सरकार ने अवैध जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 300 वेबसाइट और ऐप्स को ब्लॉक कर दिया है। यह जानकारी सूत्रों के हवाले से सामने आई है। बैन किए गए ये प्लेटफॉर्म ऑनलाइन स्पोर्ट्स सट्टेबाजी, ऑनलाइन कैसीनो और ऐसे “बेटिंग एक्सचेंज” की तरह काम करते थे, जहां लोग दांव लगाते थे। इस कदम का मकसद ऑनलाइन अवैध जुए को रोकना और लोगों को इसके नुकसान से बचाना है।
सूत्रों के अनुसार, सरकार ने सट्टा/मटका जुआ नेटवर्क के साथ-साथ ‘रियल मनी’ वाले कार्ड और कैसीनो गेम ऐप्स पर भी सख्त कार्रवाई की है। अवैध जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए सरकार ने करीब 300 वेबसाइट और ऐप्स को ब्लॉक कर दिया है। ये ऐसे प्लेटफॉर्म थे, जहां लोगों से असली पैसे लगवाकर जुआ खिलाया जाता था और कई बार धोखाधड़ी का खतरा भी रहता था।
गैरकानूनी गतिविधियों पर लगेगी रोक
सरकार का यह कदम लोगों को आर्थिक नुकसान से बचाने और ऑनलाइन गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए उठाया गया है। साथ ही, ऐसे प्लेटफॉर्म्स पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियों को समय रहते रोका जा सके। इस फैसले का लाखो करोड़ों लोगों पर असर पड़ेगा। ऑनलाइन गैम्बलिंग को रोकने के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, अब तक करीब 8,400 ऐसी वेबसाइट्स को ब्लॉक किया जा चुका है, जो अवैध तरीके से जुआ या सट्टेबाजी से जुड़ी थीं। इनमें से लगभग 4,900 वेबसाइट्स ‘ऑनलाइन गेमिंग अधिनियम’ लागू होने के बाद ही बंद की गई हैं। इससे यह साफ होता है कि कानून लागू होने के बाद सरकार ने इस तरह की गैरकानूनी साइट्स पर सख्ती और बढ़ा दी है। लगातार निगरानी रखी जा रही है और जैसे ही कोई संदिग्ध प्लेटफॉर्म सामने आता है, उस पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है, ताकि लोगों को ठगी और नुकसान से बचाया जा सके।
(इनपुट-भाषा)
