आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में बड़ी टेक कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है। अब Meta भी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Facebook को AI से जोड़ने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। कंपनी ने Facebook के लिए नए AI फीचर्स पेश किए हैं, जो यूजर्स के सर्च करने, कंटेंट बनाने और प्लेटफॉर्म इस्तेमाल करने के तरीके को बदल सकते हैं।
AI मोड से स्मार्ट होगा Facebook सर्च
Meta ने Facebook में AI मोड पेश किया है, जो सामान्य सर्च इंजन की तरह काम करने के बजाय एक स्मार्ट असिस्टेंट की तरह काम करेगा। यूजर्स अब किसी भी जानकारी के लिए लंबी-लंबी पोस्ट और वीडियो स्क्रॉल करने के बजाय सीधे सवाल पूछ सकेंगे।
यह AI Facebook के पब्लिक पोस्ट, ग्रुप्स और रील्स में मौजूद जानकारी को समझकर यूजर को एक सारांश के रूप में जवाब देगा। यानी अगर किसी विषय पर लोग Facebook पर चर्चा कर रहे हैं, तो AI उस बातचीत को समझकर एक आसान उत्तर देने की कोशिश करेगा, हालांकि, इसमें एक चुनौती भी है। क्योंकि AI आम यूजर्स की पब्लिक पोस्ट से जानकारी लेगा, इसलिए कभी-कभी गलत, पुरानी या अपुष्ट जानकारी सामने आने की संभावना बनी रह सकती है।
नए AI क्रिएटिव टूल्स से आसान होगा कंटेंट बनाना
Meta ने सिर्फ सर्च ही नहीं, बल्कि क्रिएटिव फीचर्स में भी AI का इस्तेमाल बढ़ाया है। अब कैमरा रोल शेयरिंग सुझावों में नए कोलाज कटआउट टेम्पलेट और ट्रांजिशन इफेक्ट्स शामिल किए जा रहे हैं। इनकी मदद से यूजर्स अपनी फोटो और वीडियो को आसानी से आकर्षक मोंटाज में बदल सकेंगे। ये फीचर्स पूरी तरह ऑप्ट-इन होंगे यानी यूजर चाहें तो इन्हें इस्तेमाल करें या बंद कर दें।
AI से बदल सकेंगे फोटो का लुक
Facebook में नया AI फोटो प्रीसेट फीचर भी जोड़ा गया है। इसकी मदद से यूजर्स अपनी तस्वीरों में कपड़े, हेयरस्टाइल और एक्सेसरीज को डिजिटल तरीके से बदल सकेंगे। स्पोर्ट्स पसंद करने वाले यूजर्स अपने पसंदीदा टीम की जर्सी भी AI की मदद से फोटो में जोड़ सकेंगे। इसके लिए Stories में AI Edit विकल्प के अंदर Wear It फीचर इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा प्रोफाइल फोटो को भी AI की मदद से नया लुक दिया जा सकेगा।
Facebook को AI प्लेटफॉर्म बनाने की तैयारी
Meta पिछले कुछ समय से Facebook, Instagram और WhatsApp में AI आधारित फीचर्स जोड़ रही है। कंपनी ने क्रिएटर्स के लिए AI असिस्टेंट, एनिमेटेड प्रोफाइल फोटो और Facebook Marketplace पर AI आधारित जवाब देने जैसे फीचर्स भी पेश किए हैं।
इसके साथ ही Meta ने अपने प्लेटफॉर्म्स के लिए सब्सक्रिप्शन प्लान भी शुरू किए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी भविष्य में और ज्यादा AI आधारित सब्सक्रिप्शन फीचर्स लाने की तैयारी कर रही है।
