Samsung का नया बजट स्मार्टफोन Galaxy A07 जल्द बाजार में दस्तक दे सकता है। यह फोन Google Play Console लिस्टिंग में देखा गया है, जिससे इसके डिजाइन और कुछ प्रमुख फीचर्स का खुलासा हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह स्मार्टफोन MediaTek Helio G99 प्रोसेसर, Android 15 और HD+ डिस्प्ले के साथ आ सकता है।
Google Play Console पर दिखा डिजाइन
Xpertpick द्वारा सामने आई Google Play Console लिस्टिंग के अनुसार, Galaxy A07 में पीछे की तरफ डुअल कैमरा सेटअप देखने को मिलेगा, जो इस साल की Galaxy A और M सीरीज की तरह पिल-शेप में डिजाइन किया गया है। कैमरा आइलैंड के दाईं ओर LED फ्लैश और नीचे की तरफ Samsung का लोगो नजर आता है। सामने की ओर फोन में मोटे बेजल्स और वॉटरड्रॉप-नॉच स्टाइल का डिस्प्ले है, जैसा कि इसके पिछले वर्जन Galaxy A06 में देखा गया था।
संभावित स्पेसिफिकेशन: MediaTek Helio G99 प्रोसेसर, Android 15 और HD+ डिस्प्ले
गूगल प्ले कंसोल लिस्टिंग के अनुसार, Samsung Galaxy A07 में 720x1600 पिक्सल रेजोल्यूशन वाला HD+ डिस्प्ले मिलेगा। यह फोन MediaTek Helio G99 (MT6789/DC) प्रोसेसर से लैस होगा और इसमें 6GB तक रैम दी जा सकती है। दिलचस्प बात यह है कि इससे पहले गीकबेंच लिस्टिंग में इसी फोन का 4GB रैम वेरिएंट भी देखा गया था। यह स्मार्टफोन Android 15 ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलेगा।
Samsung के सपोर्ट पेज पर भी मिला Galaxy A07 का जिक्र
हाल ही में Samsung की रूसी वेबसाइट पर Galaxy A07 और Galaxy A17 के लिए सपोर्ट पेज लाइव किए गए हैं। पिछले साल Galaxy A06 को Galaxy A16 से पहले लॉन्च किया गया था, जिससे संकेत मिलता है कि कंपनी एक बार फिर उसी क्रम में इन नए फोन को मार्केट में ला सकती है। हालांकि Samsung ने अब तक आधिकारिक तौर पर लॉन्च की कोई घोषणा नहीं की है, लेकिन इन लीक से उम्मीद की जा रही है कि लॉन्च जल्द ही हो सकता है।
