आज के समय में लैपटॉप खरीदने के लिए बाजार में कई बड़े ब्रांड मौजूद हैं। Dell, Lenovo, HP और Apple जैसे ब्रांड लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। हालांकि, Apple के लैपटॉप की बात ही कुछ अलग है। प्रीमियम डिजाइन, शानदार परफॉर्मेंस और लंबी बैटरी लाइफ की वजह से MacBook की अपनी अलग पहचान है। अब तक Apple के लैपटॉप लाइनअप में MacBook Air और MacBook Pro जैसे मॉडल शामिल थे। लेकिन कंपनी ने अब MacBook Neo के साथ एक नया और ज्यादा किफायती विकल्प भी पेश किया है।
कम कीमत की वजह से Neo उन लोगों का ध्यान खींच रहा है, जो पहली बार MacBook खरीदने की सोच रहे हैं। ऐसे में सवाल है कि करीब 70 हजार रुपये खर्च करके MacBook Neo लेना बेहतर है या फिर ज्यादा पैसे देकर MacBook Air खरीदना समझदारी होगी? आइए दोनों के बीच आसान भाषा में फर्क समझते हैं।
डिजाइन और वजन में कौन बेहतर?
लैपटॉप खरीदते समय डिजाइन और वजन काफी मायने रखते हैं। खासकर अगर आपको इसे रोज कॉलेज, ऑफिस या यात्रा के दौरान साथ लेकर जाना है। MacBook Air अपनी पतली बॉडी और हल्के वजन के लिए जाना जाता है। इसे बैग में रखना और लेकर घूमना काफी आसान है। दूसरी तरफ MacBook Neo का डिजाइन थोड़ा अलग और ज्यादा यूथफुल रखा गया है। यह भी देखने में काफी आकर्षक लगता है और प्रीमियम फील देता है।
यानी डिजाइन के मामले में दोनों ही मॉडल अच्छे हैं। अगर आपकी प्राथमिकता हल्का और पतला लैपटॉप है, तो MacBook Air आपको ज्यादा पसंद आ सकता है। वहीं कम कीमत में स्टाइलिश MacBook चाहिए तो Neo भी अच्छा विकल्प बन सकता है।
परफॉर्मेंस में किसकी ताकत ज्यादा है?
यहां दोनों लैपटॉप के बीच सबसे बड़ा अंतर देखने को मिलता है। MacBook Neo में A18 Pro चिप दी गई है। यह रोजमर्रा के कामों जैसे इंटरनेट ब्राउजिंग, ईमेल, ऑनलाइन पढ़ाई, वीडियो देखना, डॉक्यूमेंट तैयार करना और सामान्य फोटो एडिटिंग के लिए पर्याप्त हो सकती है।
अगर आपका काम ज्यादातर Chrome या दूसरे ब्राउजर, ऑफिस ऐप्स और सामान्य सॉफ्टवेयर तक सीमित है, तो Neo आपकी जरूरत पूरी कर सकता है। हालांकि, इसमें 8GB मेमोरी और शुरुआती मॉडल में 256GB स्टोरेज मिलता है। इसलिए बहुत सारे ऐप्स एक साथ चलाने या बड़ी संख्या में फाइलें सेव करने पर इसकी सीमाएं महसूस हो सकती हैं।
वहीं MacBook Air में M5 चिप के साथ 16GB मेमोरी और 512GB स्टोरेज मिलता है। इसलिए मल्टीटास्किंग, ज्यादा फाइलों के साथ काम करने और अपेक्षाकृत भारी काम के लिए Air ज्यादा दमदार विकल्प बन जाता है।
दोनो लैपटॉप में बैटरी परफॉर्मेंस
पोर्ट्स की बात करें तो Air में दो Thunderbolt 4 USB-C पोर्ट के साथ MagSafe चार्जिंग मिलती है। Neo में भी दो USB-C पोर्ट हैं, लेकिन इनमें से एक की स्पीड USB 2 तक सीमित है। बैटरी बैकअप में भी Air आगे है। Apple के मुताबिक MacBook Neo वीडियो प्लेबैक में 16 घंटे तक और MacBook Air 18 घंटे तक चल सकता है।कीमत में कितना बड़ा अंतर है?
कीमत के मामले में MacBook Neo और MacBook Air के बीच काफी अंतर है। MacBook Neo की शुरुआती कीमत करीब 69,900 रुपये है। इसके मुकाबले 13 इंच वाले MacBook Air M5 की शुरुआती कीमत 1,19,900 रुपये है। यानी दोनों के बेस मॉडल में करीब 50 हजार रुपये का अंतर है।MacBook Air का 13.6 इंच मॉडल 16GB मेमोरी और 512GB स्टोरेज के साथ आता है। अगर आपको ज्यादा बड़ी स्क्रीन चाहिए तो 15 इंच का Air भी उपलब्ध है, जिसकी शुरुआती कीमत करीब 1,44,900 रुपये है। Air की स्क्रीन में P3 कलर सपोर्ट और True Tone जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
आपके लिए कौन सा MacBook सही रहेगा?
अगर आपका बजट करीब 70 हजार रुपये है और आप पहली बार MacBook खरीदने जा रहे हैं, तो MacBook Neo पर विचार किया जा सकता है। ऑनलाइन क्लास, कॉलेज का काम, वीडियो देखना, इंटरनेट चलाना, डॉक्यूमेंट तैयार करना और वीडियो कॉल जैसे सामान्य कामों के लिए यह काफी हो सकता है।लेकिन खरीदने से पहले स्टोरेज और पोर्ट्स पर जरूर ध्यान दें। 256GB स्टोरेज आपके लिए कम पड़ सकता है, खासकर अगर आप बहुत सारी फोटो, वीडियो या दूसरी बड़ी फाइलें रखते हैं। ऐसे में ज्यादा स्टोरेज वाले मॉडल पर जाना बेहतर रहेगा।
दूसरी तरफ, अगर लैपटॉप का इस्तेमाल सिर्फ सामान्य कामों तक सीमित नहीं है और आपको पढ़ाई के साथ ऑफिस का काम, मल्टीटास्किंग, ज्यादा फाइल स्टोरेज या कुछ ज्यादा demanding काम करना है, तो MacBook Air ज्यादा सही विकल्प रहेगा। वीडियो एडिटिंग या दूसरे भारी काम करने वालों के लिए भी Air का ज्यादा RAM, ज्यादा स्टोरेज और तेज पोर्ट उपयोगी साबित हो सकते हैं।
