OnePlus 13
OnePlus ने भारत में अपना अगला फ्लैगशिप स्मार्टफोन OnePlus 15 13 नवंबर को लॉन्च करने की घोषणा की है। लॉन्च से कुछ दिन पहले ही OnePlus 13 पर भारी डिस्काउंट दिया जा रहा है। यह फोन अब Amazon, Croma और OnePlus की वेबसाइट पर ₹63,999 में उपलब्ध है, जबकि इसकी लॉन्च कीमत ₹69,999 थी। इसके अलावा कंपनी ने इसे बंद भी कर दिया है तो ऐसे में सवाल उठता है कि क्या पुराने फ्लैगशिप को डिस्काउंट पर खरीदना सही रहेगा या नए मॉडल का इंतजार करना बेहतर होगा?
OnePlus 13 में इको-लेदर बैक दिया गया था, जो हाथ में काफी प्रीमियम और आरामदायक महसूस होता था। वहीं OnePlus 15 में मैट ग्लास बैक और स्क्वायर कैमरा मॉड्यूल दिया गया है। यह देखने में ज्यादा मॉडर्न और स्लिक है। नया फोन थोड़ा पतला (8.1mm) भी है, जबकि 13 की मोटाई 8.5mm थी।
OnePlus 13 में 6.82-इंच 2K LTPO AMOLED डिस्प्ले (120Hz रिफ्रेश रेट) था, जबकि OnePlus 15 में 6.78-इंच LTPO AMOLED डिस्प्ले है, जो 165Hz रिफ्रेश रेट और 1.5K रिजॉल्यूशन के साथ आता है, हालांकि 165Hz रिफ्रेश रेट सुनने में बेहतर लगता है, लेकिन ज्यादातर ऐप्स और गेम्स अभी भी 120Hz तक ही सीमित हैं। OnePlus 15 की स्क्रीन ज़्यादा ब्राइट है (1,800 निट्स बनाम 1,600 निट्स), जो आउटडोर विजिबिलिटी में मदद करेगी।
OnePlus 13 का Hasselblad ट्रिपल 50MP कैमरा सिस्टम इसकी सबसे बड़ी खूबी थी। वहीं OnePlus 15 में भी 50MP वाइड, अल्ट्रा-वाइड और पेरिस्कोप कैमरा सेटअप मिलेगा, लेकिन अब Hasselblad की जगह कंपनी ने अपना DetailMax Engine दिया है, जो एआई-आधारित इमेज क्लैरिटी और कलर एक्युरेसी को बेहतर बनाता है। नया 3.5x पेरिस्कोप ज़ूम पिछले 3x जूम से थोड़ा बेहतर रहेगा।
OnePlus 15 में नया Snapdragon 8 Elite Gen 5 चिपसेट और UFS 4.1 स्टोरेज है, जबकि OnePlus 13 में Snapdragon 8 Elite Gen 4 और UFS 4.0 स्टोरेज दी गई थी। रोजमर्रा के इस्तेमाल में बड़ा फर्क नहीं दिखेगा, लेकिन नया चिप बेहतर पावर एफिशिएंसी और स्मूद मल्टीटास्किंग प्रदान करेगा।
OnePlus 15 में 7,300mAh सिलिकॉन-कार्बन बैटरी दी गई है, जो 120W फास्ट चार्जिंग और 50W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट करती है। वहीं OnePlus 13 में 6,000mAh बैटरी के साथ 100W चार्जिंग दी गई थी। बैटरी बैकअप दोनों में शानदार है, लेकिन नया मॉडल थोड़ा आगे रहेगा।
अब कुल मिलाकर कहें तो ₹63,999 की कीमत पर OnePlus 13 अब भी एक दमदार फ्लैगशिप है। प्रीमियम डिजाइन, भरोसेमंद कैमरा और पावरफुल परफॉर्मेंस के साथ, लेकिन अगर आप कुछ ही दिन रुक सकते हैं, तो OnePlus 15 बेहतर विकल्प साबित हो सकता है। इसकी कीमत संभवतः ₹70,000 से कम होगी और यह नए चिपसेट, बड़ी बैटरी और अधिक ब्राइट डिस्प्ले के साथ आएगा।