टेक एंड गैजेट्स

AI से नहीं चलेगा काम! बड़ी कंपनियों का बड़ा यू-टर्न, फिर से शुरू की भर्ती

MIT के प्रोफेसर एमेरिटस पॉल ओस्टरमैन का कहना है कि फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि भविष्य में कंपनियों को ज्यादा कर्मचारियों की जरूरत होगी या कम। उनके अनुसार, AI ने रोजगार बाजार में नई अनिश्चितता पैदा कर दी है।

Image

AI से नहीं चलेगा काम! बड़ी कंपनियों का बड़ा यू-टर्न, फिर से शुरू की भर्ती

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल के बीच लंबे समय से यह आशंका जताई जा रही थी कि कंपनियां कर्मचारियों की संख्या कम करेंगी और कई नौकरियां AI के हवाले हो जाएंगी, हालांकि अब तस्वीर बदलती नजर आ रही है। अमेरिका की कई बड़ी कंपनियों ने संकेत दिए हैं कि वे एक बार फिर नई भर्तियां शुरू करने जा रही हैं। इनमें Google की पैरेंट कंपनी Alphabet, CSX, Booz Allen Hamilton, ServiceNow और अन्य बड़ी कंपनियां शामिल हैं।

AI के दौर में फिर बढ़ी कर्मचारियों की जरूरत

लाइव मिंट की एक रिपोर्ट के मुताबिक पिछले डेढ़ साल में कई कंपनियों ने आर्थिक अनिश्चितता और AI की बढ़ती क्षमता को देखते हुए नई भर्तियों पर रोक लगा दी थी। उनका मानना था कि AI कई काम संभाल सकता है, जिससे कम कर्मचारियों के साथ भी बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है, लेकिन अब कई कंपनियों का कहना है कि AI हर काम का विकल्प नहीं बन सकता। तेजी से बढ़ते कारोबार और नई तकनीकों का लाभ उठाने के लिए उन्हें फिर से कर्मचारियों की जरूरत महसूस हो रही है।

Booz Allen Hamilton ने भी भर्ती बढ़ाने के दिए संकेत

अमेरिकी सरकारी ठेकेदार कंपनी Booz Allen Hamilton ने निवेशकों को बताया कि अब उसे भर्ती की रफ्तार तेज करनी होगी। कंपनी की चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर क्रिस्टीन मार्टिन एंडरसन के मुताबिक, कंपनी फिलहाल भर्ती के मामले में पीछे चल रही है और इसे जल्द पूरा किया जाएगा।

गौरतलब है कि पिछले साल कंपनी ने हजारों कर्मचारियों की छंटनी की थी। जून के अंत तक कंपनी का कुल वर्कफोर्स लगभग 30,900 रह गया, जो एक साल पहले की तुलना में 7.5% कम था। अब राष्ट्रीय सुरक्षा समेत कई क्षेत्रों में बढ़ती मांग के चलते कंपनी फिर से कर्मचारियों की नियुक्ति करना चाहती है।

कंपनियों को समझ आया, AI के साथ इंसान भी जरूरी

मानव संसाधन प्लेटफॉर्म Lattice की CEO सारा फ्रैंकलिन का कहना है कि कई कंपनियों ने शुरुआती स्तर की नौकरियों में भर्ती रोक दी थी, क्योंकि उन्हें लगा था कि AI एजेंट यह काम संभाल लेंगे। लेकिन अब उन्हें एहसास हो रहा है कि AI के साथ काम करने के लिए इंसानी कर्मचारियों की भी उतनी ही जरूरत है। उनके अनुसार, सिर्फ AI कोडिंग एजेंट होने का मतलब यह नहीं कि इंजीनियरों की जरूरत खत्म हो गई है। इसी तरह AI आधारित सेल्स टूल्स होने के बावजूद सेल्स प्रोफेशनल्स की आवश्यकता बनी हुई है।

एंट्री-लेवल कर्मचारियों की मांग बढ़ी

Lattice के मुताबिक, उसकी हजारों क्लाइंट कंपनियां अब फिर से भर्ती कर रही हैं, खासकर एंट्री-लेवल और जूनियर पदों पर। कंपनियों का मानना है कि नए कर्मचारी AI-फ्रेंडली स्किल्स के साथ आते हैं, नई सोच रखते हैं और अपेक्षाकृत कम लागत में उपलब्ध होते हैं।

सिर्फ टेक नहीं, दूसरे सेक्टर भी कर रहे भर्ती

भर्ती का यह ट्रेंड केवल टेक कंपनियों तक सीमित नहीं है। टूल निर्माता Snap-on ने भी अपने कारोबार के विस्तार के लिए नए कर्मचारियों की नियुक्ति की योजना बनाई है। वहीं, रेल परिवहन कंपनी CSX ने कहा है कि बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए ट्रेन और इंजन सर्विस से जुड़े कर्मचारियों की संख्या में मामूली बढ़ोतरी की जाएगी।

Alphabet और ServiceNow भी बढ़ाएंगी हायरिंग

Google की पैरेंट कंपनी Alphabet ने स्पष्ट किया है कि वह AI और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में भर्ती जारी रखेगी। वहीं, सॉफ्टवेयर कंपनी ServiceNow साइबर सुरक्षा और अन्य ग्रोथ सेक्टर में अपनी सेल्स टीम को मजबूत करने के लिए नए कर्मचारियों की तलाश कर रही है।

AI का असर उम्मीद से कम?

स्टाफिंग कंपनी Robert Half के CEO एम. कीथ वैडेल का मानना है कि नौकरी बाजार पर AI का प्रभाव उतना गंभीर नहीं रहा, जितनी आशंका जताई जा रही थी। उनके अनुसार, कंपनी के कई क्लाइंट्स अब दोबारा भर्ती शुरू कर चुके हैं और रोजगार बाजार धीरे-धीरे बेहतर हो रहा है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article