भारत के लीडिंग ब्रॉडकास्ट नेटवर्क, Times Network ने फ्रांस के सबसे बड़े IPTV प्लेटफॉर्म में से एक, FREE पर अपने टेलीविजन चैनल को लॉन्च किया है। इसके साथ टाइम्स नेटवर्क का विस्तार यूरोपीय मार्केट में हुआ है। यह स्ट्रेटेजिक विस्तार टाइम्स नेटवर्क का किसी फ्रेंच प्लेटफॉर्म पर पहला लॉन्च है, जिससे इसकी पहुंच फ्रांस, मोनाको और एंडोरा तक बढ़ गई है। इस लॉन्च के तहत FREE की तरफ से एक खास भारतीय पैक भी शुरू किया गया है। इस पैक में Times Network के पांच चैनल हैं जिसमें टाइम्स नाउ, टाइम्स नाउ नवभारत, जूम, ईटी नाउ और पिकलबॉल नाउ को शामिल किया गया है।
इस साझेदारी की खास बात यह है कि पिकलबॉल नाउ चैनल पहली बार फ्रांस में लॉन्च हुआ है। इससे तेजी से लोकप्रिय हो रहे खेल पिकलबॉल को दुनिया भर में पहचान मिलने में मदद मिलेगी। यह इस खेल और इसके खास चैनल के लिए एक बड़ा और अहम कदम माना जा रहा है।
दुनियाभर दर्शकों तक बढ़ेगी पहुंच
पिकलबॉल नाउ को शामिल करना इस बात को दिखाता है कि Times Network नए और तेजी से बढ़ रहे अंतरराष्ट्रीय खेलों को दुनिया भर के नए दर्शकों तक पहुंचाना चाहता है। नेटवर्क मजबूत साझेदारियों के जरिए पारंपरिक बाजारों से आगे बढ़कर खास और अलग तरह की सामग्री को ज्यादा लोगों तक पहुंचाने और उनकी रुचि बढ़ाने के लिए काम कर रहा है।
आपको बता दें कि FREE, जो इलियड ग्रुप की सहायक कंपनी है, ने Freebox नाम का ट्रिपल-प्ले बॉक्स बनाया था। यह दुनिया का पहला ऐसा सेटअप बॉक्स माना जाता है जो एक साथ इंटरनेट, फोन और टीवी सेवाएं देता है। यूरोप के टेलीकॉम बाजार में एक बड़े खिलाड़ी के रूप में, आईपीटीवी प्लेटफॉर्म 'FREE' अपने सरल और नए ऑफर के लिए जाना जाता है।
अक्टूबर 2025 में, Free ने Free TV लॉन्च किया था। यह एक ऐसा ऐप था जो स्मार्टफोन, टैबलेट और स्मार्ट टीवी पर काम करता है। इसके प्रीमियम वर्जन में 300 से अधिक चैनल होते हैं और इसमें स्टार्ट-ओवर और क्लाउड रिकॉर्डिंग जैसी उन्नत सुविधाएं भी मिलती हैं। 2025 के मध्य तक Free के कुल 23.1 मिलियन रिटेल ग्राहक हैं, जिनमें 15.5 मिलियन मोबाइल और 7.6 मिलियन फिक्स्ड-लाइन ग्राहक शामिल हैं। इतना बड़ा ग्राहक आधार विदेशी साझेदारों के लिए फ्रांस में दर्शकों तक पहुँचने का एक बड़ा अवसर देता है।
Times Network की दुनियाभर में बढ़ रही पहुंच
इस लॉन्च के साथ Times Network दुनिया भर में अपनी पहुंच और बढ़ा रहा है। इससे वह एक भरोसेमंद अंतरराष्ट्रीय कंटेंट प्रदाता के रूप में और मजबूत बन रहा है। साथ ही, यूरोप में लोगों तक नई सामग्री पहुंचाने और दर्शकों से बेहतर जुड़ाव बनाने के नए मौके भी खुल रहे हैं।
