आज के समय में सोशल मीडिया अकाउंट सिर्फ चैटिंग या फोटो शेयर करने का माध्यम नहीं रह गया है। WhatsApp, Telegram और Instagram जैसे प्लेटफॉर्म पर लोगों की निजी बातचीत, फोटो, वीडियो और कई जरूरी जानकारियां मौजूद होती हैं। अगर इनमें से कोई अकाउंट हैक हो जाए तो निजी डेटा चोरी होने के साथ-साथ ठगी का खतरा भी बढ़ सकता है। ऐसे में तुरंत सही कदम उठाना बेहद जरूरी है।
सबसे पहले पहचानें कि अकाउंट हैक हुआ है या नहीं
कई बार यूजर को देर से पता चलता है कि उसका सोशल मीडिया अकाउंट किसी और के हाथ में चला गया है। बिना आपकी जानकारी के मैसेज भेजे जाना, प्रोफाइल में बदलाव, अनजान डिवाइस से लॉगिन अलर्ट आना या पासवर्ड बदल जाना। अगर ऐसा कुछ दिखाई दे तो इसका मतलब है कि आपका अकाउंट हैक हो चुका है। तुरंत अकाउंट को सुरक्षित करने की प्रक्रिया शुरू करें।
WhatsApp हैक होने पर क्या करें?
अगर किसी ने आपका WhatsApp अकाउंट एक्सेस कर लिया है तो सबसे पहले अपने नंबर से दोबारा WhatsApp में लॉगिन करें। नंबर डालने के बाद आए OTP से अकाउंट दोबारा एक्टिव किया जा सकता है। इससे दूसरे डिवाइस पर चल रहा अकाउंट लॉगआउट हो सकता है। इसके बाद WhatsApp की सेटिंग में जाकर Linked Devices चेक करें और किसी भी अनजान डिवाइस को तुरंत लॉगआउट करें। साथ ही WhatsApp में Two-Step Verification जरूर चालू करें, ताकि भविष्य में बिना PIN के कोई अकाउंट एक्सेस न कर सके
Telegram अकाउंट हैक होने पर उठाएं ये कदम
Telegram में भी सबसे पहले अपने नंबर से दोबारा लॉगिन करने की कोशिश करें। लॉगिन के बाद Settings में जाकर Devices या Active Sessions विकल्प में जाएं और अनजान डिवाइस को हटाएं। Telegram में Two-Step Verification Password सेट करना भी जरूरी है, क्योंकि सिर्फ OTP के भरोसे अकाउंट रखना सुरक्षित नहीं माना जाता। अगर हैकर ने पासवर्ड बदल दिया है और आप लॉगिन नहीं कर पा रहे हैं तो Telegram के रिकवरी विकल्पों का इस्तेमाल करें।
Instagram हैक होने पर कैसे वापस पाएं अकाउंट?
Instagram अकाउंट हैक होने पर सबसे पहले लॉगिन पेज पर जाकर Forgot Password या Get help logging in विकल्प का इस्तेमाल करें। अगर हैकर ने ई-मेल या मोबाइल नंबर बदल दिया है तो Instagram की ओर से आए सुरक्षा ई-मेल को चेक करें। कई बार वहां से बदलाव को वापस किया जा सकता है।
अकाउंट वापस मिलने के बाद:
- पासवर्ड बदलें
- अनजान डिवाइस से लॉगआउट करें
- Two-Factor Authentication चालू करें
- अगर हैकर दोस्तों को मैसेज भेजकर पैसे मांग रहा हो
अकाउंट हैक होने के बाद कई ठग आपके दोस्तों और रिश्तेदारों को मैसेज भेजकर पैसे मांग सकते हैं। इसलिए तुरंत अपने करीबी लोगों को दूसरे माध्यम से जानकारी दें कि आपका अकाउंट हैक हुआ है और किसी भी पैसे वाले मैसेज पर भरोसा न करें।
