स्पोर्ट्स

FIDE World Cup: फ्रेडरिक स्वेन से हारकर विश्व चैंपियन डी गुकेश हुए विश्व कप से बाहर

मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश को फिडे वर्ल्ड कप के तीसरे दौर में जर्मनी के फ्रेडरिक स्वेन ने मात देकर फिडे वर्ल्ड कप से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। वहीं अर्जुन एरिगैसी और आर. प्रज्ञानानंदा अंतिम-32 चरण में पहुंचने में सफल रहे।

Image

डी गुकेश और फ्रेडरिक स्वेन (फोटो क्रेडिट FIDE World Cup 2025)

पणजी (गोवा): विश्व चैंपियन डी. गुकेश शनिवार को जर्मनी के फ्रेडरिक स्वेन से तीसरे दौर का मैच हारकर शतरंज विश्व कप से बाहर हो गए, जबकि अर्जुन एरिगैसी और आर. प्रज्ञानानंदा अंतिम-32 चरण में पहुंचने में सफल रहे। गुकेश को तीसरे दौर की दूसरी बाजी में हार का सामना करना पड़ा। बेहतर रैंकिंग वाले अन्य भारतीय खिलाड़ियों में एरिगैसी और प्रज्ञानानंदा ने क्रमशः उज्बेकिस्तान के शमसिद्दीन वोखिदोव और आर्मेनिया के रॉबर्ट होवहानिस्यान को हराकर अंतिम 32 में जगह बनाई।

इससे पहले भारतीय ग्रैंडमास्टर पी हरिकृष्णा और वी प्रणव दूसरे चरण की दूसरी बाजी में क्रमशः बेल्जियम के डेनियल दर्धा और लिथुआनिया के टिटास स्ट्रेमाविसियस को समान 1.5-0.5 अंकों से हराकर विश्व शतरंज कप के अंतिम 32 चरण में जगह बना ली। टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन करने वाले हरिकृष्णा कट बनाने वाले पहले भारतीय बने। दर्धा शुरुआती गेम में सफेद मोहरों से खेलने के बावजूद प्रभावित नहीं कर सके।

प्रणव ने भी काले मोहरों से स्ट्रेमाविसियस को बराबरी पर रोकने के बाद सफेद मोहरों से जीत दर्ज की। दिप्तयान घोष हालांकि अर्मेनिया के गैब्रियल सर्गिसियन के खिलाफ अपनी लय खोकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए। पिछले दौर में रूस के इयान नेपोमनियाची को हरने वाले इस खिलाड़ी ने पहले गेम में सफेद मोहरों से आसान ड्रॉ हासिल करने के बाद दिप्तयान दूसरे गेम में अपनी लय नहीं पकड़ पाए और 0.5-1.5 से हार गए।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article