Apple ने आखिरकार भारत में अपनी डिजिटल पेमेंट सर्विस Apple Pay लॉन्च कर दी है। अमेरिका में सितंबर 2014 में लॉन्च होने के करीब 12 साल बाद अब भारतीय यूजर्स भी iPhone, Apple Watch और iPad से कॉन्टैक्टलेस पेमेंट कर सकेंगे। कंपनी ने भारत में Apple Pay के लिए Axis Bank को अपना पहला बैंकिंग पार्टनर बनाया है। शुरुआत में Axis Bank द्वारा जारी Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड को ही Apple Pay में जोड़ा जा सकेगा।
iPhone से बिना कार्ड निकाले कर सकेंगे पेमेंट
Apple Pay के जरिए यूजर्स फिजिकल कार्ड साथ रखे बिना NFC-enabled PoS मशीन पर अपने Apple डिवाइस को टैप करके भुगतान कर सकेंगे। इसके अलावा ऑनलाइन मर्चेंट और ऐप्स में भी Apple Pay से पेमेंट किया जा सकेगा। इसके लिए जिस PoS मशीन पर भुगतान किया जा रहा है, उसमें NFC सपोर्ट होना जरूरी है। Apple के मुताबिक, पेमेंट के समय यूजर को अलग से PIN या OTP डालने की जरूरत नहीं होगी। डिवाइस को PoS मशीन के पास टैप करने के बाद भुगतान की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
शुरुआत में सिर्फ Axis Bank के कार्ड
भारत में Apple Pay की शुरुआत Axis Bank के साथ हुई है। फिलहाल यूजर्स अपने Axis Bank-issued Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड को Apple Wallet में जोड़ सकते हैं। इसके लिए Axis Bank ऐप के लेटेस्ट वर्जन से कार्ड ऐड किया जा सकता है। इसके अलावा iPhone में Apple Wallet खोलकर '+' बटन दबाने और स्क्रीन पर दिए निर्देशों को फॉलो करके भी कार्ड जोड़ा जा सकता है।
Apple Pay में कार्ड नंबर स्टोर नहीं होता
Apple ने Apple Pay की सुरक्षा और प्राइवेसी को लेकर बताया है कि यूजर का वास्तविक कार्ड नंबर न तो Apple डिवाइस में स्टोर होता है और न ही Apple के सर्वर पर रखा जाता है। पेमेंट के दौरान मर्चेंट के साथ भी वास्तविक कार्ड नंबर शेयर नहीं किया जाता।
इसके बजाय Apple एक Device Account Number (DAN) बनाता है। यह नंबर एन्क्रिप्टेड तरीके से डिवाइस के सिक्योर एलिमेंट में स्टोर रहता है। Secure Element डिवाइस में पेमेंट से जुड़ी संवेदनशील जानकारी को सुरक्षित रखने के लिए इस्तेमाल होने वाली एक सर्टिफाइड चिप है।
Apple आपके ट्रांजैक्शन की जानकारी नहीं रखता
कंपनी का कहना है कि Apple Pay से किए गए ट्रांजैक्शन की जानकारी Apple अपने पास नहीं रखता। पेमेंट से जुड़ी जानकारी यूजर, मर्चेंट और बैंक या कार्ड जारी करने वाले संस्थान के बीच रहती है। इससे कंपनी का दावा है कि यूजर की वित्तीय जानकारी को Apple के पास स्टोर करने की जरूरत नहीं पड़ती।
जल्द Mac पर भी मिलेगा Apple Pay
फिलहाल भारत में Apple Pay iPhone, iPad और Apple Watch पर उपलब्ध है। कंपनी ने बताया है कि आने वाले समय में Mac डिवाइस पर भी भारत में Apple Pay का सपोर्ट दिया जाएगा। Apple के मुताबिक, भारत में लॉन्च के साथ Apple Pay अब दुनिया के 90 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में उपलब्ध हो गया है। दुनियाभर में यह सेवा 11,000 से ज्यादा बैंक और नेटवर्क पार्टनर्स के साथ काम करती है।
Apple Pay कैसे इस्तेमाल करें?
Apple Pay इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले अपने Axis Bank के योग्य Visa या Mastercard क्रेडिट कार्ड को Apple Wallet में जोड़ना होगा। कार्ड जोड़ने के बाद जहां NFC-enabled PoS मशीन उपलब्ध है, वहां iPhone या Apple Watch को मशीन के पास टैप करके कॉन्टैक्टलेस पेमेंट किया जा सकता है। यानी अब भारतीय यूजर्स के लिए Apple डिवाइस खुद एक डिजिटल पेमेंट टूल की तरह काम करेगा और हर बार फिजिकल क्रेडिट कार्ड निकालने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
