स्पोर्ट्स

FIFA वर्ल्ड कप के नॉकआउट में अमेरिका अपने खराब इतिहास को बदलने उतरेगा, सामने होगी बोस्निया हर्जेगोविना

USA vs Bosnia And Herzegovina: अमेरिकी फुटबॉल टीम फीफा विश्व कप के नॉकआउट राउंड में अमूमन जगह बना लेता है लेकिन यहां से आगे बढ़ना उसके लिए टेढ़ी खीर रहा है। अब वह बुधवार को यहां बोस्निया हर्जेगोविना के खिलाफ होने वाले राउंड ऑफ 32 के मैच में यह मिथक तोड़ने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगा।

Image

यूएसए फुटबॉल टीम (X/USsoccermensnationalteam)

अमेरिका विश्व कप के नॉकआउट राउंड में अमूमन जगह बना लेता है लेकिन यहां से आगे बढ़ना उसके लिए टेढ़ी खीर रहा है। अब वह बुधवार को यहां बोस्निया हर्जेगोविना के खिलाफ होने वाले राउंड ऑफ 32 के मैच में यह मिथक तोड़ने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगा।

अमेरिका ने अब तक 12 विश्व कप खेले हैं जिसमें वह आठवीं बार नॉकआउट में पहुंचा है, लेकिन इस चरण में वह केवल एक बार ही जीत दर्ज कर पाया है। यह जीत भी उसे 24 साल पहले 2002 में मिली थी।

इस बार टूर्नामेंट में 48 टीम भाग ले रही हैं और इस कारण टीमों को क्वार्टर फाइनल में पहुंचने से पहले दो एलिमिनेशन राउंड से गुजरना होगा।

अमेरिका 1930 में उरुग्वे में खेले गए विश्व कप में सेमीफाइनल तक पहुंचा था जहां उसे अर्जेंटीना से हार का सामना करना पड़ा था। इटली में 1934 में खेले गए विश्व कप में सभी 16 टीम सीधे नॉकआउट में पहुंची थी। तब उसे मेजबान इटली ने हरा दिया था।

अमेरिका ने इससे पहले जब 1994 में विश्व कप की मेजबानी की थी, तब वह तीसरी बार नॉकआउट में पहुंचा था, लेकिन ब्राजील से हार गया था।दक्षिण कोरिया और जापान में 2002 में खेले गए विश्व कप में अमेरिका ने अंतिम 16 में जगह बनाई जहां उसे जर्मनी से हार झेलनी पड़ी थी।

अमेरिका 2010 में दक्षिण अफ्रीका में खेले गए विश्व कप में भी अंतिम 16 में जगह बनाने में सफल रहा था लेकिन घाना ने तब उसे आगे नहीं बढ़ने दिया। अमेरिका 2014 में ब्राजील में खेले गए विश्व कप के नॉकआउट में पहुंचा था लेकिन बेल्जियम को हराने में नाकाम रहा था। कतर में 2022 में खेले गए विश्व कप में भी वह ग्रुप चरण से आगे बढ़ने में सफल रहा लेकिन नीदरलैंड ने उसका सफर वहीं पर समाप्त कर दिया था। अमेरिका को उम्मीद होगी कि वह अपने घरेलू दर्शकों के अपार समर्थन के बीच नॉकआउट में अपने रिकॉर्ड में सुधार करने में सफल रहेगा।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article