अगर आप अपने स्मार्टफोन में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Snapchat का इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए काम की खबर है। स्नैपचैट ने अपने करोड़ों यूजर्स के लिए एक नया फीचर लॉन्च कर दिया है जिसका नाम “AI Clips” है। अब यूजर्स इस एआई फीचर की मदद से किसी भी फोटो को कुछ ही सेकंड में छोटे वीडियो में बदल सकेंगे। कंपनी के अनुसार, यह फीचर Lens Studio का हिस्सा है और अभी सिर्फ Lens+ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है। इस नए अपडेट से यूजर्स बिना किसी खास एडिटिंग स्किल के आसानी से अपनी फोटो को करीब 5 सेकंड के वीडियो में बदल सकते हैं।
Snapchat की तरफ से शेयर की गई जानकारी के अनुसार, AI Clips एक खास “closed prompt” सिस्टम पर काम करता है। इसमें यूजर्स को अलग से कोई टेक्स्ट या निर्देश देने की जरूरत नहीं होती। इस फीचर में डेवलपर्स पहले से ही एक क्रिएटिव फ्रेमवर्क तैयार कर देते हैं, जिसके आधार पर यूजर सिर्फ एक Lens चुनता है और उसकी फोटो अपने आप वीडियो में बदल जाती है।
करोड़ों लोगों को मिलेगी सुविधा
इस फीचर के जरिए यूजर्स अपने किसी भी Snap या Camera Roll की फोटो चुन सकते हैं और उसे अलग-अलग विजुअल स्टाइल या सिनेमैटिक अंदाज में करीब 5 सेकंड के वीडियो में बदल सकते हैं। कंपनी के अनुसार, यह पूरी प्रक्रिया बहुत आसान है। वीडियो तैयार होने के बाद यूजर उसे सीधे अपने डिवाइस में सेव कर सकते हैं या तुरंत शेयर भी कर सकते हैं।
AI Clips इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले यूजर्स को Snapchat ऐप खोलना होगा और Lens+ सब्सक्रिप्शन चालू होना चाहिए। इसके बाद Lens carousel या Snapcode के जरिए AI Clip Lens को चुनना होगा। फिर यूजर नई फोटो क्लिक कर सकते हैं या अपनी गैलरी से कोई इमेज चुन सकते हैं। इसके बाद AI अपने आप उस फोटो को वीडियो में बदल देता है।
