ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू 2026 विश्व भारोत्तोलन चैंपियनशिप (वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप) में भारतीय टीम की अगुवाई करेंगी। यह चैंपियनशिप चीन के निंगबो ओलंपिक स्पोर्ट्स सेंटर में 27 अक्टूबर से 8 नवंबर तक आयोजित होगी।
भारतीय प्रशंसक इस चैंपियनशिप को लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए देख सकेंगे। ओलंपिक्स डॉट कॉम (Olympics.com) के अनुसार, निंगबो में होने वाली यह प्रतियोगिता LA 2028 ओलंपिक खेलों के लिए 10 क्वालीफाइंग इवेंट्स में से पहली होगी।
ओलंपिक क्वालिफिकेशन रैंकिंग (OQR) के लिए पात्र बने रहने के लिए, भारोत्तोलकों को पहले क्वालिफिकेशन पीरियड के दौरान कुल तीन परिणाम (स्नैच और क्लीन एंड जर्क को मिलाकर) और दूसरे पीरियड के दौरान दो परिणाम दर्ज कराने होंगे। ये सभी परिणाम एक ही ओलंपिक भार वर्ग (वेट कैटेगरी) में होने चाहिए।
OQR में, पहले पीरियड से एथलीट के तीन सर्वश्रेष्ठ कुल परिणाम और दूसरे पीरियड से दो सर्वश्रेष्ठ परिणामों को शामिल किया जाएगा। उठाए गए हर किलोग्राम वजन को एक रैंकिंग पॉइंट माना जाएगा।
क्वालिफिकेशन प्रक्रिया के अंत में, अंतिम OQR में प्रत्येक ओलंपिक भार वर्ग के शीर्ष आठ पात्र भारोत्तोलक LA 2028 ओलंपिक के लिए कोटा हासिल करेंगे, जो उनके नाम पर आवंटित किया जाएगा।
निंगबो में होने वाली विश्व भारोत्तोलन चैंपियनशिप में 500 से अधिक एथलीटों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। 32 वर्षीय मीराबाई चानू महिलाओं के 53 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतिस्पर्धा करेंगी। यह LA 2028 ओलंपिक के भारोत्तोलन कार्यक्रम में शामिल महिलाओं के छह भार वर्गों में से एक है।
मीराबाई ने LA 2028 ओलंपिक चक्र के लिए 53 किलोग्राम भार वर्ग में कदम रखा है। ऐसा इसलिए है क्योंकि 49 किलोग्राम भार वर्ग - जिसमें उन्होंने टोक्यो 2020 ओलंपिक में रजत पदक जीता था और पेरिस 2024 में भी हिस्सा लिया था - उसे ओलंपिक भारोत्तोलन कार्यक्रम से हटा दिया गया है।
विश्व भारोत्तोलन चैंपियनशिप 2026: भारतीय टीम
महिलाएं: मीराबाई चानू (53 किग्रा), ज्ञानेश्वरी यादव (53 किग्रा), उषा (61 किग्रा), निरुपमा देवी सेराम (61 किग्रा)
पुरुष: लवप्रीत सिंह (+110 किग्रा)।
