शहर

सीतापुर में तालाब में मिली कार, तीन कारोबारियों के शव बरामद, बहराइच से लौटते समय हुए थे लापता

सीतापुर में कमलापुर थाना क्षेत्र के पंचपीर गांव के पास तालाब में डूबी ऑल्टो कार से तीन कारोबारियों के शव बरामद हुए। तीनों सोमवार को बहराइच से लौटते समय लापता हो गए थे।

Image

सीतापुर में तालाब में मिली ऑल्टो कार

Photo : Times Now Digital

Sitapur Accident News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में एक तालाब में डूबी ऑल्टो कार से तीन कारोबारियों के शव बरामद हुए हैं। मृतकों की पहचान सिधौली निवासी राकेश चौरसिया (50), सतीश (40) और अटरिया निवासी रामेंद्र (62) के रूप में हुई है। तीनों सोमवार को बहराइच गए थे, जहां से लौटते समय लापता हो गए थे। देर रात करीब डेढ़ बजे पंचपीर गांव के पास तालाब में कार मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद क्रेन की मदद से कार को बाहर निकलवाया गया।

बेटे के एक्सीडेंट की खबर सुनकर बहराइच गए थे राकेश

परिजनों के अनुसार, राकेश चौरसिया के बेटे मोहन का रविवार को बहराइच में एक्सीडेंट हो गया था। बेटे को देखने के लिए राकेश सोमवार सुबह करीब चार बजे अपने दो दोस्तों रामेंद्र और सतीश के साथ कार से बहराइच जाने के लिए रवाना हुए थे। सुबह करीब पांच बजे उनकी कार कंदुनी फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे में दिखी थी। परिजनों की आखिरी बार उनसे शाम को बात हुई थी, लेकिन इसके बाद संपर्क नहीं हो सका। देर शाम तक तीनों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हुआ। इसके बाद लापता होने की शिकायत पुलिस से की गई। परिजन और पुलिस दिनभर उनकी तलाश करते रहे।

तालाब में कार की छत दिखने पर ग्रामीणों ने दी सूचना

देर रात करीब डेढ़ बजे ड्यूटी से घर लौट रहे कुछ ग्रामीणों को पंचपीर गांव के पास तालाब में कुछ तैरता हुआ नजर आया। टॉर्च की रोशनी में देखने पर कार की छत दिखाई दी, जिस पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को तालाब से बाहर निकलवाया। कार के अंदर तीनों के शव मिले। राकेश और रामेंद्र के शव आगे की सीट पर, जबकि सतीश का शव पीछे की सीट पर था। शवों के पास मिले दस्तावेजों से उनकी पहचान की गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा मौत का कारण

यह घटना कमलापुर थाना क्षेत्र की है, जो जिला मुख्यालय से करीब 42 किलोमीटर दूर है। प्रभारी निरीक्षक अतुल चौधरी ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में कार तालाब में गिरने और डूबने से मौत की आशंका जताई गई है। हालांकि, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article