आज यानी 8 अक्टूबर 2025 से इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC 2025) की शुरूआत हो रही है। यह एशिया का सबसे बड़ा टेक इवेंट है जिसमें दुनियाभर की कंपनियां हिस्सा लेती हैं और अपने प्रोडक्ट का शोकेस करती हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 अक्टूबर 2025 को सुबह 9:30 बजे यशोभूमि, द्वारका में इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2025 का उद्घाटन करेंगे। यह इवेंट 11 अक्टूबर तक चलेगा। बता दें कि यह आईएमसी का 9वां एडिशन है। पहली बार IMC का आयोजन 2017 में प्रगति मैदान में हुआ था।
IMC 2025 की थीम
इस वर्ष IMC 2025 की थीम “Innovate to Transform” रखा गया है, जिसका उद्देश्य टेलीकॉम और डिजिटल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत (Atmanirbhar Bharat) और स्वदेशी नवाचार (Self-Reliance) को बढ़ावा देना है। इस साल का यह इवेंट 6G इकोसिस्टम, साइबर सुरक्षा, सैटेलाइट कम्युनिकेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इंटरनेट ऑफ थिंग्स औक टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग पर फोकस रहेगा।
आंकड़ों में IMC 2025
IMC 2025 में इस बार 1.5 लाख से अधिक विज़िटर्स, 7,000+ वैश्विक प्रतिनिधि और 400 से अधिक प्रदर्शक शामिल होने की उम्मीद है। इसके साथ ही 1,600 से ज्यादा नए टेक्नोलॉजी यूज़-केस, 100+ सत्र और 800+ स्पीकर्स उभरती प्रौद्योगिकियों पर चर्चा करेंगे।
भारत की डिजिटल लीडरशिप को नई दिशा
भारत मोबाइल कांग्रेस 2025 न सिर्फ देश की डिजिटल विजन को तेजी देगा, बल्कि भारत को वैश्विक टेक्नोलॉजी लीडरशिप की दिशा में आगे बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाएगा। यह आयोजन देश के टेलीकॉम, डिजिटल इनोवेशन और टेक्नोलॉजी सेक्टर में नए अवसरों और साझेदारियों को जन्म देगा।
