वायरल न्यूज़

VIDEO: कुत्तों के भौंकने और लोगों के शोर से परेशान हुआ तेंदुआ, बचने के लिए ऊंचे नारियल के पेड़ पर जा बैठा

कुत्तों के भौंकने और लोगों के शोर से परेशान होकर एक तेंदुआ ऊंचे नारियल के पेड़ पर चढ़ गया। जिसका वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

Image

पेड़ पर बैठा तेंदुआ (X/@AmitSUpadhye)

सोशल मीडिया (Social Media) पर आए दिन जानवरों के अजीबोगरीब वीडियो (Video) देखने को मिलते हैं। कई बार इन वीडियो में कुछ ऐसा दिखाई देता है, जिसे देखकर लोग हैरान रह जाते हैं। इन दिनों कर्नाटक के तुमकूरु जिले से सामने आया एक तेंदुए का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक तेंदुआ नारियल के ऊंचे पेड़ पर बैठा नजर आ रहा है। आसपास लोगों की भीड़ और कुत्तों के भौंकने की आवाज के बीच वह कुछ देर तक पेड़ पर बैठा रहता है। इसके बाद वह अचानक नीचे छलांग लगाकर वहां से भाग जाता है।

नारियल के पेड़ पर बैठा दिखा तेंदुआ

वायरल वीडियो (Viral Video) के कैप्शन में दी गई जानकारी के मुताबिक, यह घटना कर्नाटक के तुमकूरु तालुक के थिम्मसंद्रा गांव के पास हुई। यह इलाका तुमकूरु विश्वविद्यालय के ज्ञानसिरी कैंपस के नजदीक है। बताया जा रहा है कि तेंदुआ भोजन की तलाश में गांव के पास पहुंचा था। इस दौरान उसने एक मुर्गी का शिकार किया। तभी वहां मौजूद कुत्ते भौंकने लगे। कुत्तों और लोगों की हलचल से बचने के लिए तेंदुआ नारियल के पेड़ पर चढ़ गया। पेड़ पर बैठा तेंदुआ आसपास के माहौल पर नजर रखता दिखाई देता है। कभी वह कैमरे की तरफ देखता है, तो कभी इधर-उधर देखने लगता है। नीचे लोगों की आवाजाही और कुत्तों के भौंकने के बीच वह काफी सतर्क दिख रहा है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

रेस्क्यू से पहले ही जंगल की ओर भागा

तेंदुए को पेड़ पर बैठा देखकर स्थानीय लोगों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी। इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान की तैयारी करने लगी लेकिन इससे पहले कि अधिकारी तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू करते, वह खुद ही पेड़ से नीचे कूद गया। इसके बाद तेंदुआ तेजी से वहां से निकलकर जंगल की ओर चला गया। इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर कुछ लोगों ने अपने अकाउंट से शेयर किया है। हमने यह वीडियो अमित उपाध्ये नाम के यूजर के अकाउंट (@AmitSUpadhye) से लिया है।

तेंदुआ दिखे तो क्या करें?

अगर किसी इलाके में तेंदुआ दिखाई दे, तो उसके पास जाने, शोर मचाने या उसे घेरने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। कुत्तों और दूसरे पालतू जानवरों को भी दूर रखना चाहिए। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना देना ही सबसे सही फैसला है।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article