टेक एंड गैजेट्स

भारत में ChatGPT Ads लॉन्च, कैसे काम करेंगे विज्ञापन? जानें यूजर प्राइवेसी पर OpenAI का क्या कहना है

हर बातचीत के नीचे विज्ञापन आना जरूरी नहीं है। विज्ञापन तभी दिखाई देगा जब उसके लिए प्रासंगिक स्पॉन्सर्ड प्रोडक्ट या सर्विस मौजूद होगी और बातचीत उस श्रेणी में नहीं आती, जहां विज्ञापन प्रतिबंधित हैं।

Image

18 साल से कम उम्र के यूजर्स के लिए नहीं होंगे Ads

Photo : iStock

OpenAI ने भारत में ChatGPT Ads की शुरुआत कर दी है। कंपनी ने गुरुवार को इसकी घोषणा की। इसके साथ अब ChatGPT के Free और Go सब्सक्रिप्शन इस्तेमाल करने वाले लॉग-इन वयस्क यूजर्स को चैटबॉट के जवाबों के साथ संबंधित विज्ञापन दिखाई दे सकते हैं। यह सुविधा पहले ही कुछ अन्य बाजारों में शुरू की जा चुकी है और अब भारत में भी इसका विस्तार किया गया है। OpenAI के मुताबिक, विज्ञापन ChatGPT के जवाब का हिस्सा नहीं होंगे। इन्हें स्पष्ट रूप से Sponsored के तौर पर लेबल किया जाएगा और चैटबॉट के जवाब से अलग दिखाया जाएगा।

Free और Go यूजर्स को दिखेंगे विज्ञापन

भारत में फिलहाल ChatGPT के Free और Go प्लान पर विज्ञापन दिखाई देंगे। जब किसी सवाल या बातचीत के संदर्भ में कोई प्रासंगिक प्रायोजित प्रोडक्ट या सर्विस उपलब्ध होगी, तभी जवाब के नीचे विज्ञापन दिखाया जा सकता है। वहीं ChatGPT Plus, Pro, Business, Enterprise और Education प्लान के यूजर्स पहले की तरह बिना विज्ञापनों के ChatGPT का इस्तेमाल कर सकेंगे।

18 साल से कम उम्र के यूजर्स के लिए नहीं होंगे Ads

OpenAI ने कहा है कि जिन अकाउंट्स के यूजर की उम्र 18 साल से कम होने की पहचान या संभावना है, वहां विज्ञापन नहीं दिखाए जाएंगे। कंपनी संवेदनशील और रेगुलेटेड विषयों से जुड़ी बातचीत के साथ भी विज्ञापन नहीं दिखाएगी। इनमें मेंटल हेल्थ और राजनीति जैसे विषय शामिल हैं। इसका मतलब है कि हर बातचीत के नीचे विज्ञापन आना जरूरी नहीं है। विज्ञापन तभी दिखाई देगा जब उसके लिए प्रासंगिक स्पॉन्सर्ड प्रोडक्ट या सर्विस मौजूद होगी और बातचीत उस श्रेणी में नहीं आती, जहां विज्ञापन प्रतिबंधित हैं।

विज्ञापनदाताओं को नहीं मिलेगी निजी चैट की जानकारी

OpenAI का कहना है कि ChatGPT पर होने वाली बातचीत निजी रहेगी और विज्ञापनदाता व्यक्तिगत चैट या यूजर की निजी जानकारी तक पहुंच नहीं बना सकेंगे। कंपनी ने यह भी कहा है कि विज्ञापन सिस्टम को इस तरह तैयार किया गया है कि विज्ञापन दिखाने के बावजूद यूजर की बातचीत की प्राइवेसी बनी रहे। यूजर्स को विज्ञापनों को हटाने, उनके बारे में फीडबैक देने, विज्ञापन पर्सनलाइजेशन को मैनेज करने और विज्ञापन के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले डेटा को क्लियर करने का नियंत्रण भी मिलेगा।

50 से ज्यादा ब्रांड दिखा सकते हैं Ads

भारत में OpenAI ने शुरुआती चरण में विज्ञापन के लिए WPP और Omnicom को एजेंसी पार्टनर बनाया है। कंपनी के मुताबिक, भारत में इस सप्ताह 50 से ज्यादा ब्रांड ChatGPT पर विज्ञापन चलाने की तैयारी कर रहे हैं। यह साझेदारी एक्सक्लूसिव नहीं है, यानी भविष्य में OpenAI अन्य एजेंसियों के साथ भी काम कर सकता है।

4 सितंबर से आएगा Ads Manager

OpenAI ने बताया कि 4 सितंबर से सेल्फ-सर्व Ads Manager उपलब्ध कराया जाएगा। इसके जरिए कंपनियां खुद ChatGPT पर विज्ञापन कैंपेन चला सकेंगी। विज्ञापन के लिए डेली बजट ₹725 से शुरू होगा। कंपनी ने विज्ञापनदाताओं के लिए Cost-per-click (CPC) bidding और अतिरिक्त कैंपेन मेजरमेंट टूल्स भी पेश किए हैं। OpenAI के मुताबिक, ChatGPT Ads का उद्देश्य कंपनियों को ऐसे समय में संभावित ग्राहकों तक पहुंचने में मदद करना है, जब वे किसी प्रोडक्ट को खोज रहे हों, अलग-अलग विकल्पों की तुलना कर रहे हों या खरीदारी से जुड़ा फैसला ले रहे हों।

यूजर्स के लिए क्या बदलेगा?

ChatGPT के Free और Go यूजर्स को अब कुछ जवाबों के नीचे संबंधित विज्ञापन दिखाई दे सकते हैं। हालांकि, OpenAI का कहना है कि विज्ञापन स्पष्ट रूप से अलग और लेबल किए हुए होंगे। साथ ही, Plus और इससे ऊपर के कई पेड प्लान यूजर्स को विज्ञापन-मुक्त अनुभव मिलता रहेगा। कंपनी का दावा है कि विज्ञापन मॉडल का इस्तेमाल यूजर्स की निजी बातचीत को विज्ञापनदाताओं के साथ साझा किए बिना किया जाएगा।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article