टेक एंड गैजेट्स

HMD का नया स्मार्टफोन जल्द भारत में देगा दस्तक, Flipkart पर होगी बिक्री, टीजर में दिखी झलक

HMD ने नए डिवाइस को फिलहाल एक Pro स्मार्टफोन के तौर पर टीज किया है। माना जा रहा है कि इसका नाम HMD Pro हो सकता है, लेकिन कंपनी ने इसकी पुष्टि नहीं की है। कंपनी इसे मिडरेंज फ्लैगशिप सेगमेंट में लॉन्च कर सकती है।

Image

एचएमडी के आने वाले फोन में आपको कई सारे तगड़े फीचर्स मिलते हैं।

2026 के बचे हुए महीने में स्मार्टफोन बाजार में कुछ बड़े धमाके देखने को मिल सकते हैं। इस बीच स्मार्टफोन मेकर कंपनी HMD भारतीय बाजार में अपना नया स्मार्टफोन लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने अपकमिंग स्मार्टफोन को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक टीजर जारी किया है, जिसमें नए फोन की पहली झलक देखने को मिली है। हालांकि, HMD ने अभी तक इस डिवाइस का नाम आधिकारिक तौर पर नहीं बताया है।

टीजर को देखकर इतना जरूर पता चलता है कि कंपनी फोन के कैमरा फीचर्स पर खास ध्यान दे रही है। मतलब अगर आप कैमरा सेंट्रिक स्मार्टफोन खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं तो इसे अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। टीजर वीडियो से स्मार्टफोन के डिजाइन का भी खुलासा हो गया है।

‘HMD Pro’ नाम से आ सकता है फोन

HMD ने नए डिवाइस को फिलहाल एक Pro स्मार्टफोन के तौर पर टीज किया है। माना जा रहा है कि इसका नाम HMD Pro हो सकता है, लेकिन कंपनी ने इसकी पुष्टि नहीं की है। टीजर में “Pro is about to focus on one thing: your Vibe” टैगलाइन दिखाई गई है। साथ ही कंपनी ने लोगों से कैमरे के पीछे छिपी खासियत का अंदाजा लगाने को कहा है। इससे संकेत मिलते हैं कि नए फोन में कैमरा से जुड़े कुछ खास फीचर्स देखने को मिल सकते हैं।

फिलहाल फोन को ‘Coming Soon’ टैग के साथ दिखाया गया है। इसकी बिक्री भारत में Flipkart के जरिए होगी। खास बात यह है कि फोन को Flipkart के Big Billion Days सेल इवेंट के दौरान बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

ऐसा होगा फोन का रियर डिजाइन

HMD के 13 सेकंड के टीजर वीडियो में फोन के पिछले हिस्से की झलक दिखाई गई है। डिवाइस सिल्वर कलर के फिनिश के साथ नजर आता है और इसके किनारे हल्के राउंडेड हैं।

फोन के पीछे डुअल कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें दो बड़े गोल लेंस एक के नीचे एक वर्टिकल तरीके से लगाए गए हैं। ऊपर वाले कैमरे के ठीक नीचे एक छोटा गोल एलिमेंट दिखाई देता है, जिसमें LED फ्लैश दिया गया है। कैमरा सेटअप को एक राउंडेड रेक्टेंगल आकार के मॉड्यूल के अंदर रखा गया है, जिससे फोन का रियर लुक काफी अलग दिखाई देता है।

Vibe सीरीज से हो सकता है कनेक्शन

टीजर में ‘Vibe’ शब्द का इस्तेमाल किया गया है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि नया फोन HMD की Vibe सीरीज से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि कंपनी इसे Vibe लाइनअप के तहत ही लॉन्च करेगी या किसी अलग सीरीज के रूप में पेश करेगी।

HMD ने इस साल की शुरुआत में भारत में HMD Vibe 2 5G को लॉन्च किया था। इसकी शुरुआती कीमत ₹10,999 रखी गई थी। यह फोन Cosmic Lavender, Nordic Blue और Peach Pink कलर में आया था और फिलहाल Flipkart पर उपलब्ध है।

HMD Vibe 2 5G के फीचर्स

HMD Vibe 2 5G में 6.7 इंच का HD+ डिस्प्ले मिलता है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। फोन में 4GB RAM और 128GB तक स्टोरेज दी गई है। इसमें ऑक्टा-कोर Unisoc प्रोसेसर का इस्तेमाल किया गया है।

कैमरा सेटअप की बात करें तो फोन में AI फीचर्स वाला रियर कैमरा दिया गया है। इसका मुख्य कैमरा 50MP का है, जबकि सेल्फी के लिए 8MP का फ्रंट कैमरा मिलता है। फोन को धूल और पानी से बचाव के लिए IP64 रेटिंग मिली है। पावर के लिए इसमें 6,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 18W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। फिलहाल नए HMD स्मार्टफोन की कीमत, लॉन्च डेट और पूरे स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी सामने नहीं आई है। कंपनी की ओर से आधिकारिक घोषणा के बाद इन डिटेल्स का खुलासा होने की उम्मीद है।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article