टेक एंड गैजेट्स

WhatsApp में आया Lockdown फीचर, एक क्लिक में हो जाएगा काम, Pegasus से भी नहीं होगा हैक

Strict Account Settings को मुख्य रूप से उन लोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिन्हें हाई-लेवल साइबर हमलों का ज्यादा खतरा रहता है। इसमें पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता, एक्टिविस्ट और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोग शामिल हैं, जो अक्सर टारगेटेड निगरानी या हैकिंग के जोखिम में रहते हैं।

Image

WhatsApp Strict Account Settings/Photo- Meta

साइबर अटैक के बढ़ते खतरे को देखते हुए WhatsApp ने अपने यूजर्स के लिए एक नया सिक्योरिटी फीचर लॉन्च किया है। इस फीचर का नाम ‘Strict Account Settings’ रखा गया है, जो एक ही टैप में अकाउंट की सुरक्षा को पहले से कहीं ज्यादा मजबूत बना देता है।

एक टैप में एक्टिव होंगी कई सुरक्षा सेटिंग्स

WhatsApp का यह नया फीचर खास इसलिए है क्योंकि इसमें कई एडवांस्ड सिक्योरिटी विकल्पों को एक साथ जोड़ दिया गया है। यूजर को अलग-अलग सेटिंग्स में जाकर बदलाव करने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि एक ही टैप में सभी जरूरी सुरक्षा उपाय चालू हो जाएंगे।

किन यूजर्स के लिए है यह फीचर खास

कंपनी के अनुसार Strict Account Settings को मुख्य रूप से उन लोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिन्हें हाई-लेवल साइबर हमलों का ज्यादा खतरा रहता है। इसमें पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता, एक्टिविस्ट और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोग शामिल हैं, जो अक्सर टारगेटेड निगरानी या हैकिंग के जोखिम में रहते हैं।

फीचर ऑन होते ही क्या-क्या बदलेगा

इस सेटिंग को इनेबल करने के बाद अनजान नंबरों से आने वाले मीडिया फाइल्स और अटैचमेंट्स अपने आप ब्लॉक हो जाएंगे। इसके अलावा चैट में लिंक भेजे जाने पर दिखने वाले प्रीव्यू और थंबनेल भी बंद हो जाएंगे। साथ ही अनजान कॉन्टैक्ट्स से आने वाली कॉल्स साइलेंट कर दी जाएंगी।

साइबर हमलों के रास्ते किए जाएंगे बंद

WhatsApp का कहना है कि मीडिया फाइल्स, लिंक प्रीव्यू और अनजान कॉल्स को साइबर जासूसी और एडवांस अटैक्स के संभावित जरिया माना जाता है। इन्हें एक साथ कंट्रोल करके यूजर के अकाउंट को अतिरिक्त सुरक्षा दी जा सकती है।

पहले से मौजूद फीचर्स, अब आसान तरीके से

हालांकि ये सभी सिक्योरिटी विकल्प पहले से WhatsApp में अलग-अलग मौजूद थे, लेकिन यूज़र्स को इन्हें मैन्युअली ऑन करना पड़ता था। Strict Account Settings इन्हीं फीचर्स को एक साथ जोड़कर आसान और तेज बना देता है।

कैसे करें Strict Account Settings ऑन

इस फीचर को चालू करने के लिए यूजर्स को WhatsApp में Settings > Privacy > Advanced सेक्शन में जाना होगा। अगर यह विकल्प दिखाई नहीं दे रहा है, तो ऐप को लेटेस्ट वर्जन में अपडेट करना जरूरी है। इसके बावजूद अगर फीचर न दिखे, तो संभव है कि यह अभी आपके अकाउंट तक न पहुंचा हो, क्योंकि इसे धीरे-धीरे सभी यूजर्स के लिए रोलआउट किया जा रहा है।

Apple और Google भी दे चुके हैं ऐसे फीचर

WhatsApp से पहले Apple और Google भी इसी तरह के हाई-सिक्योरिटी फीचर्स पेश कर चुके हैं। Apple ने 2022 में Lockdown Mode लॉन्च किया था, जबकि Google के एंड्रॉयड प्लेटफॉर्म पर Advanced Protection Mode उपलब्ध कराया गया। इन सभी फीचर्स का मकसद सीमित लेकिन ज्यादा जोखिम वाले यूजर्स को मजबूत डिजिटल सुरक्षा देना है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article