WhatsApp आज सिर्फ बातचीत का माध्यम नहीं, बल्कि काम, कारोबार और रोजमर्रा की जरूरी गतिविधियों का अहम हिस्सा बन चुका है। ऐसे में अगर आपका WhatsApp अकाउंट अचानक बैन हो जाए तो परेशानी बढ़ जाती है। खास बात यह है कि अकाउंट पर कार्रवाई हमेशा किसी एक गलत मैसेज की वजह से नहीं होती। कई बार लगातार किया गया ऐसा व्यवहार, जो सिस्टम को स्पैम या गलत इस्तेमाल जैसा लगे, भी कार्रवाई की वजह बन सकता है। आइए जानते हैं कि WhatsApp अकाउंट बैन होने से बचने के लिए किन गलतियों को नहीं करना चाहिए।
मॉडिफाइड WhatsApp ऐप से रहें दूर
अगर आप चाहते हैं कि आपका व्हाट्सएप अकाउंट बैन न हो तो सिर्फ ऑफिशियल व्हाट्सएप ऐप का ही इस्तेमाल करें। कभी भी GB WhatsApp, FM WhatsApp जैसे अनऑफिशियल या मॉडिफाइड ऐप का इस्तेमाल न करें। ये अकाउंट के लिए जोखिम पैदा कर सकता है। ऐसे ऐप आधिकारिक WhatsApp ऐप नहीं हैं और इनका इस्तेमाल प्लेटफॉर्म की शर्तों का उल्लंघन कर सकता है।
बहुत सारे लोगों को एक जैसा मैसेज न भेजें
अगर आप कुछ ही समय में बड़ी संख्या में लोगों को एक जैसा मैसेज भेजते हैं, तो यह व्यवहार स्पैम जैसा दिखाई दे सकता है। खासकर तब जब मैसेज पाने वाले लोग आपको जानते न हों या उन्होंने आपसे संपर्क की अनुमति न दी हो।
बार-बार रिपोर्ट या ब्लॉक होना भी बढ़ा सकता है परेशानी
अगर बड़ी संख्या में लोग आपके नंबर को ब्लॉक या रिपोर्ट करते हैं, तो यह आपके अकाउंट के लिए खतरे का संकेत हो सकता है। इसलिए ऐसे लोगों को लगातार मैसेज न करें जो जवाब नहीं दे रहे हैं या जिनकी आपसे बातचीत में रुचि नहीं है।
बिना पूछे लोगों को ग्रुप में जोड़ने से बचें
किसी व्यक्ति को उसकी जानकारी या सहमति के बिना बार-बार WhatsApp ग्रुप में जोड़ना भी परेशानी पैदा कर सकता है। खासकर अगर कई लोग ग्रुप में जुड़ने के तुरंत बाद उसे छोड़ देते हैं या रिपोर्ट करते हैं। बेहतर है कि किसी को सीधे ग्रुप में जोड़ने के बजाय पहले उससे अनुमति ले लें।
थर्ड-पार्टी ऑटोमेशन टूल का इस्तेमाल न करें
WhatsApp अकाउंट से अपने-आप बड़ी संख्या में मैसेज भेजने वाले अनधिकृत टूल या बॉट का इस्तेमाल जोखिम भरा हो सकता है। बल्क मैसेजिंग या ऑटोमेशन की जरूरत होने पर केवल WhatsApp के आधिकारिक बिजनेस समाधानों का इस्तेमाल करें।
नया नंबर है तो शुरुआत धीरे करें
नए नंबर को रजिस्टर करने के तुरंत बाद बड़ी संख्या में लोगों को मैसेज करना, कई ग्रुप में शामिल होना या बहुत ज्यादा गतिविधि शुरू करना असामान्य व्यवहार जैसा लग सकता है। इसलिए नए नंबर पर शुरुआत सामान्य तरीके से करें और धीरे-धीरे गतिविधि बढ़ाएं।
अगर WhatsApp अकाउंट बैन हो जाए तो क्या करें?
अगर आपका अकाउंट प्रतिबंधित हो जाता है, तो WhatsApp की ओर से दिखाई देने वाले “Request a Review” या Support विकल्प का इस्तेमाल करें। अपील करते समय संक्षिप्त और स्पष्ट जानकारी दें और बताएं कि आपको क्यों लगता है कि आपके अकाउंट पर गलती से कार्रवाई हुई है। अगर प्रतिबंध अस्थायी है, तो वह निर्धारित अवधि के बाद हट सकता है। वहीं स्थायी प्रतिबंध की स्थिति में आधिकारिक समीक्षा प्रक्रिया का सहारा लेना चाहिए।
