टेक एंड गैजेट्स

WhatsApp का नया Sound Stickers फीचर, अब स्टिकर के साथ भेज सकेंगे अपनी आवाज

  • Agency by: Agency
  • Updated Nov 26, 2026, 08:46 AM IST

WhatsApp New Feature: इस फीचर का इस्तेमाल करना काफी आसान होगा। इसके लिए सबसे पहले WhatsApp पर किसी भी चैट को खोलना होगा। इसके बाद स्टिकर सेक्शन में जाकर Create Sticker का ऑप्शन चुनना होगा।

Image

वॉट्सऐप के नए फीचर से यूजर्स को मिलेगा नया एक्सपीरियंस। (फोटो क्रेडिट-Digit)

WhatsApp आज के समय में सबसे बड़ा इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म है। अपने करोड़ों यूजर्स को नया एक्सपीरियंस देने के लिए कंपनी समय-समय पर नए नए अपडेट्स लाती रहती है। WhatsApp अपने यूजर्स के चैटिंग एक्सपीरियंस को और मजेदार बनाने के लिए एक नया फीचर ला रहा है। इस फीचर की मदद से अब सिर्फ फोटो या वीडियो वाले स्टिकर ही नहीं, बल्कि आवाज वाले स्टिकर भी भेजे जा सकेंगे। यानी यूजर्स अपने पसंदीदा वीडियो को स्टिकर में बदलकर उसके साथ अपनी आवाज, कोई ऑडियो क्लिप या वीडियो की असली आवाज भी जोड़ पाएंगे। इस नए फीचर का नाम Sound Stickers रखा गया है।

कंपनी के अपडेट्स और अपमकिंग फीचर्स पर नजर रखने वाली वेबसाइट वाबेटाइंफो की तरफ से इस आने वाले नए फीचर की जानकारी शेयर की गई है। फिलहाल कंपनी इस फीचर को Android यूजर्स के लिए धीरे-धीरे जारी कर रही है। इसकी टेस्टिंग पहले WhatsApp के Android बीटा वर्जन 2.26.41.3 में देखने को मिली थी। अब रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीटा वर्जन 2.26.47.1 इस्तेमाल करने वाले कुछ यूजर्स को भी इसका एक्सेस मिलना शुरू हो गया है।

कैसे बना सकेंगे आवाज वाले स्टिकर?

इस फीचर का इस्तेमाल करना काफी आसान होगा। इसके लिए सबसे पहले WhatsApp पर किसी भी चैट को खोलना होगा। इसके बाद स्टिकर सेक्शन में जाकर Create Sticker का ऑप्शन चुनना होगा। अब फोन की गैलरी से अपनी पसंद का कोई वीडियो सिलेक्ट करना होगा। WhatsApp इस वीडियो को अपने आप एनिमेटेड स्टिकर में बदल देगा। इसके बाद एडिटिंग स्क्रीन पर Audio का नया बटन दिखाई देगा। इस पर टैप करके यूजर अपनी आवाज रिकॉर्ड कर सकते हैं या फोन में पहले से सेव कोई ऑडियो फाइल जोड़ सकते हैं।

अगर वीडियो में पहले से आवाज मौजूद है, तो उसे भी स्टिकर के साथ इस्तेमाल करने का विकल्प मिलेगा। इस तरह एक साधारण वीडियो को अपनी पसंद की आवाज के साथ मजेदार स्टिकर बनाया जा सकेगा।

स्टिकर के साथ आवाज कैसे सुनाई देगी?

जब कोई यूजर ऐसा स्टिकर किसी को भेजेगा, तो उसके ऊपर एक छोटा सा साउंड आइकन दिखाई देगा। इससे सामने वाले को समझ आ जाएगा कि इस स्टिकर के साथ ऑडियो भी जुड़ा हुआ है। हालांकि, WhatsApp इस आवाज को अपने आप प्ले नहीं करेगा। ऑडियो डिफॉल्ट रूप से म्यूट रहेगा। जिसे भी आवाज सुननी होगी, उसे साउंड आइकन पर टैप करना पड़ेगा। इससे चैट खोलते ही अचानक कोई आवाज बजने की परेशानी भी नहीं होगी।

प्राइवेसी का भी रखा गया है ध्यान

WhatsApp इस नए फीचर में यूजर्स की प्राइवेसी का भी ध्यान रख रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, Sound Stickers के साथ भेजे जाने वाले ऑडियो और स्टिकर को एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन की सुरक्षा मिलेगी। यानी बातचीत और उससे जुड़ा कंटेंट सुरक्षित रहेगा।

End of Article