सोशल मीडिया पर कॉपी-पेस्ट वीडियो और कंटेंट का खेल लंबे समय से चल रहा है। इसका बड़ा नुकसान असली क्रिएटर्स को हो रहा है। कुछ नए असली क्रिएटर्स अच्छे कंटेंट बना रहे हैं लेकिन उन कंटेंट को कॉपी पेस्ट करके कुछ लोग पैसे कमा रहे हैं। अब मेटा ने इस खेल को ही खत्म कर दिया है।
Meta प्लेटफॉर्म ने घोषणा की कि उसने Facebook पर बढ़ रहे नकली और कॉपी किए गए कंटेंट को रोकने के लिए नए टूल लॉन्च किए हैं। इन टूल्स की मदद से अब क्रिएटर्स अपने कंटेंट की नकल करने वाले अकाउंट्स की पहचान कर उन्हें आसानी से रिपोर्ट कर सकेंगे।
एक ही डैशबोर्ड से कर सकेंगे शिकायत
नए अपडेट के तहत क्रिएटर्स को एक सेंट्रलाइज्ड डैशबोर्ड मिलेगा, जहां वे एक ही जगह से कॉपी या दोबारा अपलोड किए गए कंटेंट की शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इससे रिपोर्टिंग प्रक्रिया पहले की तुलना में काफी आसान हो जाएगी और क्रिएटर्स अपने कंटेंट की बेहतर सुरक्षा कर पाएंगे।
AI डीपफेक पर अभी भी सीमित क्षमता
Meta के अनुसार नए कंटेंट प्रोटेक्शन टूल मूल कंटेंट और उसकी कॉपी के बीच मिलान कर सकते हैं, हालांकि ये टूल अभी उन AI-जनरेटेड डीपफेक वीडियो की पहचान नहीं कर पाएंगे, जिनमें किसी क्रिएटर की शक्ल या पहचान का इस्तेमाल किया जाता है।
‘ओरिजिनल कंटेंट’ की नई परिभाषा
कंपनी ने Facebook के कंटेंट गाइडलाइंस को भी अपडेट किया है। अब ‘ओरिजिनल कंटेंट’ का मतलब वह सामग्री होगी जिसे क्रिएटर ने खुद शूट या तैयार किया हो। इसके अलावा ऐसे रील्स भी ओरिजिनल माने जाएंगे, जिनमें किसी अन्य कंटेंट को रीमिक्स करके नई जानकारी, विश्लेषण या चर्चा जोड़ी गई हो। वहीं हल्के बदलाव जैसे केवल बॉर्डर, कैप्शन या मामूली एडिट जोड़कर दोबारा अपलोड किए गए वीडियो को अनऑरिजिनल माना जाएगा और उनकी पहुंच कम कर दी जाएगी।
AI स्लोप की समस्या से निपटने की कोशिश
हाल के समय में कई यूजर्स ने शिकायत की थी कि Facebook पर बड़ी मात्रा में AI-जनरेटेड और स्पैम जैसा कंटेंट दिखाई दे रहा है। कंपनी ने इसे लेकर सख्ती बढ़ाई है और ओरिजिनल कंटेंट को यूजर्स के फीड में ज्यादा प्राथमिकता देने का फैसला किया है।
लाखों फर्जी अकाउंट पर कार्रवाई
Meta के अनुसार 2025 में Facebook पर लगभग 2 करोड़ अकाउंट हटाए गए, जिससे बड़े क्रिएटर्स के खिलाफ इम्पर्सनेशन रिपोर्ट में करीब 33 प्रतिशत की कमी आई है। कंपनी का दावा है कि 2025 की दूसरी छमाही में Facebook पर ओरिजिनल कंटेंट देखने और उस पर बिताए जाने वाले समय में लगभग दोगुनी वृद्धि हुई है।
Facebook Marketplace में भी आया नया AI फीचर
Meta ने Facebook Marketplace के लिए भी एक नया फीचर पेश किया है। इसके तहत कारोबारी अब Meta AI की मदद से खरीदारों के सामान्य सवाल जैसे “क्या यह अभी उपलब्ध है?” का ऑटोमैटिक जवाब दे सकेंगे। यह जवाब प्रोडक्ट की जानकारी, कीमत, उपलब्धता और पिकअप लोकेशन के आधार पर तैयार किया जाएगा।
