IMD Alert Color Code: भारतीय मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने शुक्रवार से अगले 5 दिनों के लिए उत्तर पश्चिम भारत में शीतलहर का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में सुबह के समय बहुत घना कोहरा रहने की संभावना है। आईएमडी ने कहा कि मध्य और पूर्वी भारत में अगले 3 दिनों के दौरान तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिलेगी। आईएमडी की चेतावनी के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। यहां अगले 24 घंटों में गंभीर शीत लहर देखने को मिलेगी वहीं दोपहर तक उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और झारखंड जैसे राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां हम आईएमडी द्वारा जारी शीत लहर अलर्ट को ऑनलाइन चेक करने का तरीका बता रहे हैं। साथ ही अलर्ट के रंग कोड को भी समझेंगे।
अपने क्षेत्र में शीतलहर की चेतावनी ऐसे करें चेक
- आईएमडी की वेबसाइट mausam.imd.gov.in पर जाएं।
- अब चेतावनियां सेक्शन में से सब डिवीजन चेतावनियां लिंक पर क्लिक करें।
- सब डिवीजन लिस्ट में से अपना क्षेत्र चुनें।
- अपने क्षेत्र में शीतलहर अलर्ट पर लेटेस्ट अपडेट के लिए मैप पर शीतलहर कॉलम या आइकन देखें।
आप गूगल वेदर की मदद से भी आईएमडी शीतलहर अलर्ट को देख सकते हैं।
- इसके लिए गूगल ऐप खोलें और वैदर आइकन पर टैप करें।
- कोल्ड वेव अलर्ट लेबल देखें। यदि आपको यह दिखाई देता है तो अलर्ट चेक करने के लिए टैप करें और देखें कि क्या आपका क्षेत्र लिस्ट में है कि नहीं।
- आईएमडी का प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर ऐप भी है, जिसकी मदद से आप अपने क्षेत्र के जारी मौसम अलर्ट को देख सकते हैं।
आईएमडी शीतलहर अलर्ट कलर कोड का मतलब
- हरा - कोई अलर्ट नहीं
- पीला - पीला अलर्ट खराब मौसम की स्थिति का संकेत देता है। ऐसे में आपको सावधान रहना चाहिए।
- ऑरेंज - ऑरेंज अलर्ट तब जारी किया जाता है जब मौसम बेहद खराब होने की आशंका होती है। इससे परिवहन, रेल, सड़क और वायु के साथ-साथ बिजली आपूर्ति भी बाधित हो सकती है। ऐसे में आपको खराब मौसम के लिए तैयार रहना चाहिए।
- रेड -रेड अलर्ट तब जारी किया जाता है जब अत्यधिक खराब मौसम की स्थिति के कारण परिवहन और बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका होती है, जिससे जीवन को खतरा होता है। यह सबसे खतरनाक अलर्ट है।
