलआउट कर सकता है। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी Guest Calling फीचर की आधिकारिक लॉन्च डेट की घोषणा नहीं की गई है।
