स्मार्टफोन ब्रांड वनप्लस अपनी नई फ्लैगशिप सीरीज OnePlus 12 को 23 जनवरी को भारत में लॉन्च करने वाला है। इस सीरीज के तहत OnePlus 12 और OnePlus 12R को पेश किया जाएगा। लॉन्चिंग से पहले ही सीरीज की कीमत और कलर ऑप्शन की जानकारी सामने आ गई है। एक टिपस्टर ने अपकमिंग फोन की इन जानकारियों को शेयर किया है।
OnePlus 12 सीरीज कीमत
टिपस्टर योगेश बरार (@heyitsyogesh) ने एक्स पर एक पोस्ट में OnePlus 12 सीरीज की कीमत, स्टोरेज और कलर ऑप्शन की जानकारी दी है। उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा कि वनप्लस 12 का भारतीय वर्जन ब्लैक और ग्रीन कलर ऑप्शन में आएगा। फोन 16GB रैम और 512GB ऑनबोर्ड स्टोरेज में उपलब्ध होगा।
टिपस्टर के मुताबिक, OnePlus 12 को भारत में 58,000 रुपये से 60,000 रुपये के बीच पेश किया जा सकता है। वहीं OnePlus 12R को भारत में ब्लू और ब्लैक कलर और 40,000 रुपये से 42,000 रुपये की शुरुआती कीमत में पेश किया जाएगा।
OnePlus 12 सीरीज के फीचर्स
लीक्स के अनुसार, वनप्लस 12 को स्नैपड्रैगन 8 जेन 3 और वनप्लस 12 आर को स्नैपड्रैगन 8 जेन 2 प्रोसेसर से लैस किया जा सकता है। दोनों फोन एंड्रॉयड 14 आधारित ऑक्सीजन ओएस 14 के साथ आएंगे। OnePlus 12 में 6.82 इंच क्वाड-एचडी+ डिस्प्ले और वनप्लस 12आर को 6.78 इंच LTPO 4.0 ProXDR डिस्प्ले से लैस किया जाएगा। डिस्प्ले के साथ 120Hz रिफ्रेश रेट मिलेगा।
OnePlus 12 के चीनी वेरियंट के अनुसार, इसमें हैसलब्लैड-ट्यून किए गए कैमरा सेंसर मिलेंगे। इसमें ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन (OIS) के साथ 50 मेगापिक्सल सोनी LYT-808 प्राइमरी सेंसर, OIS और 3x ऑप्टिकल जूम के साथ 64 मेगापिक्सल टेलीफोटो कैमरा और अल्ट्रा के साथ 48 मेगापिक्सल सेंसर मिलेगा। फ्रंट कैमरे में 32 मेगापिक्सल का सेंसर मिलेगा। फोन में 100W SuperVOOC वायर्ड चार्जिंग, 50W वायरलेस चार्जिंग और 10W रिवर्स वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट के साथ 5,400mAh की बैटरी मिलती है।
