क्रिकेट

जिंबाब्वे के खिलाफ पंजा झटकने के बाद वैष्णवी शर्मा ने खोला अपनी सफलता का राज

जिंबाब्वे के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने और तीसरे मुकाबले की प्लेयर ऑफ द मैच बनीं युवा स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने अपनी सफलता का राज साझा किया है।

Image

वैष्णवी शर्मा (फोटो क्रेडिट BCCI Women X)

वडोदरा: बायें हाथ की युवा स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ बुधवार को एकदिवसीय में पहली बार पांच विकेट लेने का श्रेय अपनी मानसिक और शारीरिक मजबूती पर मेहनत करने को दिया। वैष्णवी अब तक तीन वनडे मैच खेल चुकी हैं। उन्होंने अपने सभी नौ विकेट तीन मैचों की इस शृंखला के आखिरी दो मुकाबलों में लिए। करीब एक साल के अंतराल के बाद टीम में वापसी करते हुए उन्होंने अपनी गेंदबाजी में काफी सुधार दिखाया।

मानसिक और शारीरिक मजबूती पर किया काम

वैष्णवी ने बताया कि उन्होंने इस दौरान मानसिक और शारीरिक मजबूती पर काम करने के साथ क्षेत्ररक्षण और बल्लेबाजी की जरूरतों को समझा तथा गेंदबाजी में सुधार की गुंजाइश वाले क्षेत्रों पर ध्यान दिया। उन्होंने तीसरे वनडे में जिम्बाव्बे पर आठ विकेट की जीत के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा,'मुझे अच्छा समय मिला, जिसमें मैं खुद पर काम कर सकी। मैंने अपनी मानसिक और शारीरिक मजबूती बढ़ाने पर ध्यान दिया। मैंने समझा कि खेल में क्षेत्ररक्षण और बल्लेबाजी की क्या जरूरतें हैं और गेंदबाजी में किन क्षेत्रों पर काम करना चाहिए। मुझे लगता है कि मेरा खेल काफी बेहतर हुआ है।'

योजना के अनुसार गेंदबाजी करने पर था ध्यान

वैष्णवी की तैयारी का एक अहम हिस्सा मैच की स्थिति को समझना और हर गेंद के लिए स्पष्ट योजना बनाना था। उनका ध्यान केवल विकेट लेने के बजाय अपनी योजना के अनुसार गेंदबाजी करने और खेल के हर पल पर ध्यान केंद्रित रखने पर था। उन्होंने कहा,'मेरा सोचने का तरीका यही था कि हमने जो योजना बनाई है, उसे सही तरीके से लागू करना है। पहले योजना के अनुसार गेंदबाजी करने पर ध्यान देना था। अगर उससे विकेट मिलते हैं तो अच्छी बात है। इसके अलावा मैं खेल का आनंद लेना और वर्तमान स्थिति पर ध्यान देना चाहती थी।' उन्होंने कहा कि खेल को जितना बेहतर समझेंगी, उतना ही फायदा मिलेगा। इसी कारण उनका ध्यान इस बात पर था कि मैच की स्थिति क्या है और बल्लेबाज आगे क्या करने की कोशिश कर सकता है।

मंधाना ने जताई वैष्णवी की सफलता पर खुशी

भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम के शानदार प्रदर्शन पर संतुष्टि जताई। उन्होंने खास तौर पर गेंदबाजों की तारीफ की, जिन्होंने जिम्बाब्वे को 131 रन पर रोक दिया। वैष्णवी के पांच विकेट लेने से भी वह काफी खुश थीं। मंधाना ने कहा,'तीनों वनडे जीतना और अगले विश्व कप के लिए चैंपियनशिप अंक चक्र की अच्छी शुरुआत करना शानदार रहा। मैं गेंदबाजों के प्रदर्शन से बहुत खुश हूं, जिन्होंने विपक्षी टीम को 131 रन पर रोक दिया। वैष्णवी ने पांच विकेट लिए और मुझे उनकी इस उपलब्धि से बहुत खुशी हुई।' उन्होंने कहा कि भारतीय टीम का लक्ष्य पूरी शृंखला में अपना दबदबा बनाए रखना था और खिलाड़ियों के बीच इस बारे में चर्चा भी हुई थी। मंधाना के अनुसार पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच को छोड़कर टीम ने बाकी मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन किया।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article