वॉट्सऐप दुनियाभर में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप है। करीब 3.5 बिलियन से अधिक लोग अपने स्मार्टफोन में वॉट्सऐप का इस्तेमाल करते हैं। अब यह सिर्फ चैटिंग और वॉइस कॉलिंग के लिए ही नहीं रहा बल्कि यह एक मल्टी टास्किंग ऐप बन चुका है। अपने यूजर्स को नया एक्सपीरियंस देने के लिए कंपनी नए-नए अपडेट्स देती रहती है। अगर आपके पास आईफोन है तो वॉट्सऐप का नया अपडेट आपके काफी काम आने वाला है।
आपको बता दें कि वॉट्सऐप का नया पेड सब्सक्रिप्शन प्लान WhatsApp Plus जल्द ही सभी iOS यूजर्स के लिए रोलआउट होने वाला है। कंपनी ने अपने सपोर्ट पेज में इस बात की जानकारी दी है। WhatsApp Plus के जरिए वॉट्सऐप यूजर्स को ऐप में कई नए तरह के कस्टमाइजेशन और एक्स्ट्रा फीचर्स मिलेंगे। इसमें नए ऐप आइकॉन्स, कस्टम थीम्स, एक्सक्लूसिव स्टिकर्स, ज्यादा पिन चैट्स और एडवांस्ड चैट कस्टमाइजेशन जैसे फीचर्स शामिल होंगे।
Meta की तरफ से शेयर की गई जानकारी के मुताबिक फिलहाल इस नए फीचर को अभी सेलेक्टेड यूजर्स के साथ शेयर किया जा रहा है। शुरुआती बीटा टेस्टिंग के बाद इस फीचर को कुछ सीमित iPhone यूजर्स के साथ शेयर किया जा रहा है।
ऐसे यूजर्स के लिए है बेस्ट ऑप्शन
WhatsApp Plus एक ऐसा ऑप्शनल मंथली सब्सक्रिप्शन प्लान है, जो उन यूजर्स के लिए बनाया गया है जिन्हें ज्यादा कस्टमाइजेशन और नए इंटरफेस फीचर्स चाहिए। अच्छी बात यह है कि इस प्रीमियम प्लान का WhatsApp के सामान्य इस्तेमाल पर कोई असर नहीं पड़ता। यानी अगर आप इसका सब्सक्रिप्शन नहीं लेते, तब भी आप आसानी से चैट, कॉल और बाकी सभी सामान्य फीचर्स का इस्तेमाल पहले की तरह कर सकते हैं। यह फीचर खास तौर पर ऐप को अपनी पसंद के अनुसार कस्टमाइज करने और कुछ अतिरिक्त सुविधाएं देने पर केंद्रित है।
प्रीमियम प्लान के फायदे
प्रीमियम प्लान में 14 अलग-अलग तरह के ऐप आइकन भी मिलते हैं, जिनमें आउटलाइन वाले डिज़ाइन, ब्लैक-एंड-व्हाइट आइकन और सजावटी इफ़ेक्ट शामिल हैं। कहा जा रहा है कि WhatsApp Plus यूज़र्स को एनिमेटेड ओवरले इफेक्ट वाले खास स्टिकर पैक मिलेंगे। जब इन स्टिकर्स को चैट में शेयर किया जाता है, तो जो लोग सब्सक्राइबर नहीं हैं, वे भी इन्हें देख सकते हैं। अभी, WhatsApp यूजर्स को ज़्यादा से ज्यादा तीन चैट पिन करने की सुविधा देता है। WhatsApp Plus के साथ, सब्सक्राइबर कथित तौर पर चैट्स टैब के सबसे ऊपर 20 बातचीत तक पिन कर सकते हैं। सब्सक्राइबरों को बल्क चैट मैनेजमेंट टूल्स का एक्सेस भी मिल सकता है। उदाहरण के लिए, यूजर्स कथित तौर पर अपनी पूरी चैट लिस्ट पर एक ही चैट थीम, रिंगटोन या नोटिफिकेशन टोन लगा सकते हैं। प्रीमियम प्लान में 10 खास रिंगटोन भी शामिल होने की उम्मीद है, जिनमें Flutter, Tempo और Ripple जैसे विकल्प शामिल हैं।
