दक्षिण भारत के राज्य बच्चों की मेंटल हेल्थ को ध्यान में रखते हुए सोशल मीडिया को लेकर बड़ा फैसला ले रही हैं। कर्नाटक ने बजट पेश करने के दौरान राज्य में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया को बैन करने का प्रस्ताव पास रखा। कर्नाटक सरकार के इस फैसले के तुरंत बाद अब आंध्र प्रदेश की तरफ से भी सोशल मीडिया को लेकर बड़ा फैसला किया गया है। राज्य सरकार ने प्रदेश में 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया को बैन करने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को ऐलान किया कि राज्य में अब 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर बैन लगेगा। सरकार के मुताबिक सोशल मिडिया में लगने वाले इस बैन को अगले 90 दिनों में फेजवाइज लागू किया जाएगा। सरकार की तरफ से इसके लिए पॉलिसी बना ली गई है।
मुख्यमंत्री ने किया बड़ा ऐलान
राज्य के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने यह भी कहा कि राज्य सरकार सोशल मीडिया के बैन को 13 साल से बढ़ाकर 16 साल तक बढ़ाया जाए या नहीं फिलहाल इस पर विचार कर रही है। मुख्यमंत्री के मुताबिक यह फैसला पॉलिसी रिव्यू और कंसल्टेंशन के बाद लिया जाएगा।
आपको बता दें कि पिछले कुछ समय से बच्चों के लिए सोशल मिडिया को बैन किए जाने पर जोर-शोर से चर्चा चल रही है। हाल ही में राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव की तरफ से भी सोशल मीडिया में बैन को लेकर बात कही गई थी। उन्होंने इस बात के संकेत दिए थे कि सरकार इस मामले पर गंभीरता से विचार कर रही है।
कंपनियों को बातचीत के लिए बुलाया गया
राज्य के मंत्री नारा लोकेश ने कहा कि सोशल मीडिया पर लोगों का भरोसा अब तेजी से कम होता जा रहा है और बच्चे इसका बहुत ज्यादा इस्तेमाल करने लगे हैं। इसलिए सरकार इस पर कानूनी कदम उठाने के विकल्पों का अध्ययन करने जा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने Meta, Google, X और ShareChat जैसी बड़ी कंपनियों को इस मामले में चर्चा के लिए बुलाया है।
