क्रिकेट

मुंबई इंडियन्स का ऐलान, रोहित शर्मा होंगे IPL 2027 के लिए टीम के कप्तान

मुंबई इंडियन्स ने रोहित शर्मा को एक बार फिर टीम का कप्तान नियुक्त किया है। रोहित की कप्तानी में पांच खिताब जीतने वाली मुंबई पलटन पिछले 6 साल से खिताब नहीं जीत सकी है।

Image

रोहित शर्मा (फोटो क्रेडिट Mumbai Indians)

मुंबई: मुंबई इंडियन्स ने बड़ा कदम उठाते हुए रोहित शर्मा को आईपीएल 2027 के लिए टीम का कप्तान फिर से नियुक्त किया है। रोहित शर्मा साल 2013 से 2023 तक टीम के कप्तान रहे थे। हार्दिक पांड्या को साल 2024 में ट्रेड के जरिए टीम में शामिल करके मुंबई ने टीम की कमान उनके हाथ में सौंप दी थी।साल 2020 में आखिरी बार आईपीएल खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियन्स ने ट्रॉफी के 6 साल से सूखे को खत्म करने के लिए हिटमैन के हाथों में टीम की कमान फिर से सौंप दी है। रोहित की कप्तानी में मुंबई पांच बार चैंपियन बनी है उनके अलावा और कोई कप्तान उन्हें खिताबी जीत नहीं दिला सका।

नीता भाभी और आकाश के साथ हुई उत्साहजनक बातचीत

मुंबई इंडियंस की दोबारा कमान संभालने के बाद रोहित शर्मा ने कहा, 'मुंबई इंडियंस मेरे जीवन का एक अहम हिस्सा रही है। इस टीम की कप्तानी करने पर मुझे हमेशा से बहुत गर्व रहा है। आने वाले सीजन को लेकर नीता भाभी और आकाश के साथ हुई बातचीत काफी उत्साहजनक रही है, और मुझे पूरा भरोसा है कि हम बहुत कुछ हासिल कर सकते हैं। मैं 20वें सीजन के लिए तैयार हूं, आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हूं, और अपनी ‘पलटन’ को जश्न मनाने के कई मौके देने के लिए तैयार हूं। हमारा पूरा ध्यान अपने अंदाज में क्रिकेट खेलने, एक साथ मिलकर मुकाबला करने और खेल का आनंद लेने पर होगा।'

ऐसा रहा है रोहित शर्मा का आईपीएल में कप्तानी रिकॉर्ड

रोहित शर्मा ने 2013 से 2023 तक आईपीएल में 158 मैचों में कप्तानी की है, जिनमें से 87 मैच में टीम को जीत और 67 में हार मिली। वहीं चार मुकाबले 4 ड्रॉ रहे जिनका फैसला सुपर ओवर के जरिए हुआ। उनकी कप्तानी में टीम ने 5 आईपीएल खिताब (2013, 2015, 2017, 2019, 2020) जीते। साल 2021 से 2026 तक मुंबई लगातार छह सीजन खिताब जीतने में नाकाम रही है। ऐसे में मुंबई ने एक बार फिर अपने सबसे सफल और चैंपियन कप्तान पर भरोसा जताया है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article