टेक एंड गैजेट्स

WhatsApp पर बिजनेस मैसेज भेजना होगा महंगा, 1 अक्टूबर से बदलेंगे नियम, जानें किस मैसेज पर कितना लगेगा चार्ज

1 अक्टूबर से Meta ऑर्डर अपडेट और दूसरे Utility Messages पर 24 घंटे की विंडो के अंदर भी चार्ज लेगी। यानी ग्राहक के मैसेज करने के बाद कंपनी को ऑर्डर कन्फर्मेशन या डिलीवरी अपडेट भेजने के लिए भी भुगतान करना पड़ सकता है।

Image

1,000 सर्विस मैसेज हर महीने रहेंगे फ्री/Photo-Meta

अगर आप WhatsApp पर किसी कंपनी से ऑर्डर का अपडेट, डिलीवरी नोटिफिकेशन या दूसरी जानकारी लेते हैं, तो आपके लिए नियम में कोई बदलाव नहीं होगा। लेकिन कंपनियों के लिए WhatsApp Business Platform पर मैसेज भेजना महंगा होने वाला है। Meta 1 अक्टूबर 2026 से भारत में WhatsApp Business Platform की मैसेजिंग प्राइसिंग में बदलाव कर रही है। इसके तहत कुछ ऐसे मैसेज पर भी चार्ज लगेगा, जो अभी 24 घंटे की विंडो के अंदर मुफ्त भेजे जा सकते हैं। ध्यान देने वाली बात यह है कि ये बदलाव WhatsApp Business Platform पर लागू होंगे। सामान्य WhatsApp और WhatsApp Business ऐप इस्तेमाल करने वाले यूजर्स पर इसका सीधा असर नहीं पड़ेगा।

24 घंटे की फ्री विंडो में क्या बदलेगा?

अभी WhatsApp Business Platform पर कोई ग्राहक किसी कंपनी को मैसेज करता है, तो कंपनी अगले 24 घंटे तक मुफ्त में जवाब दे सकती है। इसमें ग्राहक के सवालों का जवाब देने के अलावा ऑर्डर कन्फर्मेशन और डिलीवरी अपडेट जैसे मैसेज भी शामिल हैं।

लेकिन 1 अक्टूबर से Meta ऑर्डर अपडेट और दूसरे Utility Messages पर 24 घंटे की विंडो के अंदर भी चार्ज लेगी। यानी ग्राहक के मैसेज करने के बाद कंपनी को ऑर्डर कन्फर्मेशन या डिलीवरी अपडेट भेजने के लिए भी भुगतान करना पड़ सकता है। हालांकि, ग्राहकों के सवालों के जवाब देने वाले Service Messages के लिए हर बिजनेस फोन नंबर पर हर महीने शुरुआती 1,000 मैसेज मुफ्त रहेंगे। 1,000 मैसेज की सीमा पार होने के बाद अतिरिक्त मैसेज पर चार्ज लगेगा।

1,000 सर्विस मैसेज हर महीने रहेंगे फ्री

1 अक्टूबर 2026 से प्रत्येक बिजनेस फोन नंबर पर हर महीने 1,000 Service Messages मुफ्त मिलेंगे। इसके बाद भेजे गए अतिरिक्त सर्विस मैसेज पर संबंधित बाजार की Utility और Authentication Message दर लागू होगी। उदाहरण के लिए, अगर किसी कंपनी ने एक महीने में 1,500 Service Messages भेजे, तो पहले 1,000 मैसेज मुफ्त होंगे। बाकी 500 मैसेज के लिए भुगतान करना होगा। भारत में 0.115 रुपये प्रति मैसेज की दर के हिसाब से 500 मैसेज का खर्च ₹57.50 यानी GST से पहले होगा। 18% GST जोड़ने पर यह रकम करीब ₹67.85 हो जाएगी।

Utility Message पर कितना लगेगा चार्ज?

भारत में Utility Messages के लिए Meta की मानक दर ₹0.115 प्रति डिलीवर मैसेज है। इसमें 18% GST जोड़ने पर एक मैसेज की लागत करीब ₹0.136 हो जाती है। मसलन, अगर कोई कंपनी 1,000 ऑर्डर अपडेट भेजती है, तो उसे GST से पहले ₹115 देने होंगे। 18% GST जोड़ने के बाद यह रकम करीब ₹135.70 हो जाएगी। Utility Messages में ऑर्डर कन्फर्मेशन, डिलीवरी अपडेट और इसी तरह के दूसरे जरूरी कारोबारी अपडेट शामिल होते हैं।

मार्केटिंग और OTP मैसेज के अलग रेट

WhatsApp Business Platform पर सभी तरह के मैसेज की कीमत एक जैसी नहीं है। Meta के अनुसार भारत में Marketing Messages, जैसे प्रमोशनल ऑफर और सेल की जानकारी भेजने के लिए ₹0.8631 प्रति मैसेज की दर है। वहीं Authentication Messages, जैसे OTP भेजने के लिए ₹0.115 प्रति मैसेज का शुल्क है। इन दरों पर GST अलग से लागू होगा।

ग्राहकों के लिए क्या बदलेगा?

इस बदलाव का सीधा खर्च ग्राहकों को नहीं देना होगा। ग्राहक WhatsApp पर कंपनियों को पहले की तरह मुफ्त में मैसेज भेज सकेंगे। कंपनियों की ओर से आने वाले जवाब और अपडेट प्राप्त करने के लिए भी ग्राहकों से कोई WhatsApp मैसेजिंग शुल्क नहीं लिया जाएगा यानी बदलाव मुख्य रूप से उन कंपनियों और कारोबारों की लागत को प्रभावित करेगा, जो WhatsApp Business Platform के जरिए बड़ी संख्या में ग्राहकों से संपर्क करते हैं।

Click-to-WhatsApp Ads के लिए 72 घंटे की फ्री विंडो

Meta ने Click-to-WhatsApp Ads और Facebook Pages के Call-to-Action Buttons से आने वाले मैसेज के लिए मौजूदा 72 घंटे की फ्री विंडो जारी रखने का फैसला किया है। इस अवधि में कंपनियां ग्राहकों को Meta की मैसेजिंग फीस दिए बिना मैसेज भेज सकती हैं। इसका मतलब है कि अगर कोई ग्राहक किसी विज्ञापन या Facebook Page के बटन के जरिए WhatsApp पर बिजनेस से संपर्क करता है, तो संबंधित 72 घंटे की विंडो में बिजनेस को मैसेजिंग चार्ज से राहत मिलती रहेगी।

1 अक्टूबर से क्या बदलेगा, आसान भाषा में

30 सितंबर तक ग्राहक के मैसेज के बाद 24 घंटे के अंदर भेजे जाने वाले Utility Messages मुफ्त थे। 1 अक्टूबर से इन पर भी शुल्क लगेगा। वहीं, हर बिजनेस फोन नंबर के लिए हर महीने 1,000 Service Messages मुफ्त रहेंगे। इसके बाद अतिरिक्त सर्विस रिप्लाई पर शुल्क लगेगा।

इसलिए अगर कोई कंपनी WhatsApp के जरिए बड़ी संख्या में ऑर्डर कन्फर्मेशन, डिलीवरी अपडेट या ग्राहक सेवा मैसेज भेजती है, तो 1 अक्टूबर के बाद उसकी WhatsApp मैसेजिंग लागत बढ़ सकती है। ग्राहकों के लिए WhatsApp पर कंपनियों को मैसेज भेजना या उनके जवाब पाना मुफ्त रहेगा।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article