Youth Hockey5s Asian Championship Muscat 2026: भारतीय सब-जूनियर बालक हॉकी टीम ने FIH यूथ हॉकी फाइव्स एशिया चैंपियनशिप में शुक्रवार को तूफानी प्रदर्शन किया। टीम इंडिया ने पहले मेजबान ओमान को 10-1 से हराया और फिर चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7-3 से रौंदकर लगातार दूसरी बड़ी जीत दर्ज की। वहीं बालिका टीम को एलीट पूल में चीन के खिलाफ 3-6 से हार का सामना करना पड़ा।
बालक टीम ने पाकिस्तान को धोया
पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भारत ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहले हाफ में ही भारत ने मैच अपने नाम कर लिया। रोमित पाल ने 8वें मिनट में गोल कर खाता खोला। इसके बाद 10वें मिनट में करण गौतम और कप्तान केतन कुशवाहा ने 1-1 गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया। दूसरे हाफ में प्रह्लाद राजभर ने 12वें मिनट में गोल कर बढ़त 4-0 कर दी। यहां से पाकिस्तान ने वापसी की कोशिश की।
मुहम्मद उस्मान ने 12वें और 15वें मिनट में 2 गोल किए और कप्तान अदील ने 17वें मिनट में स्कोर 4-3 कर दिया। लेकिन भारतीय टीम ने तुरंत जवाब दिया। शाहरुख अली ने 16वें, राहुल यादव ने 18वें और कप्तान केतन कुशवाहा ने 20वें मिनट में गोल कर भारत की 7-3 की शानदार जीत पक्की कर दी। केतन ने इस मैच में 2 गोल किए। इससे पहले दिन में भारत ने मेजबान ओमान को 10-1 के बड़े अंतर से हराया था। लगातार दो जीत के साथ भारतीय बालक टीम ने टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत की है।
विश्व कप के लिए क्वालीफायर
यह टूर्नामेंट अगले साल होने वाले पहले FIH यूथ हॉकी फाइव्स विश्व कप के लिए एशियाई क्वालीफायर भी है। भारतीय बालक टीम की लगातार दो जीत से विश्व कप में जगह बनाने की उम्मीदें मजबूत हो गई हैं।
बालिका टीम को चीन से मिली हार
बालिका वर्ग में भारत और चीन के बीच मुकाबला रोमांचक रहा। पहले हाफ तक स्कोर 3-3 की बराबरी पर था। लेकिन दूसरे हाफ में चीन ने मैच पर कब्जा कर लिया। गुओ जियाशिन ने 13वें और 20वें मिनट में गोल कर हैट्रिक पूरी की। लू तोंगतोंग ने भी 20वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागा। इसी के साथ चीन ने भारत को 6-3 से हरा दिया।
