टेक एंड गैजेट्स

5G subscribers in india: भारत में साल के अंत तक 13 करोड़ हो जाएगी 5जी यूजर्स की संख्या

  • Agency by: Agency
  • Updated Dec 1, 2023, 12:23 PM IST

5G subscribers in india: रिपोर्ट के अनुसार, 4G देश में कनेक्टिविटी बढ़ाने और डेटा वृद्धि को बढ़ावा देने वाला प्रमुख सब्सक्रिप्शन प्रकार बना हुआ है। हालांकि, जैसे-जैसे सब्सक्राइबर 5G की ओर स्थानांतरित होते हैं, 4जी सब्सक्रिप्शन 2023 में 87 करोड़ से घटकर 2029 तक 39 करोड़ होने का अनुमान है।

Image

5G subscribers in india

Photo : iStock

5G subscribers in india: भारत में 5जी सब्सक्रिप्शन इस साल के अंत तक 13 करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद है। वहीं यह संख्या साल 2029 तक बढ़कर 86 करोड़ हो सकती है। 2029 के अंत तक भारत में मोबाइल सब्सक्रिप्शन में 5जी सब्सक्रिप्शन का हिस्सा 68 प्रतिशत होने का अनुमान है। एक नई रिपोर्ट में यह बात कही गई है। बता दें कि भारत में साल अक्टूबर 2022 को 5G कनेक्टिविटी को रोल आउट किया गया है।

घटेंगे 4G सब्सक्रिप्शन

एरिक्सन की रिपोर्ट के अनुसार, 4G देश में कनेक्टिविटी बढ़ाने और डेटा वृद्धि को बढ़ावा देने वाला प्रमुख सब्सक्रिप्शन प्रकार बना हुआ है। हालांकि, जैसे-जैसे सब्सक्राइबर 5जी की ओर स्थानांतरित होते हैं, 4जी सब्सक्रिप्शन 2023 में 87 करोड़ से घटकर 2029 तक 39 करोड़ होने का अनुमान है।

एरिक्सन इंडिया के प्रमुख नितिन बंसल ने कहा, "हमारे वैश्विक परिनियोजन अनुभव और टेक्नोलॉजी नेतृत्व ने हमें भारत को उसकी 5G यात्रा में समर्थन देने में सक्षम बनाया है। मोबाइल नेटवर्क भारत में सामाजिक और आर्थिक समावेशन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, जिससे देश को डिजिटल रूप से सशक्त समाज में बदलने के सरकार के दृष्टिकोण का समर्थन मिलता है।"

2029 तक 1.27 अरब होंगे मोबाइल सब्सक्रिप्शन

इस क्षेत्र में कुल मोबाइल सब्सक्रिप्शन 2029 में बढ़कर 1.27 अरब होने का अनुमान है। भारत में प्रति स्मार्टफोन औसत डेटा ट्रैफिक विश्व स्तर पर सबसे अधिक है। इसके 2023 में 31 जीबी प्रति माह से बढ़कर 2029 में लगभग 75 जीबी प्रति माह होने का अनुमान है जो 16 प्रतिशत की औसत वार्षिक वृद्धि (सीएजीआर) दर्शाती है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कुल मोबाइल डेटा ट्रैफिक 2023 में 26 ईबी (एक्साबाइट) प्रति माह से बढ़कर 2029 में 73 ईबी प्रति माह हो जाने का अनुमान है, जो 19 प्रतिशत की सीएजीआर है।

2023 में 61 करोड़ नए 5जी सब्सक्रिप्शन

कुल मोबाइल सब्सक्रिप्शन के प्रतिशत के रूप में भारत में स्मार्टफोन सब्सक्रिप्शन 2023 में 82 प्रतिशत से बढ़कर 2029 में 93 प्रतिशत होने की उम्मीद है। वैश्विक स्तर पर कैलेंडर वर्ष 2023 के लिए 61 करोड़ नए 5जी सब्सक्रिप्शन होंगे। यानी पिछले साल के मुकाबले 63 प्रतिशत अधिक।

रिपोर्ट में कहा गया है कि 2023 के अंत और 2029 के बीच छह वर्षों में, वैश्विक 5जी सदस्यता 330 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 1.6 अरब से 5.3 अरब तक पहुँचने का अनुमान है। 2023 के अंत तक 5जी कवरेज वैश्विक आबादी के 45 प्रतिशत से अधिक और 2029 के अंत तक 85 प्रतिशत तक उपलब्ध होने का अनुमान है।

End of Article