india vs pakistan asia cup final: भारत ने एशिया कप फाइनल में अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेला और 147 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जब उन्होंने 20 रनों पर तीन विकेट खो दिए तो स्थिति यकीनन गंभीर थी। लेकिन बैट्समैन तिलक वर्मा ने अपनी सबसे महत्वपूर्ण पारियों में से एक खेली और भारत को पांच विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई । तिलक एशिया कप में अपने फॉर्म के साथ संघर्ष कर रहे थे लेकिन उन्होंने टूर्नामेंट के सबसे बड़े मैच के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। भारत लौटने के बाद तिलक का हैदराबाद में भव्य स्वागत किया गया।
एक मीडिया साक्षात्कार के दौरान तिलक ने एशिया कप फाइनल के बारे में कहा कि पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने उन्हें शब्दों से भटकाने की कोशिश की लेकिन वह शांत रहे और भारत के लिए जीतने पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने यह भी कहा कि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उन्हें बताया कि पाकिस्तान टीम भारतीय क्रिकेट टीम के मुकाबले कही भी नहीं है। पाकिस्तान ने मुझे भटकाने की कोशिश की, लेकिन यह खेल का हिस्सा है। मैं दबाव में शांत रहा।
टीम इंडिया खुलकर खेली
तिलक ने कहा कि आपरेशन सिंदूर के बाद वे हमारे खिलाफ काफी आक्रामक हो गए थे । हमने उन्हें खेल को जिस तरीके से खेला जाना चाहिये, वैसे ही खेलकर जवाब दिया । उन्होंने कहा कि हमने तीन विकेट जल्दी गंवा दिये थे और माहौल काफी गर्म हो गया था । मैं जल्दी बल्लेबाजी करने आ गया लेकिन मैने किसी को कुछ नहीं कहा और ना ही कोई खराब शॉट खेलकर टीम और देश को निराश किया ।
तिलक ने पारी को अपने कैरियर की सर्वश्रेष्ठ पारी बताया
भारत को आखिरी ओवर में दस रन चाहिये थे और तिलक ने कहा कि वह तब तक दबाव से ऊपर उठ चुके थे । तिलक ने कहा कि मुझ पर आखिरी ओवर में दबाव नहीं था । मुझे पता था कि मैं मैच जिता दूंगा । मैं अपने देश के बारे में ही सोच रहा था और गेंद दर गेंद रणनीति बना रहा था । मुझे गर्व है कि मैं यह कर सका । तिलक ने इस पारी को अपने कैरियर की सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक बताया ।
तिलक ने बताया अगला लक्ष्य
जीत के सूत्रधार तिलक की तुलना विराट कोहली से भी की गई लेकिन 22 वर्ष के इस बल्लेबाज ने कहा कि जब विराट भाई जैसे लीजैंड के साथ नाम लिया जाये तो यह गर्व की बात है लेकिन मेरा फोकस सिर्फ देश के लिये मैच जीतने पर है । मुझे खुशी है कि भारत को एशिया कप जिता सका । टी20 विश्व कप मेरा अगला लक्ष्य है और विश्व कप जीतने के बाद ही चैन से सो सकूंगा ।(भाषा इनपुट के साथ)
