स्पोर्ट्स

US Open 2024 Final: डोपिंग मामले में दोष मुक्त होने वाले सिनर ने जीता यूएस ओपन का खिताब, इस देश के खिलाड़ी को सीधे सेटों में दी शिकस्त

US Open 2024 Final, Yannick Sinner vs Taylor Fritz: डोपिंग मामले में दोष मुक्त होने वाले दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी यानिक सिनर ने यूएस ओपन के खिताब पर कब्जा जमाया। टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में यानिक सिनर का सामना अमेरिका के टेलर फ्रिट्ज से हुआ। इस मुकाबले में सिनर ने फ्रिट्ज को सीधे सेटों में शिकस्त देकर चैम्पियन बने।

Image

ट्रॉफी के साथ यानिक सिनर। (फोटो- Jannik Sinner X)

Photo : Twitter

US Open 2024 Final, Yannick Sinner vs Taylor Fritz: पिछले दिनों डोपिंग मामले में दोष मुक्त होने वाले दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी यानिक सिनर ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए अमेरिका के टेलर फ्रिट्ज को सीधे सेटों में हराकर अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में पुरुष एकल का खिताब जीता। सिनर ने आर्थर ऐश स्टेडियम में खेले गए फाइनल में 12वीं वरीयता प्राप्त फ्रिट्ज के खिलाफ अपने बेसलाइन के खेल का शानदार नमूना पेश किया और 6-3, 6-4, 7-5 से जीत दर्ज करके अमेरिका का वर्ष के इस अंतिम ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में पुरुष एकल का खिताब जीतने का पिछले 21 वर्षों से चला आ रहा इंतजार बढ़ा दिया।

इटली के 23 वर्षीय सिनर ने कहा, ‘मेरे लिए यह ट्रॉफी काफी मायने रखती है क्योंकि मेरे करियर का पिछला कुछ समय काफी मुश्किल भरा था।’ सिनर के करियर का यह दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब है। उन्होंने इस साल के शुरू में ऑस्ट्रेलियाई ओपन में भी पुरुष एकल की ट्रॉफी जीती थी। फ्रिट्ज के पास अमेरिका का इंतजार खत्म करने का मौका था लेकिन फाइनल में उनकी सिनर के सामने एक नहीं चली जिससे दर्शक काफी मायूस हुए। एंडी रोडिक अमेरिका के आखिरी खिलाड़ी थे जिन्होंने अमेरिकी ओपन में पुरुष एकल का खिताब जीता था। उन्होंने 2003 में यहां ट्रॉफी जीती थी। फ्रिट्ज पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के फाइनल में खेल रहे थे। वह 2009 के बाद किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने वाले अमेरिका के पहले पुरुष खिलाड़ी थे। उनसे पहले ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में पहुंचने वाले आखिरी खिलाड़ी भी रोडिक थे जो 2009 में विंबलडन में रोजर फेडरर से हार गए थे।

फ्रिट्ज़ ने कहा,‘अमेरिकी ओपन के फाइनल में किसी अमेरिकी का होना अविश्वसनीय है। मुझे पूरे सप्ताह दर्शकों का भरपूर समर्थन मिला। इसके लिए मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं।’ उन्होंने कहा,‘मैं जानता हूं कि हम लंबे समय से चैंपियन का इंतजार कर रहे हैं। इसलिए मुझे अफसोस है कि मैं इस बार यह इंतजार खत्म नहीं कर पाया। लेकिन मैं अपना प्रयास जारी रखूंगा और उम्मीद है कि अगले साल इसे खत्म करने में सफल रहूंगा।’ दुनिया को 20 अगस्त को पता चला कि सिनर को इस साल मार्च में एनाबॉलिक स्टेरॉयड के लिए आठ दिनों के अंतराल में दो बार पॉजिटिव पाया गया था लेकिन वह यह साबित करने में सफल रहे कि उन्होंने अनजाने में इसका उपयोग किया था जिसके कारण उन्हें खेलने की मंजूरी मिल गई थी।

सिनर ने मैच में शुरू से दबदबा बनाए रखा और दर्शकों के चहेते फ्रिट्ज़ को कोई मौका नहीं दिया। अमेरिकी खिलाड़ी ने हालांकि तीसरे सेट में कड़ी चुनौती पेश की। इस सेट में एक समय स्कोर 3-3 से बराबर था। सिनर ने यहां पर डबल फॉल्ट किया जिसका फायदा उठाकर फ्रिट्ज़ 4-3 से आगे हो गए। इटली के खिलाड़ी ने हालांकि वापसी करने में देर नहीं लगाई तथा यह सेट और मैच जीतकर पहली बार अमेरिकी ओपन चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article