देश

गुवाहाटी होटल फायरिंग : 5 लोगों की हत्या से हड़कंप, वारदात पर बोले पुलिस कमिश्नर, बताई हत्याकांड की वजह

पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि मृतक 5 लोगों में से 4 एक ही परिवार के थे। इस वारदात में .32 बोर की लाइसेंसी पिस्तौल का इस्तेमाल किया गया। हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह घटना संपत्ति विवाद के चलते हुई।

Image

गुवाहाटी के होटल में फायरिंग से सनसनी।

Guwahati hotel firing: गुवाहाटी में पांच लोगों की हत्या पर पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंता ने बयान दिया है। पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि मृतक 5 लोगों में से 4 एक ही परिवार के थे। इस वारदात में .32 बोर की लाइसेंसी पिस्तौल का इस्तेमाल किया गया। हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह घटना संपत्ति विवाद के चलते हुई।

होटल बिलास इन में वारदात

बता दें कि असम के गुवाहाटी में सोमवार रात संपत्ति के मालिक और उसे पट्टे पर लेने वाले व्यक्ति के बीच विवाद के दौरान कथित तौर पर पांच लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार यह घटना रात लगभग नौ बजे जीएस रोड पर बोरा सर्विस के सामने स्थित होटल बिलास इन में हुई और यह होटल असम पुलिस मुख्यालय से लगभग दो किलोमीटर दूर है। इससे पहले पुलिस आयुक्त ने होटल के बाहर पत्रकारों से कहा, 'आज गोलीबारी की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई। गोली लगने से छह लोग घायल हुए, जिनमें से पांच की मौत हो गई। एक व्यक्ति का इलाज किया जा रहा है।'

'मारे गए सभी लोग होटल के मालिक से जुड़े हुए थे'

उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान घनकांत गोगोई के रूप में हुई है, जो संपत्ति का पट्टाधारक है। उन्होंने बताया कि घटना के एक घंटे के भीतर उसे पलटन बाजार इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। महंत ने कहा, 'घटना में इस्तेमाल की गई .32 बोर की लाइसेंसी पिस्तौल जब्त कर ली गई है। आरोपी से पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि यह घटना होटल के पट्टे समझौते से जुड़े संपत्ति विवाद के कारण हुई।’ उन्होंने कहा, 'मारे गए सभी लोग होटल के मालिक से जुड़े हुए थे। उनमें से चार एक ही परिवार के थे, जबकि पांचवां व्यक्ति उनके गांव का रहने वाला था। घायल व्यक्ति भी उसी गांव का निवासी है।' महंत ने कहा कि आरोपी ने उन पर गोली चलाई।

एक साल पहले होटल पट्टे पर लिया था

पुलिस आयुक्त ने कहा, 'उसने लगभग एक साल पहले होटल पट्टे पर लिया था... मामले की जांच की जा रही है। घटना से जुड़ी हर जानकारी मंगलवार तक सामने आने की संभावना है।’ एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों में से तीन की पहचान हेलेना भराली, देबोरशी कश्यप और नारायण दास के रूप में हुई है, जबकि अन्य मृतकों की पहचान की पुष्टि की जा रही है। गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के एक वरिष्ठ चिकित्सक ने बताया कि गोलीबारी की घटना में बचने वाले एकमात्र व्यक्ति की पहचान सत्येन पाठक के रूप में हुई है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।

इस बीच, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने कहा कि यह घटना गुवाहाटी में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा करती है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article