यदि आप भी चाहते हैं कि आपके कपड़े धोने का काम भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) करे तो आपके लिए LG ने भारत में एआई पावर्ड वॉशिंग मशीन लॉन्च कर दी है। एलजी ने अपनी 2026 होम एप्लायंस लाइनअप के तहत नई AI-पावर्ड फ्रंट-लोड वॉशिंग मशीन, टॉप-लोड वॉशर, सेमी-ऑटोमैटिक वॉशिंग मशीन, डिशवॉशर और माइक्रोवेव ओवन लॉन्च किए हैं। कंपनी का कहना है कि नई रेंज को भारतीय ग्राहकों की बदलती जरूरतों और सुविधाजनक उपयोग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
AI तकनीक से लैस नई फ्रंट-लोड वॉशिंग मशीनें
कंपनी ने प्रीमियम सेगमेंट में NT, VX और GVX सीरीज की फ्रंट-लोड वॉशिंग मशीनें पेश की हैं, जिनकी क्षमता 12 किलोग्राम से शुरू होती है। इनमें AI DD 2.0 तकनीक दी गई है, जो कपड़ों के प्रकार, वजन और गंदगी के स्तर को पहचानकर अपने आप वॉशिंग पैटर्न सेट करती है।
इससे सफाई बेहतर होने के साथ कपड़ों की सुरक्षा, पानी की बचत और कम बिजली खपत में मदद मिलती है। इन मशीनों में EZ Dispense, Steam+, Pet Care और Microplastic Care जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं। कंपनी ने VX फ्रंट-लोड वॉशिंग मशीन सीरीज की शुरुआती कीमत 62,900 रुपये रखी है।
भारतीय परिस्थितियों के लिए तैयार टॉप-लोड और सेमी-ऑटोमैटिक मशीनें
LG ने अपनी TX टॉप-लोड वॉशिंग मशीन सीरीज को भी 10kg और 11kg क्षमता में पेश किया है। कंपनी के अनुसार, इन्हें भारतीय मौसम और हार्ड वॉटर जैसी परिस्थितियों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इनमें Hard Water Wash, Stain Clean, Turbo Spin और IPX4 प्रोटेक्शन जैसे फीचर्स मिलते हैं।
इसके अलावा AX सीरीज की नई सेमी-ऑटोमैटिक वॉशिंग मशीनें 8kg से 12kg क्षमता तक उपलब्ध होंगी। इनमें Dual Spin Shower, Roller Jet Pulsator और Ultra Scrub Wall जैसी सुविधाएं दी गई हैं। इस रेंज की शुरुआती कीमत 17,300 रुपये रखी गई है।
नए माइक्रोवेव और डिशवॉशर भी लॉन्च
किचन एप्लायंस सेगमेंट में कंपनी ने 28 लीटर Convertible Convection Microwave Oven लॉन्च किया है। इसमें माइक्रोवेव, कन्वेक्शन और एयर-फ्राई फीचर एक साथ मिलते हैं। साथ ही 330 से ज्यादा ऑटो-कुक मेन्यू और 28 भारतीय ब्रेड मेन्यू भी दिए गए हैं। इसकी शुरुआती कीमत 28,700 रुपये है।
कंपनी ने नया 15 प्लेस-सेटिंग वाला LG TrueSteam Dishwasher भी पेश किया है। यह भारतीय बर्तनों और बड़ी कढ़ाई जैसे कुकवेयर को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इसमें TrueSteam और QuadWash तकनीक दी गई है, जो चिकनाई हटाने और बेहतर सफाई में मदद करती है। इसकी शुरुआती कीमत 73,500 रुपये रखी गई है।
