Samsung अपने अगले Galaxy Unpacked 2026 इवेंट में कई नए प्रीमियम डिवाइस लॉन्च करने की तैयारी में है। कंपनी इस महीने के आखिर में Galaxy Z Fold 8 Ultra, Galaxy Z Fold 8, Galaxy Z Flip 8, Galaxy Watch 9 और Galaxy Watch Ultra 2 से पर्दा उठा सकती है। लॉन्च से पहले इन सभी डिवाइसों की संभावित यूरोपीय कीमतें ऑनलाइन लीक हो गई हैं, जिससे इनके प्राइस रेंज का अंदाजा लग गया है।
Galaxy Z Fold 8 Ultra होगा सबसे महंगा फोल्डेबल
लीक रिपोर्ट के मुताबिक, Samsung Galaxy Z Fold 8 Ultra कंपनी का अब तक का सबसे प्रीमियम फोल्डेबल स्मार्टफोन होगा। इसके 256GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 2,199 यूरो (करीब ₹2.40 लाख) हो सकती है। वहीं, 512GB मॉडल की कीमत 2,399 यूरो (करीब ₹2.60 लाख) और 1TB वेरिएंट की कीमत 2,799 यूरो (करीब ₹3 लाख) तक पहुंच सकती है।
Galaxy Z Fold 8 की शुरुआती कीमत कम रहने की उम्मीद
रिपोर्ट के अनुसार, Samsung Galaxy Z Fold 8 की शुरुआती कीमत 1,999 यूरो (करीब ₹2.17 लाख) हो सकती है। यह कीमत 256GB स्टोरेज मॉडल के लिए बताई जा रही है। इसके अलावा 512GB वेरिएंट की कीमत 2,199 यूरो और 1TB मॉडल की कीमत 2,599 यूरो होने की संभावना है। लीक से यह भी संकेत मिला है कि इस बार Galaxy Z Fold 8 में पहले की तुलना में बड़ा और चौड़ा डिस्प्ले देखने को मिल सकता है।
पिछले मॉडल से कैसी होगी तुलना?
पिछले साल लॉन्च हुए Galaxy Z Fold 7 की शुरुआती कीमत यूरोप में 2,099 यूरो थी, जबकि भारत में इसे ₹1,74,999 की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया था। ऐसे में नया Fold 8 कुछ बाजारों में शुरुआती मॉडल के लिए थोड़ा सस्ता हो सकता है, हालांकि Ultra वर्जन काफी महंगा रहेगा।
Galaxy Z Flip 8 की कीमत भी बढ़ सकती है
क्लैमशेल फोल्डेबल फोन Samsung Galaxy Z Flip 8 के 256GB मॉडल की कीमत 1,299 यूरो (करीब ₹1.41 लाख) और 512GB वेरिएंट की कीमत 1,499 यूरो (करीब ₹1.60 लाख) बताई जा रही है। तुलना करें तो पिछले साल लॉन्च हुए Galaxy Z Flip 7 की शुरुआती कीमत 1,199 यूरो थी, जबकि भारत में इसकी शुरुआती कीमत ₹1,09,999 रखी गई थी।
Galaxy Watch 9 और Watch Ultra 2 की संभावित कीमत
Samsung अपने नए स्मार्टवॉच लाइनअप को भी इसी इवेंट में लॉन्च कर सकता है।
लीक के मुताबिक:
- Galaxy Watch 9 (40mm Bluetooth) – 409 यूरो (करीब ₹44,000)
- Galaxy Watch 9 (40mm LTE) – 459 यूरो (करीब ₹50,000)
- Galaxy Watch 9 (44mm Bluetooth) – 439 यूरो (करीब ₹47,000)
- Galaxy Watch 9 (44mm LTE) – 489 यूरो (करीब ₹53,000)
- Galaxy Watch Ultra 2 LTE – 749 यूरो (करीब ₹81,000)
22 जुलाई को हो सकता है Galaxy Unpacked इवेंट
रिपोर्ट्स के अनुसार, Samsung अपना अगला Galaxy Unpacked इवेंट 22 जुलाई को लंदन में आयोजित कर सकता है। इसी कार्यक्रम में कंपनी अपने नए फोल्डेबल स्मार्टफोन और स्मार्टवॉच की आधिकारिक घोषणा कर सकती है।
