Samsung ने अगस्त में अपने अगले Galaxy लॉन्च इवेंट का ऐलान कर दिया है। कंपनी का यह 2026 का तीसरा बड़ा हार्डवेयर लॉन्च इवेंट होगा। इससे पहले फरवरी में Galaxy S26 सीरीज और जुलाई में नई Galaxy Z फोल्डेबल सीरीज पेश की गई थी, हालांकि Samsung ने अभी यह साफ नहीं किया है कि 27 अगस्त को कौन सा डिवाइस लॉन्च किया जाएगा। कंपनी ने इसे Galaxy S26 परिवार में होने वाला नया एडिशन बताया है। ऐसे में माना जा रहा है कि इस इवेंट में Samsung Galaxy S26 FE को पेश कर सकती है।
27 अगस्त को होगा Samsung Galaxy Event
Samsung का यह खास Galaxy इवेंट 27 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा। यह एक वर्चुअल इवेंट होगा, जिसे Samsung की आधिकारिक वेबसाइट और YouTube चैनल पर लाइव स्ट्रीम किया जाएगा। भारतीय समय के अनुसार इवेंट शाम 5:30 बजे शुरू होगा, जबकि दक्षिण कोरिया में यह रात 9 बजे आयोजित किया जाएगा।
Galaxy S26 के फीचर्स ज्यादा यूजर्स तक पहुंचाने का दावा
Samsung ने नए डिवाइस का नाम भले ही नहीं बताया है, लेकिन कंपनी ने कहा है कि Galaxy S26 सीरीज में शामिल होने वाला नया डिवाइस कैमरा से लेकर AI तक Galaxy S26 के कई अनुभव ज्यादा यूजर्स तक पहुंचाएगा। कंपनी ने यह भी पुष्टि की है कि फोन लेटेस्ट One UI वर्जन के साथ आएगा। ऐसे में इसमें Android 17 आधारित One UI 9 मिलने की उम्मीद है। यही सॉफ्टवेयर हाल ही में Galaxy Z Fold 8, Galaxy Z Fold 8 Ultra और Galaxy Z Flip 8 के साथ पेश किया गया था।
Galaxy S26 FE में मिल सकती है 6.7 इंच की डिस्प्ले
लीक्स और पिछली रिपोर्ट्स के मुताबिक, Samsung Galaxy S26 FE में 6.7 इंच का Dynamic AMOLED 2X डिस्प्ले दिया जा सकता है। स्क्रीन 2,340x1,080 पिक्सल रेजोल्यूशन, 120Hz रिफ्रेश रेट और 1,900 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट कर सकती है। परफॉर्मेंस के लिए फोन में Exynos 2500 चिपसेट मिलने की उम्मीद है, जिसे 8GB RAM और 256GB तक स्टोरेज के साथ जोड़ा जा सकता है।
50MP कैमरा और 4,900mAh बैटरी की उम्मीद
फोटोग्राफी के लिए Galaxy S26 FE में 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा दिया जा सकता है। इसके साथ 8 मेगापिक्सल का टेलीफोटो सेंसर और एक अल्ट्रा-वाइड एंगल कैमरा मिलने की संभावना है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 12 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है। बैटरी की बात करें तो Galaxy S26 FE में 4,900mAh की बैटरी मिलने की उम्मीद है। यह 45W वायर्ड फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट कर सकती है।
डिजाइन में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं
लीक हुए रेंडर्स के अनुसार, Galaxy S26 FE का डिजाइन इसके पिछले मॉडल से काफी मिलता-जुलता हो सकता है। फोन के पीछे तीन कैमरे वर्टिकल लेआउट में दिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, कैमरा मॉड्यूल में थोड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। इसमें Galaxy S25 Edge की तरह उठा हुआ कैमरा आइलैंड दिया जा सकता है। लीक में फोन को Gray और Mint कलर ऑप्शन में भी दिखाया गया है।
कीमत और उपलब्धता पर अभी सस्पेंस
Samsung ने फिलहाल नए Galaxy डिवाइस के नाम के साथ-साथ इसकी कीमत, स्पेसिफिकेशन्स और उपलब्धता की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है, हालांकि कंपनी के टीजर और सामने आई लीक्स को देखते हुए Galaxy S26 FE के लॉन्च की संभावना काफी मजबूत है। इन सभी जानकारियों से 27 अगस्त को होने वाले Galaxy इवेंट में पर्दा उठने की उम्मीद है।
