आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) काफी तेजी से बढ़ रहा है। लोग अब रोजमर्रा की जिंदगी में भी एआई की इस्तेमाल करने लगे हैं, लेकिन इसके नए रूप एआई एजेंट से पूरी दुनिया डर रही है, यहां तक कि अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी अब इसे कंट्रोल करना चाहते हैं।
डोनाल्ड ट्रंप ने AI को लेकर बड़ी चिंता जताई है। उनका मानना है कि तेजी से विकसित हो रही AI तकनीक पर नियंत्रण जरूरी है, नहीं तो यह मानवता के लिए अस्तित्वगत खतरा बन सकती है। उन्होंने कहा कि AI सिस्टम में “किल स्विच” यानी इमरजेंसी बंद करने का विकल्प होना चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर इसे तुरंत रोका जा सके।
बैंकिंग सेक्टर में AI के फायदे और जोखिम
Fox बिजनेस नेटवर्क को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने माना कि AI बैंकिंग सिस्टम को ज्यादा सुरक्षित, तेज और बेहतर बना सकता है, हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इसके साथ गंभीर जोखिम भी जुड़े हैं। ट्रंप के मुताबिक, AI एक ऐसी तकनीक है जो सिस्टम को मजबूत भी बना सकती है और अस्थिर भी।
सरकार के नियंत्रण की जरूरत
ट्रंप ने AI पर सरकारी निगरानी और सुरक्षा उपायों की वकालत की। उन्होंने सुझाव दिया कि AI के लिए सख्त नियम बनाए जाने चाहिए, जिनमें “किल स्विच” जैसी व्यवस्था शामिल हो, हालांकि यह सिस्टम कैसे काम करेगा और कब लागू होगा, इस पर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
Claude Mythos को लेकर साइबर एक्सपर्ट्स की चेतावनी
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब AI कंपनी Anthropic के नए मॉडल Claude Mythos को लेकर साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है। उनका कहना है कि यह मॉडल जटिल साइबर हमलों को और ज्यादा खतरनाक बना सकता है, खासकर बैंकिंग सेक्टर के लिए, जहां अभी भी पुराने सिस्टम इस्तेमाल होते हैं।
Mythos की ताकत और सीमित पहुंच
Claude Mythos को अभी आम लोगों के लिए उपलब्ध नहीं किया गया है। कंपनी ने इसे लगभग 40 कंपनियों के साथ मिलकर टेस्ट किया है, जहां इसका इस्तेमाल सॉफ्टवेयर में खामियां ढूंढने के लिए किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह AI 27 साल पुराने बग को खोजने और हजारों “जीरो-डे वल्नरेबिलिटी” का पता लगाने में सक्षम है।
Anthropic पर अमेरिकी सरकार की सख्ती
गौरतलब है कि अमेरिकी सरकार ने Anthropic को “सप्लाई चेन रिस्क” के रूप में वर्गीकृत किया है, जिसके चलते सरकारी एजेंसियों को इसके टूल्स इस्तेमाल करने से रोका गया है। कंपनी के CEO Dario Amodei इस फैसले को कोर्ट में चुनौती दे रहे हैं।
AI रेस में OpenAI भी शामिल
AI की इस दौड़ में OpenAI भी पीछे नहीं है। कंपनी अपने नए मॉडल GPT 5.4-Cyber पर काम कर रही है, जो खास तौर पर सॉफ्टवेयर की कमजोरियों को पकड़ने के लिए डिजाइन किया गया है। OpenAI के CEO Sam Altman इस टेक्नोलॉजी को लेकर काफी आक्रामक रणनीति अपना रहे हैं। Claude Mythos के साथ Apple और Amazon जैसी बड़ी कंपनियां जुड़ी हुई हैं। ये कंपनियां AI की मदद से साइबर सुरक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही हैं।
